
Redmi ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि कंपनी इस महीने के आखिर तक अपना नया गेमिंग-फोकस स्मार्टफोन Redmi K90 Ultra लॉन्च करेगी। यह स्मार्टफोन Redmi K90 सीरीज का नया मॉडल होगा। कंपनी इसे उन यूजर्स के लिए ला रही है जो कम कीमत में फ्लैगशिप गेमिंग अनुभव चाहते हैं। आइए, आगे फोन के बारे में अब तक आई जानकारियां विस्तार से जानते हैं।
कम प्राइस में मिलेगा दमदार अनुभव
कंपनी के अनुसार आगामी Redmi K90 Ultra ऐसे प्राइस सेगमेंट में लाया जाएगा जहां यूजर्स को हाई-एंड गेमिंग फीचर्स कम कीमत में मिल पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी कीमत लगभग 3,000 Yuan यानी करीब 42 हजार रुपये के आसपास रखी जा सकती है। Redmi इस फोन के जरिए उन ग्राहकों को लुभा सकती है जो महंगे फ्लैगशिप फोन खरीदने के बजाय कम कीमत में दमदार परफॉरमेंस पसंद करते हैं।
Redmi K90 Ultra स्पेसिफिकेशंस लीक
अब तक आए लीक्स की मानें तो Redmi K90 Ultra में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite सीरीज प्रोसेसर लगाया जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह फोन एडवांस फैन-बेस्ड कूलिंग सिस्टम के साथ आ सकता है। जिससे लंबे समय तक गेमिंग के दौरान भी फोन की परफॉरमेंस स्टेबल रह सकती है।
बैटरी के मामले में भी Redmi K90 Ultra खास हो सकता है। क्योंकि रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 8,000mAh से ज्यादा साइज वाली बैटरी दी जा सकती है, जो इसे सेगमेंट के सबसे बड़े बैटरी वाले फोंस में से एक बना सकती है। यही नहीं इसके साथ 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन हाल ही में सामने आई सर्टिफिकेशन लिस्टिंग में इस फीचर की जानकारी सामने आ चुकी है।
बताया जा रहा है कि Redmi K90 Ultra में कई स्पेसिफिकेशंस पहले लॉन्च हुए Redmi K90 Max जैसे हो सकते हैं। फोन में MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट और डेडिकेटेड ग्राफिक्स चिप दी गई थी। वहीं, Redmi K90 Ultra अलग चिपसेट के साथ आ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार नया मॉडल Snapdragon प्रोसेसर, पावरफुल कूलिंग फैन और बड़ी बैटरी वाला हो सकता है। इसकी कीमत भी K90 Max से कम रखी जा सकती है।
मार्केट में Redmi K90 Ultra का मुकाबला संभावित तौर पर iQOO, Realme और OnePlus के मिड रेंज फोंस से हो सकता है। अगर आगामी रेडमी डिवाइस लीक में सामने आए Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर, कूलिंग सिस्टम और 8,000mAh से बड़ी बैटरी के साथ लॉन्च होता है, तो यह बढ़िया विकल्प बन सकता है। आप इसका इंतजार कर सकते हैं। हम आपको आगे भी इसका अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।













