
Realme ने एक बार फिर भारत में अपने बजट 5G स्मार्टफोन Realme C83 5G की कीमत बढ़ा दी है। खास बात यह है कि कंपनी ने अप्रैल 2026 में भी इस फोन की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। वहीं, अब मई में प्राइस हाइक किया गया है। नई कीमतें 12 मई 2026 से लागू कर दी गई हैं। कंपनी का कहना है कि मेमोरी, चिपसेट और पूरे स्मार्टफोन इकोसिस्टम की बढ़ती लागत की वजह से यह फैसला लिया गया है। आइए, आगे नया प्राइस और खूबियां देखते हैं।
लेटेस्ट प्राइस अपडेट के अनुसार Realme C83 5G के सभी वैरियंट अब 1,000 रुपये और महंगे हो गए हैं। यानी अप्रैल में हुए प्राइस हाइक के बाद मई में फिर से कीमतें बढ़ा दी गई हैं। ऐसे में कुल मिलाकर 2,000 तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
Realme C83 5G फोन के 4GB रैम + 64GB स्टोरेज मॉडल की बात करें तो अप्रैल में इसकी कीमत 14,499 से बढ़ाकर 15,499 की गई थी। वहीं, अब मई में फिर 1,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह मॉडल 16,499 रुपये में मिलेगा। वहीं, 4GB रैम + 128GB वैरियंट, जो पहले 16,499 का था और अप्रैल में 17,499 रुपये में मिल रहा था यह अब 18,499 रुपये में उपलब्ध होगा। इसके अलावा 6GB रैम +128GB स्टोरेज मॉडल 18,499 रुपये का था, जिसे अप्रैल में 19,499 रुपये में सेल किया जा रहा था यह अब मई में दूसरी बार बढ़ोतरी के बाद 20,499 रुपये का हो गया है।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो Realme C83 5G में 6.7-इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz एडैप्टिव रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन में AI Outdoor Mode भी मिलता है, जो धूप में बेहतर विजिबिलिटी के लिए ब्राइटनेस, वॉल्यूम और नेटवर्क रिस्पॉन्स को ऑटोमैटिक तरीके से एडजस्ट करता है।
परफॉरमेंस के लिए Realme C83 5G स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। यह 6nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर आधारित चिपसेट है, जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड वाले Cortex-A76 कोर के साथ आता है। फोन में LPDDR4X RAM और 128GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। साथ ही Dynamic RAM Expansion फीचर की मदद से RAM को वर्चुअली बढ़ाया भी जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए Realme C83 5G में 13-मेगापिक्सल AI रियर कैमरा दिया गया है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन Live Photo जैसे फीचर्स को भी सपोर्ट करता है।
बैटरी Realme C83 5G फोन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। Realme C83 5G में 7000mAh की बड़ी Titan बैटरी दी गई है। यह 15W चार्जिंग और 5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि फोन लंबे समय तक बैकअप देने में सक्षम है।
Realme C83 5G फोन में Military-Grade Shock Resistance और IP64 रेटिंग भी दी गई है, जिससे यह धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रहता है। इसके अलावा डिवाइस में बड़ा VC Cooling System भी मिलता है, जो लंबे समय तक बेहतर परफॉरमेंस बनाए रखने में मदद कर सकता है।
लगातार कीमत बढ़ने के बाद Realme C83 5G ज्यादा महंगा लग सकता है। ऐसे में आप इस बजट में Samsung, Lava और Tecno जैसे ब्रांड्स के दूसरे विकल्पों भी देख सकते हैं।














