
सैमसंग लगातार टेक बाजार की सुर्खियों में छाया हुआ है। कंपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ के नए स्मार्टफोंस पर काम कर रही है और आए दिन इन फोंस से जुड़ी कोई न कोई खबर सामने आती रहती है। पिछले हफ्ते इसी सीरीज़ के गैलेक्सी ए40 और गैलेक्सी ए50 स्मार्टफोन को चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर देखा गया था जिसमें इन फोंस की अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी मिली थी। वहीं आज फिर से गैलेक्सी ए सीरीज़ के एक और नए स्मार्टफोन गैलेक्सी ए30 को गीकबेंच पर लिस्ट किया गया है।
गीकबेंच की ताजा लिस्टिंग में गैलेक्सी ए30 सामने आया है। गीकबेंच की यह लिस्टिंग कल यानि 20 जनवरी की है और इसमें फोन की कई जरूरी स्पेसिफिकेशन्स का जिक्र किया गया हैं। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते 15 जनवरी को गैलेक्सी ए50 तथा 16 जनवरी को गैलेक्सी ए40 भी इसी वेबसाइट पर लिस्ट हो चुके हैं। कुल मिलाकर अभी तक गैलेक्सी ए सीरीज़ के गैलेक्सी ए30, गैलेक्सी ए40, गैलेक्सी ए50, गैलेक्सी ए70 और गैलेक्सी ए90 स्मार्टफोंस के नाम अब तक सामने आ चुके हैं।
गैलेक्सी ए30 की बात करें तो गीकबेंच पर इस फोन को एसएम-ए305एफ मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। गीकबेंच पर गैलेक्सी ए30 को 4जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है जो एंडरॉयड 9 पाई पर पेश होगा। लिस्टिंग से पता चला है कि गैलेक्सी ए30 को सैमसंग के ही एक्सनॉस 7885 चिपसेट से लैस कर बाजार में उतारा जाएगा। गौरतलब है कि सैमसंग का यही चिपसेट पिछले साल लॉन्च हुए शानदार फोन गैलेक्सी ए8 और गैलेक्सी ए8 प्लस में भी देखने को मिलेगा।
12जीबी रैम और 1,000जीबी स्टोरेज के साथ आएगा गैलेक्सी एस10 का सिरेमिक वर्जन
सैम मोबाइल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि गैलेक्सी ए30 को दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया जाएगा जो 32जीबी मैमोरी तथा 64जीबी स्टोरेज सपोर्ट करेंगे। स्कोरिंग की बात की जाए तो गीकबेंच ने सिंगल-कोर में गैलेक्सी ए30 को जहां 1321 स्कोर दिया है वहीं मल्टी-कोर में इस फोन को 4142 स्कोर प्राप्त हुआ है। चर्चा है कि कंपनी इस साल गैलेक्सी ए सीरीज़ में 9 स्मार्टफोन लॉन्च करेगी और इनमें से 3 स्मार्टफोन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाले होंगे।



















