
Samsung अपने नए मिड-रेंज स्मार्टफोन Galaxy A27 को जल्द भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकता है। क्योंकि यह फोन BIS (Bureau of Indian Standards) सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर स्पॉट किया गया है। बता दें कि BIS सर्टिफिकेशन का मतलब होता है कि डिवाइस भारत में बिक्री के लिए टेस्ट और अप्रूव हो चुका है। इससे लगता है कि ब्रांड जल्द ही इसे इंडियन मार्केट में उतारने वाली है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
91mobiles की रिपोर्ट के अनुसार BIS लिस्टिंग में Samsung Galaxy A27 का मॉडल नंबर SM-A276B/DS देखा गया है। यहां “A27” से फोन के नाम की पुष्टि होती है, जबकि “DS” डुअल-सिम सपोर्ट के लिए हो सकता है। खास बात यह है कि यह लिस्टिंग Samsung Brazil वेबसाइट पर फोन के नजर आने के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिससे माना जा रहा है कि कंपनी इसे कई ग्लोबल मार्केट्स में लॉन्च कर सकती है।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो अब तक आए लीक्स के अनुसार Samsung Galaxy A27 में 6.7 इंच का बड़ी डिस्प्ले मिल सकता है। हालांकि इस बार कंपनी पूर्व में मिले नॉच डिजाइन को हटाकर punch-hole कटआउट दे सकती है, जिससे फोन का लुक ज्यादा प्रीमियम लग सकता है। माना जा रहा है कि यह बदलाव Galaxy A26 की तुलना में डिजाइन को ज्यादा अच्छा बना सकता है।
परफॉरमेंस की बात करें तो Samsung Galaxy A27 में 4nm आधारित Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर दिया जा सकता है। इसके साथ 6GB RAM मिलने की उम्मीद है। फोन Android 16 पर काम कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Samsung इस फोन को हाई-बेंचमार्क परफॉरमेंस के बजाय लंबे समय तक स्मूद और भरोसेमंद अनुभव देने के लिए ला सकता है।
फोटोग्राफी के लिए आगामी Samsung Galaxy A27 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड सेंसर और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा शामिल हो सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है। हालांकि यह Galaxy A26 के 13MP कैमरे से कम लग सकता है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार नया सेंसर बड़ा होगा, जिससे लो-लाइट सेल्फी क्वालिटी बेहतर मिल सकती है।
Samsung हमेशा से अपनी Galaxy A-सीरीज में क्लीन सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस, लंबे अपडेट सपोर्ट और अच्छा परफॉरमेंस देता आया है। इसलिए Galaxy A27 भी उन यूजर्स को पसंद आ सकता है जो लंबे समय तक चलने वाला स्मार्टफोन चाहते हैं।
फिलहाल Samsung ने Galaxy A27 की लॉन्च डेट या कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है, लेकिन BIS लिस्टिंग के बाद माना जा रहा है कि फोन जल्द ही भारतीय बाजार में आ सकता है। आप आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।











