POCO M8 Power रिव्यू: परफॉर्मेंस ऐवरेज लेकिन पावर बैकअप है कमाल, लंबा साथ निभाएगा यह 5जी फोन

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/08/poco-m8-power-review.jpg

एक वक्त था जब बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोंस पाने के लिए अच्छी खासी रकम चुकानी पड़ जाती थी। लेकिन अब मिड बजट सेग्मेंट में ही तगड़े पावर बैकअप वाले मोबाइल आने लगे हैं। टेक ब्रांड पोको ने भी भारतीय बाजार में अपना ऐसा ही नया 5जी फोन POCO M8 Power लॉन्च किया है जो सिर्फ 24,999 रुपये में 8000mAh Battery देता है। यह मोबाइल हमारे पास भी रिव्यू के लिए आया और तकरीबन 2 सप्ताह इस्तेमाल करने के बाद हमने इसकी खूबी और खामियों को परखा। पोको एम8 पावर का यूजर एक्सपीरियंस कैसा रहा, यह सारा ब्यौरा हमने आगे फोन रिव्यू के तौर पर पेश किया है जिसे पढ़कर आप तय कर पाएंगे कि POCO M8 Power 5G फोन खरीदना फायदे का सौदा है या नहीं।

डिजाइन

POCO M8 Power मेरे हाथ में था और एक लड़के ने बोला, अरे.. iPhone 17 Pro Max! यह हूबहू तो आईफोन जैसा नहीं दिखता है लेकिन इसके Blaze Orange कलर मॉडल की लुक पहली झलक में कुछ ऐसी ही प्रीमियम लगती है। इसके रियर पैनल पर दिया गया बड़ा और उभरा हुआ कैमरा मॉड्यूल इसका मेन डिजाइन एलिमेंट है जो एम8 पावर को डिफरेंट और बोल्ड लुक देता है। कैमरा मॉड्यूल के भी तीन हिस्से हैं, एक में कैमरा लेंस और फ्लैश, एक में मेगापिक्सल डिटेल्स और एक में POCO की ब्रांडिंग लगी है।

ऑरेंज के साथ ही इस स्मार्टफोन को Black और Green कलर में भी लाया गया है। फोन के बैक पैनल पर मैट फिनिश दी गई है जो इसपर उंगलियों के निशान नहीं पड़ने देती है और साफ-सुथरी लुक बनाए रखती है। मोबाइल के राइट फ्रेम पर वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है, वहीं लोवर फ्रेम पर यूएसबी पोर्ट, स्पीकर और सिल स्लॉट मौजूद है। बताते चलें कि इस मोबाइल की थिकनेस 8.4mm और वजन 225 ग्राम है।

पोको ने इस मोबाइल में राउंड कॉर्नर बनाए हैं और बैक पैनल भी साइड फ्रेम की ओर हल्का कर्व है। इसका फायदा फोन ग्रिप में होता है। यह स्मार्टफोन साइज में बड़ा है लेकिन हाथ में पकड़ने पर ज्यादा अनकम्फर्टेबल फील नहीं होता है। हॉं, वन हैंड यूज़ में भी नोटिफिकेशन बार तक पहुंचने में कुछ मशक्कत करनी पड़ती है। वहीं छोटे हाथ वाले यूजर्स को इसके साथ एडजस्ट करने में थोड़ा वक्त लग सकता है।

पोको एम8 प्रो की बिल्ड क्वालिटी प्रैक्टिकल रखी गई है। कंपनी ने रियर पैनल और फ्रेम को पॉलीकार्बेनेट मटेरियल पर बनाया है जब्कि फ्रंट पर स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए Gorilla Glass 7i की लेयर चढ़ाई गई है। वहीं मोबाइल को धूल और पानी से बचाने के लिए IP65 रेटिंग दी गई है। POCO M8 Power को ऐवरेज डिजाइन वाला फोन कहा जाएगा लेकिन इसका रियर कैमरा सेटअप लोगों को ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब होता है।

डिस्प्ले

पोको एम8 पावर 5जी फोन में 2396 × 1080 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.9-इंच की बड़ी फुलएचडी+ स्क्रीन दी गई है। यह पंच-होल स्टाइल वाली डिस्प्ले है जिसे AMOLED पैनल पर बनाया गया है। इस फोन स्क्रीन पर 120Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 1800nits पीक ब्राइटनेस आउटपुट प्राप्त होता है। कंपनी ने इसे TUV सर्टिफाइड आई केयर फीचर्स से लैस किया है जो बहुत देत तक फोन चलाने पर आंखों को नुकसान पहुंचने से बचाती है। यह पोको 5जी फोन ऑप्टिकल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी सपोर्ट करता है।

