
Samsung अगले साल अपनी फ्लैगशिप Galaxy S सीरीज में बदलाव कर सकता है। क्योंकि अब तक कंपनी तीन मॉडल लॉन्च करती आई है, लेकिन नए लीक के अनुसार Galaxy S27 सीरीज में इस बार चौथा मॉडल भी देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी Galaxy S27, Galaxy S27+, Galaxy S27 Ultra के साथ नया Galaxy S27 Pro मॉडल भी पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि यह नया Pro वर्जन प्रीमियम फीचर्स के साथ आ सकता है। साथ ही इसमें Galaxy S27 Ultra जैसे कई फीचर्स मिल सकते हैं। आइए, आगे जानकारी को विस्तार से जानते हैं।
Naver पर सामने आई एक नई रिपोर्ट के अनुसार Galaxy S27 Pro को कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन के तौर पर बाजार में लाया जा सकता है। इसमें 6.4-इंच का डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह फोन पतले डिजाइन, नए कैमरा सेंसर और Galaxy S26 बेस मॉडल से बड़ी बैटरी के साथ आ सकता है।
Samsung कथित तौर पर आगामी Galaxy S27 Pro को Galaxy S27+ और Galaxy S27 Ultra के बीच पोजिशन कर सकता है। इसका मतलब है कि यह मॉडल प्रीमियम यूजर्स को टारगेट कर सकता है। जो Ultra मॉडल जैसे हाई-एंड फीचर्स छोटे साइज वाले फोन में खरीदना चाहते हैं। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Galaxy S27 Pro में S Pen सपोर्ट नहीं मिलेगा।
Galaxy S27 Pro को लेकर पिछले महीने भी कुछ जानकारियां सामने आई थीं। उस समय दावा किया गया था कि फोन में Samsung की नई Privacy Display टेक्नोलॉजी मिल सकती है।
यदि आगामी Samsung Galaxy S27 Ultra की बात करें तो इसमें भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लीक के मुताबिक Samsung इस बार Ultra मॉडल में नया रियर कैमरा लेआउट उपयोग कर सकता है। कंपनी कथित तौर पर पहले से बड़ी बैटरी प्रदान कर सकती है। जो Galaxy S26 Ultra की 5000mAh बैटरी से ज्यादा हो सकती है। खास बात यह है कि बड़ी बैटरी के बावजूद फोन पहले से हल्का रखा जा सकता है और इसकी मोटाई भी लगभग समान रहने की बात सामने आई है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि डिस्प्ले मटेरियल की कीमत Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra दोनों मॉडल्स के हार्डवेयर फैसलों को प्रभावित कर सकती है। यानी कंपनी इन डिवाइस में प्रीमियम डिस्प्ले टेक्नोलॉजी दे सकती है। इसके अलावा Samsung Galaxy S27 Ultra को लेकर कहा जा रहा है कि कंपनी इसमें 200MP प्राइमरी कैमरा दे सकती है, जो वैरिएबल अपर्चर सिस्टम के साथ आ सकता है।
आगामी Samsung Galaxy S27 सीरीज की लॉन्चिंग में अभी कई महीने बाकी है, इसलिए इन लीक्स को सही मान लेना जल्दबाजी साबित हो सकता है। यदि आप इस लाइनअप को लेने की सोच रहे हैं तो हम लगातार लेटेस्ट अपडेट देंगे। यह मॉडल्स Apple, Google और Xiaomi जैसी कंपनियों को टक्कर दे सकते है। आप आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।














