Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition भारत में लॉन्च, 200MP कैमरा के साथ देखें लुक और खूबियां

Realme ने भारत अपने Realme 16 Pro 5G का Harry Potter Edition लॉन्च कर दिया है। यह रेगुलर मॉडल का लिमिटेड एडिशन है। जिसे Harry Potter फ्रेंचाइजी से प्रेरित खास डिजाइन और सॉफ्टवेयर कस्टमाइजेशन के साथ लॉन्च किया गया है। फोन के हार्डवेयर और फीचर्स पूर्व में आए Realme 16 Pro जैसे ही हैं, लेकिन इसके डिजाइन, यूआई थीम और रिटेल पैकेजिंग में Harry Potter का खास टच मिलता है। आइए, आगे फुल डिटेल्स जानते हैं।
Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition की कीमत और उपलब्धता
Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition की भारत में कीमत 62,999 रुपये रखी गई है। यह कीमत फोन के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले सिंगल वैरियंट की है। फोन को Magic Brown कलर में पेश किया गया है। इसकी सेल Flipkart के साथ अन्य रिटेल स्टोर्स के जरिए होगी।
फोन को एक खास Hogwarts थीम वाली लिमिटेड-एडिशन गिफ्टिंग बॉक्स पैकेजिंग में पेश किया गया है। बॉक्स में Hogwarts का एक्सेप्टेंस लेटर, ट्रेन टिकट, Hogwarts Crests वाले बुकमार्क और कैरेक्टर पोस्टकार्ड शामिल हैं। फोन के साथ Hogwarts लोगो वाला खास फोन केस और एक फोन पिन भी दिया गया है।
Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition डिजाइन
Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition में ब्राउन लेदर फिनिश के साथ बैक पर Argyle टेक्सचर दिया गया है। जो Wizard Chess से प्रेरित है। बैक पैनल के सेंटर में Hogwarts Crest और Harry Potter वर्डमार्क नजर आता है। कैमरा मॉड्यूल का डिजाइन भी खास है। जो Harry Potter की दुनिया के कैरेक्टर Hedwig से लिया गया है। कैमरा लेंस को Hedwig की आंखों जैसा लुक दिया गया है।
फोन के सॉफ्टवेयर में भी Harry Potter थीम देखने को मिलती है। इसमें Crest डिजाइन वाले 3D एम्बॉस्ड आइकन दिए गए हैं। उदाहरण के लिए Theme Store के आइकन में Sorting Hat और Calculator ऐप के लिए Platform Nine और Three-Quarters का सिंबल दिया गया है। यूजर्स को Harry Potter थीम वाले खास वॉलपेपर भी मिलते हैं।
Realme 16 Pro 5G के स्पेसिफिकेशंस
Harry Potter Edition में सामान्य Realme 16 Pro 5G वाले ही स्पेसिफिकेशंस मिलते हैं। फोन में 6.78 इंच का डिस्प्ले है। जिसका रिजॉल्यूशन 1,272 x 2,772 पिक्सल है। डिस्प्ले 144Hz रिफ्रेश रेट, 450ppi पिक्सल डेंसिटी और 1,400 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है।
परफॉरमेंस के लिए फोन में 4nm MediaTek Dimensity 7300 Max 5G चिपसेट दिया गया है। इसके साथ Arm Mali G615 GPU मिलता है। फोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली हुई है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Realme 16 Pro 5G में 200MP का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। जिसका अपर्चर f/1.8 है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
पावर बैकअप के लिए Realme 16 Pro 5G में 7,000mAh की Titan बैटरी दी गई है, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है।