तकरीबन 7 इंच की स्क्रीन और वो भी एमोलेड! दोनों का मेल वाकई में शानदार व्यूइंग एक्सपीरियंस प्रदान करता है। बड़ी डिस्प्ले पर यूट्यूब वीडियो चलाने और ओटीटी पर कंटेंट देखने में मजा आता है। कलर्स पंची दिखते हैं, ब्लैक भी डीप नजर आता है और पिक्चर क्वालिटी वाइब्रेंट रहती है। वहीं आउटडोर विजिबिलिटी भी POCO M8 Power में परफेक्ट रहती है। तेज धूप में फोन चलाने पर दिक्कत नहीं होती है और वीडियोज़ के साथ-साथ टेक्स्ट भी क्लियर दिखते हैं।

120Hz रिफ्रेश रेट के चलते स्क्रॉलिंग स्मूथ रहती है और फोन चलाने में स्लो ऑपरेशन जैसा अहसास नहीं होता है। पोको ने इस फोन में HDR सपोर्ट नहीं दिया है। इस कमी के चलते कुछ एचडीआर सपोर्टेड OTT कंटेंट यूजर्स को नहीं मिल सकेंगे। कुल मिलाकर पोको एम8 प्रो का डिस्प्ले एक्सपीरियंस अच्छा लगता है। बड़े साइज की AMOLED स्क्रीन पर मल्टीमीडिया एक्सपीरियंस मजेदार रहता है।

बैटरी

POCO M8 Power की सबसे बड़ी खासियत इसमें लगी ताकतवर 8000mAh battery है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज करने के बाद यह मोबाइल नॉर्मल यूज में 3 दिन तक काम कर सकता है। वहीं 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इस फोन का PCMark battery बेंचमार्क टेस्ट स्कोर 15 घंटे, 56 मिनट का आ चुका है। पोको एम8 पावर 5जी फोन को 5 साल की बैटरी हेल्थ के साथ लाया गया है।

अगर रियल लाइफ यूज़ की बात करें तो पोको एम8 पावर की बड़ी बैटरी वाकई में लंबा साथ निभाती है। हमने इस फोन को रात में फुल चार्ज किया था जिसके बाद इसने अगली रात भी निकाल दी और फिर उससे अगले दिन तकरीबन दोपहर 11 बजे तक बिना रूके काम करता है। इस दौरान हमने फोन का रेगुलर इस्तेमाल किया जिसमें कॉलिंग, व्हाट्सऐप चैटिंग और इंस्टाग्राम स्क्रॉलिंग शामिल थी। यानी अगर आप फोन में गेमिंग नहीं करते हैं तो एक बार चार्ज करने के बाद बिना लो बैटरी टेंशन के इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं गेमिंग सेशन में इस फोन की बैटरी कितनी ड्रॉप हुई इसका टेस्ट स्कोर आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

गे​म बैटरी ड्रॉप (30 मिनट) बैटरी ड्रॉप (40 मिनट) टेम्परेचर राइज (30 मिनट)
COD:M 5% 6% 4.4 डिग्री
BGMI 5% 7% 4.9 डिग्री

मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए पोको एम8 पावर को 45W फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। हमारी टेस्टिंग में इस स्मार्टफोन को 20% से 100% फुल चार्ज होने में 77 मिनट का समय लगा। वहीं इस फोन को खरीदने वाले यूजर्स को एक एक्स्ट्रा फायदा यह भी होगा कि इस मोबाइल में 22.5W reverse चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा। यानी जरूरत पड़ने पर POCO M8 Power से दूसरे फोन को भी चार्ज किया जा सकेगा।

परफॉर्मेंस

POCO M8 Power 5G फोन में प्रोसेसिंग के लिए Qualcomm Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट दिया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं परफॉर्मेंस को स्टेबल रखने के लिए इस मोबाइल में 10,416mm स्क्वायर का graphite cooling एरिया दिया गया है। यह पीक परफॉर्मेंस के दौरान थ्रॉ​टलिंग को कम करने में मदद करता है। फोन प्रोसेसर की क्षमता को परखने के लिए हमने इसमें कुछ बेंचमार्क टेस्ट किए ​जिनका रिजल्ट आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

