
शाओमी की सब ब्रांड Redmi की अगली Note सीरीज को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। इसमें आने वाला Redmi Note 17 GSMA IMEI डेटाबेस में स्पॉट हुआ है। जिससे लगता है कि नए Note-सीरीज लाइनअप पर काम शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि यह लिस्टिंग सामान्य समय से काफी पहले सामने आई है, जिसके बाद माना जा रहा है कि Redmi Note 17 सीरीज इस बार तय समय से पहले लॉन्च हो सकती है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
GSMA डेटाबेस में Redmi Note 17 के तीन मॉडल नंबर 26012RN62L, 26012RN62Y और 26012RN62A सामने आए हैं। इन मॉडल्स की मौजूदगी यह पुष्टि करती है कि फोन ग्लोबल और लैटिन अमेरिकी मार्केट्स के लिए डेवलप किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल भारत और चीन के लिए किसी अलग वैरियंट की जानकारी सामने नहीं आई है।
इस लिस्टिंग के बाद सवाल यह भी है कि कंपनी “Redmi Note 16” नाम को छोड़कर सीधे Redmi Note 17 ब्रांडिंग कैसे ला सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Xiaomi अपने अलग-अलग स्मार्टफोन पोर्टफोलियो की नंबरिंग को एक समान करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी वजह से अगली Note सीरीज को Redmi Note 17 नाम दिया जा सकता है।
फिलहाल फोन के स्पेसिफिकेशंस सामने नहीं आए हैं, लेकिन शुरुआती जानकारी बताती है कि स्टैंडर्ड Redmi Note 17 कम कीमत वाला मॉडल हो सकता है, जिसमें 4G और 5G तकनीक अलग-अलग मार्केट के हिसाब से दी जा सकती है। यानी यह फोन बजट यूजर्स को टारगेट कर सकता है।
इससे पहले सामने आई लीक रिपोर्ट में Redmi Note 17 Pro Max को लेकर बड़े अपग्रेड सामने आए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार इस फोन में करीब 7-इंच का बड़ा डिस्प्ले, लगभग 10,000mAh की बड़ी बैटरी, 100W फास्ट चार्जिंग और कुछ वेरिएंट्स में 200-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है। हालांकि इन फीचर्स की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे लगता है कि फोन आने के बाद दमदार अनुभव दे सकता है।
फिलहाल GSMA लिस्टिंग सामने आ चुकी है, आने वाले महीनों में Redmi Note 17 सीरीज से जुड़ी और भी जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। जिसमें लॉन्च टाइमलाइन, प्रोसेसर और कैमरा डिटेल्स जैसे कई फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। हम आपको आगे भी इस लाइनअप का अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें। (सोर्स)











