
Oppo ने अपने अपकमिंग K-सीरीज स्मार्टफोंस को लेकर बड़ा ऐलान किया है। इसमें आने वाले Oppo K15 Pro और Oppo K15 Pro+ को 1 अप्रैल को चीन में लॉन्च किया जाएगा। खास बात यह है कि कंपनी ने इस बार K14 सीरीज को चीन में स्किप कर दिया है। जिससे लगता है कि यह नए फोन पिछले साल आए K13 Turbo और K13 Turbo Pro के सक्सेसर होंगे। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
कंपनी के टीजर्स से यह भी साफ हो गया है कि Oppo इस बार अपनी स्ट्रैटेजी में बदलाव कर रहा है। क्योंकि “Turbo” ब्रांडिंग की जगह “Pro” ब्रांडिंग का उपयोग हुआ है। यह उन ग्राहकों को टारगेट कर सकते हैं जो बढ़िया डिजाइन और परफॉरमेंस चाहते हैं। इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसका एक्टिव कूलिंग फैन हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार Oppo K15 Pro और Oppo K15 Pro+ दोनों में बिल्ट-इन कूलिंग फैन मिलेगा। जो लंबे गेमिंग सेशन के दौरान फोन को ओवरहीट होने से बचा सकेगा।
बिल्ट-इन कूलिंग फैन फीचर खासतौर पर मोबाइल गेमर्स के लिए शानदार साबित हो सकता है, क्योंकि इससे थर्मल थ्रॉटलिंग कम होगी और परफॉरमेंस लंबे समय तक स्टेबल मिल पाएगा।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो Oppo K15 Pro+ में 6.78-इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। जिसमें 2772 x 1272 पिक्सल रिजॉल्यूशन और 165Hz का हाई रिफ्रेश रेट मिल सकता है। यह फोन Dimensity 9500s चिपसेट के साथ आ सकता है, जिसकी टॉप क्लॉक स्पीड 3.73GHz बताई जा रही है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस दिया जा सकता है, जबकि सेल्फी के लिए 16MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है। इसके अलावा, इसमें 8,000mAh की बड़ी बैटरी देखने को मिल सकती है, जो इसे लंबे समय तक बैकअप दे सकती है।
यदि Oppo K15 Pro की बात करें तो यह थोड़े कॉम्पैक्ट डिजाइन के साथ आ सकता है। इसमें 6.59-इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जिसमें 165Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट हो सकता है। यह फोन Dimensity 8500 प्रोसेसर पर रन कर सकता है। जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 3.4GHz बताई जा रही है। कैमरा सेटअप Pro+ वैरियंट जैसा ही हो सकता है, जिसमें 50MP + 8MP का रियर और 16MP का फ्रंट कैमरा शामिल किया जा सकता है।
बैटरी के मामले में Oppo K15 Pro फोन भी दमदार साबित हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 7,500mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जबकि इसका वजन 200 ग्राम से कम रखा जा सकता है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद फोन की मोटाई करीब 8.3mm रखी जा सकती है। जो इसे स्लिम और प्रीमियम फील दे सकती है।
आगामी Oppo K15 Pro सीरीज मिड-रेंज में अपने तगड़े फीचर्स के साथ नए ऑप्शन के तौर पर ग्राहकों की पसंद बन सकती है। फोंस के एक्टिव कूलिंग फैन, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स इसे गेमिंग और पावर यूजर्स के लिए दमदार विकल्प बना सकते हैं। यदि आप इन्हें लेना चाहते हैं और चीन में हैं तो हम लॉन्च पर यानी 1 अप्रैल को इनका फुल अपडेट देंगे। वहीं, इनका इंडिया या ग्लोबल लॉन्च कब होगा इसकी जानकारी भी आगे सामने आ सकती है। इसलिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।