बेंचमार्क टेस्ट स्कोर
एनटूटू 6,19,773
गीकबेंच सिंगल-कोर 955
गीकबेंच मल्टी-कोर 2,333
पीसीमार्क परफॉर्मेंस 11,501
बर्नआउट टेस्ट 63.8%

स्नेपड्रैगन 4 जेन 4 एक ऐवरेज मिडरेंज प्रोसेसर है जिसे परफॉर्मेंस फोकस्ड नहीं माना जाता है। लेकिन फिर भी इस फोन को चलाते वक्त हमें लैग या हैंग जैसी समस्या नहीं देखने को मिली। डेली टास्क में यह स्मार्टफोन बिना स्लो हुए परफेक्ट काम करता है और सोशल मीडिया, वेब ब्राउजिंग, चैटिंग व कुछ गेमिंग सेशन आसानी से हैंडल कर लेता है। हमने फोन का औसत इस्तेमाल किया और पोको एम8 प्रो से कोई शिकायत नहीं मिली। वैसे इस मोबाइल से फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस की उम्मीद करना और इसे गेमिंग फोन समझना सही नहीं होगा।

पोको एम8 पावर 5जी फोन में LPDDR4X RAM लगाई गई है जो यह स्मार्टफोन में मल्टीटास्किंग को स्मूथ और लैगफ्री बनाए रखने में मदद करती है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में हमें ऐप ओपनिंग या स्वीचिंग सहित किसी भी तरह से इंटरफेस टास्क में कोई लैग नहीं मिला। फोन में लगे बड़े कूलिंग एरिया से इस मोबाइल को ठंडा रहने में मदद मिलती है जिसका सीधा असर प्रोसेसिंग को स्टेबल रखने में दिखता है। हालांकि लगातार हैवी गेमिंग फोन हीट का कारण बन सकती है। पोको ने अपने इस फोन को 48 महीने के लैग फ्री एक्सपीरियंस के साथ पेश किया है।

यह पोको 5जी फोन एंड्रॉयड 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है। हायपरओएस 3 का इंटरफेस काफी ​क्लीन और स्मूथ नजर आता है। डेली यूज में सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस में ज्यादा उलझन महसूस नहीं होती है और ये ओवरॉल सही लगता है। कंपनी इसे 4 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और सिक्योरिटी अपडेट के साथ लेकर आई है। वहीं Circle to Search जैसे एआई फीचर्स फोन यूज को फायदेमंद बनाते हैं।

कैमरा

फोटोग्राफी के लिए POCO M8 Power में डुअल रियर कैमरा दिया गया है। मोबाइल के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा लगाया गया है जो Light Fusion 400 सेंसर है। इसके साथ सेकेंडरी डेप्थ सेंसर मौजूद है। कैमरा कॉन्फिगरेशन देखकर कहा जा सकता है कि पोको ने अपने डिवाइस में फोन फोटोग्राफी को सबसे बड़ी प्रायोरिटी नहीं बनाया है। यह डेली लाइफ में नॉर्मल फोटोग्राफी करने वाला कैमरा है जो किसी DSLR की ​क्वालिटी तो नहीं देगा लेकिन हॉं, यूजर्स की जरूरत जरूर पूरी कर देगा।

Daylight कंडीशन में पोको एम8 पावर डिसेंट फोटोज़ कैप्चर करता है। दिन की रोशनी में कलर वायब्रेंट दिखते हैं और एक्सपोज़र भी काफी सही बना रहता है। हालांकि दोपहर की तेज धूप में फोटो खींचने पर हमें कुछ जगह ओवरएक्सपोज जैसी प्रॉब्लम भी देखने को मिली। लेकिन ये अधिकतर ऐसी फोटोज़ थी जिनमें आसमान या फिर तेज कॉन्ट्रास्ट वाले एरिया फ्रेम में मौजूद थे। यहां हमें शैडो में भी पर्याप्त डार्क देखने को नहीं मिला।

