
Realme ने आज टेक मंच पर अपनी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए नया 5G फोन पेश कर दिया है। रियलमी ने इस फोन को यूरोप में लॉन्च किया है जिसने अंर्तराष्ट्रीय बाजार में Realme 7 5G नाम के साथ एंट्री ली है। यह फोन लुक और स्पेसिफिकेशन्स के मामले में काफी हद तक सितंबर महीने में इंडिया में लॉन्च हुआ रियलमी 7 स्मार्टफोन जैसा है जो 5जी कनेक्टिविटी के साथ आया है। रियलमी ने अपना फोन लॉन्च करते हुए दावा किया है कि यह नया रियलमी 7 यूरोपियन बाजार में मौजूद सबसे सस्ते 5जी स्मार्टफोंस में से एक है।
लुक व डिजाईन
Realme 7 5G को बेजल लेस पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किय गया है। फोन के तीन किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा चिन पार्ट दिया गया है। स्क्रीन के उपरी बाईं ओर सेल्फी कैमरे से लैस पंच-होल मौजूद है। फोन के दाएं पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड पावर बटन दिया गया है तथा बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर व सिम स्लॉट मौजूद है। रियलमी 7 5जी के पैनल पर क्वॉड रियर कैमरा मौजूद है जो उपरी बाई ओर बने स्क्वायर शेप में स्थित है।
फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स
Realme 7 5G को 2400 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की फुलएचडी+ एलसीडी पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। फोन की स्क्रीन 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 180हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट पर काम करती है। यह नया रियलमी 7 स्मार्टफोन एंडरॉयड 10 आधारित रियलमी यूआई पर लॉन्च हुआ है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक डायमनसिटी 800यू चिपसेट पर रन करता है। इसी तरह ग्राफिक्स के लिए इस फोन में माली-जी57 एमसी3 जीपीयू दिया गया है।
फोटोग्राफी के लिए रियलमी 7 5जी फोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 2 मेगापिक्सल का ही ब्लैक एंड व्हाईट लेंस सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन के फ्रंट पैनल पर 16 मेगापिक्सल का पंच-होल कैमरा दिया गया है।
Realme 7 5G डुअल सिम फोन है जो डुअल मोड 5जी के साथ ही 4जी एलटीई भी सपोर्ट करता है। रियलमी ने अपने नए फोन को डॉल्बी एटमॉस और हाईरेज आडियो तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह फोन 30वॉट फास्ट चार्जिग तकनीक से लैस 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है।
रियलमी 7 5जी फोन यूरोप में एक ही वेरिएंट में लॉन्च हुआ है जो 6 जीबी की रैम मैमोरी सपोर्ट करता है। इस फोन में 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी के जरिये 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। कीमत की बात करें तो यूरोपियन मार्केट में यह फोन EUR 279 में लॉन्च हुआ है जो भारतीय करंसी अनुसर 24,500 रुपये के करीब है।























