
सैमसंग ने कुछ ही दिनों पहले भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम स्मार्टवॉच Samsung Galaxy Watch9 लॉन्च की है। यह ब्लूटूथ और एलटीई वर्जन में आई है जो स्टाइलिश लुक और शानदार फीचर्स से लैस है। इस सैमसंग स्मार्टवॉच का प्राइस 37,999 रुपये से शुरू होकर 44,999 रुपये तक जाता है। इस महंगी स्मार्टवॉच को खरीदने में क्या फायदा है और यूजर्स को इस गैलेक्सी वॉच में क्या मिलने वाला है, यह सब जानने के लिए हमने भी कुछ दिन गैलेक्सी वॉच9 का यूज किया और इसे परखा। स्मार्टवॉच इस्तेमाल के दौरान इसके किन फीचर्स ने हमें इम्प्रेस किया और हमारा यूजर एक्सपीरियंस कैसा रहा, यह सारा ब्यौरा हमने Samsung Galaxy Watch 9 रिव्यू के तौर पर पेश किया है जिसे आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy Watch 9 प्राइस
सबसे पहले कीमत की बात करें तो सैमसंग ने गैलेक्सी वॉच9 को LTE और Bluetooth वर्जन में पेश किया है और दोनों को 40mm और 44mm डायल साइज में खरीदा जा सकता है। पहले एलटीई मॉडल की बात करें तो इसे 40एमएम का प्राइस 41,999 रुपये और 44एमएम का रेट 44,999 रुपये है। वहीं ब्लूटूथ वाली स्मार्टवॉच के 40एमएम की कीमत 37,999 रुपये और 44एमएम डायल साइट का रेट 40,999 रुपये है।
डिजाइन और डिस्प्ले
Samsung Galaxy Watch9 देखने में काफी अटरेक्टिव है। हालांकि इसकी लुक पहले वाली गैलेक्सी वॉच8 जैसी ही है। इसे 40mm और 44mm साइज में पेश किया है । 40एमएम में Cream और Graphite कलर मिलता है वहीं 44एमएम में Graphite और Silver लाया गया है। हमें 44mm Silver वेरिएंट यूज़ करने के लिए मिला जिसमें घड़ी की स्ट्रैप Olive कलर की थी। सैमसंग ने इसमें सॉफ्ट-टच सिलिकॉन स्ट्रैप का इस्तेमाल किया है जो काफी मुलायम और फ्लेक्सिबल है। silicone के अलावा यह गैलेक्सी वॉच 9 fabric straps के साथ भी खरीदा जा सकती है।
सैमसंग वॉच की स्ट्रैप को डायनामिक लग सिस्टम पर लाया गया है। जिसमें वॉच डायल के पीछे लगे बटन को दबाकर स्ट्रैप को जोड़ा जाता है। Galaxy Watch 9 को स्ट्रांग बिल्ड क्वालिटी देने के लिए इसे Armor Aluminum 2 फ्रेम पर बनाया गया है। वॉच का नीचला हिस्सा जहां प्लास्टिक का है जहां पर हेल्थ और फिटनेस सेंसर्स लगे हैं। वहीं उपरी हिस्से यानी स्क्रीन पर Sapphire Crystal Glass लगाया गया है जो इसे स्क्रैच इत्यादि से भी बचाता है।
स्मार्ट वॉच को IP68 रेटिंग पर पेश किया गया है जो धूल और पानी से बचाने में मदद करती है। सैमसंग का दावा है कि यह 5ATM यानी 50 मीटर तक गहरे पानी में जाने के बाद भी खराब नहीं होगी। सैमसंग ने इसे MIL-STD-810H सर्टिफाइड मिलिट्री ग्रेड बॉडी पर पेश किया है जो इसके जमीन पर गिरने पर पत्थर से टकराने पर भी डैमेज से बचाएगी। कुल मिलाकर Samsung Galaxy Watch9 काफी साफ-सुथरा और क्लासी लुक देती है। Silver और Olive कॉम्बिनेशन देखने में प्रीमियम लगता है।
गैलेक्सी वॉच9 के एक मॉडल में 1.34-इंच और दूसरे मॉडल में 1.47-इंच स्क्रीन लगी है। इस स्मार्टवॉच की डिस्प्ले 3000nits ब्राइटनेस सपोर्ट करती है जिसके चलते धूप में वॉच का इस्तेमाल करने पर भी कोई परेशानी नहीं होती है। हमें Galaxy Watch9 में बढिया आउटडोर विजिबिलिटी मिली। स्क्रीन पर टेक्स्ट और दूसरे एलिमेंट्स देखने में कोई दिक्कत नहीं हुई और ब्लैक एंड व्हाइट के साथ ही अन्य कलर्स भी काफी शार्प और पंची नजर आए। यहां यूजर्स को Always-On Display का भी ऑप्शन मिलता है। हालांकि इसे ऑन करने पर बैटरी बैकअप पर असर पड़ता है।
हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर
