
भारतीय स्मार्टफोन बाजार में आज के समय सभी मोबाइल फोन निर्माता कंपनियां एक दूसरे को पीछे छोड़ने की होड़ में लगी हुई हैं। चीन की कंपनी शाओमी और रियलमी आज इंडियन मार्केट में बजट स्मार्टफोन्स के अंदर एक दूसरे की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी हैं। वहीं, एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अब 50 करोड़ से ज्यादा लोग स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह साल 2018 के मुकाबले 15 फीसदी की बढ़ोतरी है।
रिसर्च फर्म techARC ने एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर 2019 तक इंडियन मार्केट में स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या 502.2 मिलियन (50.22 करोड़) पहुंच चुकी है। इसके अलावा साल 2019 में स्मार्टफोन बिक्री के मामले में सैमसंग टॉप पर रहा है।
सैमसंग का मार्केट शेयर सबसे ज्यादा 34 फीसदी रहा। इसके अलावा दूसरे नंबर पर शाओमी 20 फीसदी के साथ और वीवो तीसरे नंबर पर 9 फीसदी के साथ पहुंचा techARC के फाउंडर और चीफ ऐनालिस्ट फैजल कउसा के अनुसार ‘पिछले कुछ सालों से फीचर फोन यूजर्स कम संख्या में स्मार्टफोन की तरफ पहुंच रहे थे। वहीं, इस बार स्मार्टफोन की तरफ ज्यादा ग्राहक पहुंचे हैं।
इसी रिपोर्ट के अनुसार इंडिया में ज्यादातर यूजर्स अपना पहला स्मार्टफोन बेसिक सेग्मेंट (5001 से 10,000 रुपये तक) में खरीदना पसंद करते हैं। 2019 में कंपनियों के यूजर बेस की बात करें तो रियलमी के यूजर बेस में 49 फीसदी, वीवो के यूजर बेस में 44 फीसदी और वनप्लस के यूजर बेस में 41 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।


