Portrait फोटोग्राफी में भी पोको एम8 पावर अपने बजट और मेगापिक्सल की क्षमता के अनुरूप सही काम कर लेता है। फोरग्राउंड और बैकग्राउंड को अच्छे से अलग दिखाया जा सकता है और यह मोबाइल ऐज डिटेक्शन भी ठीक तरीके से जज कर लेता है। कुछ-कुछ जगहों पर सब्जेक्स के बाल या कपड़े के किनारें भी बोका इफेक्ट में शामिल हो जाते हैं लेकिन यह कोई अनएक्सपेक्टेड बात नहीं है।

पोको एम8 प्रो से खींची गई फोटो प्रोसेसिंग के बाद सोशल मीडिया रेडी दिखती हैं। यह मोबाइल फोटोज़ को बहुत ज्यादा ‘नकली’ वाली फील भी नहीं देता है, पिक्चर काफी हद तक नेचुरल ही नजर आती है। स्कीन टोन और अन्य कलर्स की एक्यूरेसी काफी सही है। हालांकि फोन की खींची गई फोटोज़ को ज़ूम करने के बाद क्वालिटी कॉम्प्रोमाइज हो जाती है और डिटेलिंग में कमी साफ झलकती है।

Night photography में भी यह स्मार्टफोन बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं करती है। रात में खींची गई फोटो में नॉइज़ देखा जा सकता है। फोटोज़ कम वायब्रेंट हो जाती है और डिटेलिंग भी कुछ सॉफ्ट नजर आती हैं। वहीं अगर दूर से खींची गई फोटोज़ में लाइट ग्लेयर ज्यादा आते हैं। पोको एम8 प्रो की नाइट फोटोग्राफी को औसत दर्जे की ही कहा जाएगा जो यूजर्स को शायद प्रभावित नहीं करेगी।

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए POCO M8 Power 5G फोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। इस फोन से खींची गई फोटोज़ को बुरा नहीं कहा जाएगा। अगर अच्छी लाइटिंग कंडीशन में फोटो खींची जाती है तो ब्राइटनेस, कॉन्ट्रास्ट और कलर्स का तालमेल सही बैठता है। डायनामिक रेंज और डिटेलिंग बहुत ज्यादा इम्प्रैस नहीं करती है लेकिन फिर भी सेल्फी कैमरा से सोशल मीडिया रेडी फोटोग्राफी मिल जाती है।

निष्कर्ष

यह बात साफ है कि पोको ने अपने इस फोन को हार्डकोर गेमिंग या हैवी परफॉर्मेंस के लिए पेश नहीं किया है। पोको एम8 पावर की मेन यूएसपी इसकी बड़ी बैटरी और डिस्प्ले है और ब्रांड ने इस मोबाइल को ‘Power your binge’ टैगलाइन के साथ ही प्रोमोट किया है। यह लाइन फोन पर स​टीक बैठती है। अगर आप इंटरनेट ब्राउजिंग, रील्स स्क्रॉलिंग या ओटीटी देखने का शौक रखते हैं तो POCO M8 Power आपके काम आएगा। बैटरी और डिस्प्ले मिलकर इंटरनेट को मजेदार बनाते हैं।

फोन की बड़ी बैटरी को बार-बार चार्ज करने का झंझट नहीं है। एक बार फुल चार्ज के बाद पूरे दिन का काम आराम से हो सकता है। वहीं बड़ी एमोलेड स्क्रीन पर कंटेंट देखने में भी मजा आता है। परफॉर्मेंस की ही बात करें तो नॉर्मल डेली टास्क में यूजर्स को कोई समस्या नहीं होगी। बस लगातार गेमिंग करने से थोड़ा बचना होगा। यूं तो फोन स्लो फील नहीं होता है लेकिन चिपसेट पर ज्यादा लोड डालने से इसपर असर पड़ सकता है।

मोबाइल का कैमरा भी औसत है। ऐसा नहीं है कि इसकी क्वालिटी खराब कही जाएगी, लेकिन फोन फोटोग्राफी का शौक रखने वाले लोगों को इससे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। 25 हजार का 5जी फोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों को पोको एम8 पावर पसंद आ सकती है। फोन की पावर इसकी बैटरी और डिस्प्ले है। वहीं बेहतर प्रोसेसिंग के​ लिए इस फोन की ही प्राइस कैटेगरी वाले OnePlus Nord CE 6 Lite, Infinix Note Edge और Nothing Phone (3a) Lite जैसे विकल्प भी चेक किए जा सकते हैं।