Samsung Galaxy Watch9 को Snapdragon Wear Elite प्रोसेसर पर लाया गया है। यह पहली बार है जब किसी सैमसंग गैलेक्सी वॉच में Exynos की जगह Qualcomm चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है। यह पेंटा-कोर प्रोसेसर जो 2.1GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम कर सकता है। कंपनी के मुताबिक यह प्रोसेसर पिछले मॉडल की तुलना में 32% फास्ट CPU परफॉर्मेंस और 19% बेहतर GPU परफॉर्मेंस दे सकता है। इस नए स्मार्टवॉच प्रोसेसर को लेकर सैमसंग का कहना है कि यह GPS को काफी सटीक बनाता है जिसके चलते जंगल या दुर्भल इलाकों में लोकेशन ट्रैक करने की प्रॉब्लम नहीं होगी।
Samsung ने Galaxy Watch9 में 2GB RAM पर लॉन्च किया है जिसमें 32GB Storage मिलती है। हमने इस स्मार्टवॉच में कोई एक्स्ट्रा ऐप तो डाउनलोड नहीं की है लेकिन थर्डपार्टी ऐप्स या फिर Spotify प्लेलिस्ट के लिए 32जीबी मेमोरी को काफी कहा जा सकता है। यूज के दौरान हमें वाकई में सैमसंग गैलेक्सी वॉच9 की परफॉर्मेंस से किसी तरह की कोई शिकायत नहीं हुई है। प्रोसेसिंग में कहीं कोई लैग या हैंग जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। टच रिस्पांस फास्ट मिला और सभी टॉस्क ऐक्शन भी फुर्ती से पूरे हुए। रोजमर्रा के इस्तेमाल में Galaxy Watch9 का ऑपरेशन फास्ट और रिस्पॉन्सिव है।
सैमसंग गैलेक्सी वॉच9 को Wear OS 7 बेस्ड One UI Watch 9 पर लाया गया है। नए गैलेक्सी स्मार्टवॉयच को सैमसग ने 5 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड के साथ पेश किया है जिसका फायदा लंबे समय तक इस वॉच को यूज़ करने वाले लोगों को मिलेगा। वन यूआई वॉच 9 का यूजर्स इंटरफेस हमें काफी रिफाइन लगा। नेविगेशन बिल्कुल स्मूथ रही और हर तरह के विजेट और टॉस्क आसानी से ऑपरेट किए जा सके। होम स्क्रीन के साथ ही Quick Toggles, Recent Apps और App Drawer का इंटरफेस भी ईजी टू यूज है।
होम स्क्रीन से राइट स्वाइप करने पर नोटिफिकेशन्स, लेफ्ट स्वाइप करने पर हेल्थ एंड फिटनेस ऐप्स, डाउन स्वाइप पर शार्टकट कमांड बार और अप स्वाइप करने पर फुल मेन्यू ओपन होता है। Galaxy Watch9 के सॉफ्टवेयर के साथ ही कंपनी ने Galaxy Wearable ऐप को भी नए डिजाइन के साथ पेश किया है। गैलेक्सी वियरेबल ऐप इंटरफेस में ट्रांजिशन और एनिमेशन बेहतर किए गए हैं जो काफी इंटरैक्टिव लगते हैं। इस ऐप से ही Watch Faces बदले जा सकते हैं और सेटिंग्स चेंज की जा सकती हैं।
गैलेक्सी वॉच9 में Gemini AI और Now Bar भी One UI Watch 9 सॉफ्टवेयर के साथ आते हैं। इस सैमसंग स्मार्टवॉच में कंपनी ने Raise-to-Talk फीचर भी शामिल है जिसके चलते सिर्फ अपनी कलाई को उठाकर Gemini से बात की जा सकती है। हालांकि यह काम करने के लिए हमें थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कहीं-कहीं एआई चूक रही थी। लेकिन फिर भी यह फीचर वाकई में अटरेक्टिव है। वहीं कैलकुलेटर, वॉइस रिकॉर्डिंग, कम्पास, लोकेशन, टाइमर जैसे बेसिक फीचर भी मिलते हैं जिसका इस्तेमाल बिना फोन के भी किया जा सकता है।
बैटरी और चार्जिंग
सैमसंग गैलेक्सी वॉच9 के 40mm मॉडल कंपनी ने 390mAh battery से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा है और 44mm मॉडल में 445mAh battery दी गई है। हमारे पास 44एमएम यानी बड़ी बैटरी वाला मॉडल था। बैकअप के लिहाज से देखें तो हम Galaxy Watch9 को ऐवरेज ही कहेंगे। पूरा दिन इस्तेमाल के बाद आपको घर लौटने के बाद इसे चार्ज करने की जरूरत पड़ ही जाती है। हमने इस सैमसंग स्मार्टवॉच में AOD और GPS ऑन रखने के बाद हल्का वर्कआउट ट्रैक और सीमित कॉलिंग की और WhatsApp या किसी तरह की चैटिंग का भी यूज भी नहीं किया। फिर भी Galaxy Watch9 की बैटरी 1 दिन ही निकाल पाई।
वहीं चार्जिंग क्षमता की बात करें तो कंपनी ने इसे 10W वायरलेस चार्जिंग तकनीक से लैस किया है। स्मार्टवॉच के साथ बॉक्स में वायरलेस चार्जिंग पैड भी आती है जिसे किसी भी Type-A USB अडेप्टर से कनेक्ट किया जा सकता है। बैटरी पूरी तरह से डिस्चार्ज होने के बाद हमने चार्जिंग पर लगाया तो Galaxy Watch9 को फुल चार्ज होने में तकरीबन 2 घंटे का समय लग गया। इसे ना तो स्लो कहेंगे और ना ही फास्ट। हॉं, शुरू-शुरू में यह स्मार्टवॉच अपने स्ट्रैप की वजह से चार्जिंग पैड पर सेट होने में समय लेती है लेकिन बाद में मैग्नेट अपना काम सही से कर लेती है।
कहा जा सकता है कि Samsung Galaxy Watch9 की बैटरी इसी खूबियों की लिस्ट में शामिल होने से कुछ पीछे है। बैटरी लाइफ थोड़ी और बेहतरी होती तो यूजर्स को सहूलियत का अहसास होता है। अगर कहीं बाहर जा रहे हैं तो फोन के साथ साथ इस सैमसंग स्मार्टवॉच का चार्जर भी साथ लेकर घूमना पड़ सकता है।
हेल्थ और फिटनेस
Samsung Galaxy Watch 9 का इस्तेमाल सिर्फ किसी घड़ी की तरह नहीं बल्कि फिटनेस ट्रैकर के तौर पर भी प्रमुखता से किया जाता है। इस स्मार्टवॉच में कंपनी ने Samsung Health भी दिया है जिसमें Sleep, Heart Rate, VO2 Max, Blood Pressure और ECG सहित Vitals भी चेक किए जा सकते हैं। यह स्मार्टवॉच BMI और Vascular Load जैसे डाटा को भी कैलकुलेट करती है। वहीं स्टेप्स काउंट, कैलोरी बर्न इत्यादी की गैलेक्सी वॉच9 में देखा जा सकते हैं। इसमें VO2 Max को हमने बैक-टू-बैक यानी हर 10-15 सेकेंड में इसे बार-बार मापा तो रिजल्ट में अंतर आया।
इसी तरह सैमसंग हेल्थ में Fitness Index भी ट्रैक किया जा सकता है। Galaxy Watch 9 यूजर के आसपास के Noise Level को भी लगातार मॉनिटर करती रही है और अगर माहौल में शोर का लेवल बहुत ज्यादा हानिकारक स्तर पर पहुंच जाता है तो यह अलर्ट देकर यूजर्स को चेता देती है। इसी तरह सैमसंग हेल्थ रोजाना के Cardio, Vitals और Fitness Index को ट्रैक करती रहती है और अगर इसे लगता है कि आप अपनी क्षमता से ज्यादा मेहनत कर रहे हैं जिससे जख्मी होने का खतरा है, तो यह Injury Prevention के लिए अलर्ट दे देती है। हालांकि ये वाले फीचर्स का टेस्ट हम नहीं कर पाए।
यूज के दौरान हमे पता चला कि Galaxy Watch 9 लगातार यूजर का डाटा ट्रैक और रिकॉर्ड करती रहती है। यह यूजर का पूरा पैटर्न समझने की कोशिश करती है ताकी जरूरी वाइटल्स कलेक्ट किए जा सके। यानी सिर्फ इस दिन के रक्तचाप या दिल की घड़कन के आधार पर यह हेल्थ रिकॉर्ड नहीं करती है बल्कि लगातार इसपर नजर बनाए रखती है और समझती है कि यूजर का स्वास्थ्य कैसा है। हालांकि इसके लिए आपको 24×7 यानी हर वक्त इसे पहने रहना होगा, सोते वक्त भी। यह Samsung SmartWatch समय समय पर यूजर्स को अलर्ट देती रहती है कि उसे कुर्सी से उठाकर कुछ कदम चल लेने चाहिए, इसका मुझे वाकई में बहुत फायदा हुआ।
Samsung Galaxy Watch 9 का हेल्थ और फिटनेस डाटा उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है जो नियमित रूप से एक्सरसाइज, वर्कआउट, स्विमिंग या साइकिलिंग करते हैं। हमारी सलाह है कि इस सैमसंग स्मार्टवॉच के ट्रैक रिकॉर्ड को सही माना तो जा सकता है लेकिन फिर भी लेकिन फिर भी प्रोफेशनल ग्रेड इक्विपमेंट की तरह इसकी सटीकता पर संदेह बना रहना भी जरूरी है। नॉर्मल कंडीशन में यह यूजर की हेल्थ मॉनिटरिंग के लिए बढिया साथी बन सकती है।
निष्कर्ष
Samsung Galaxy Watch9 एंड्रॉयड स्मार्टफोंस के साथ तो सही काम करती है लेकिन यह iPhone कंपैटिबल नहीं है। आईफोन से सैमसंग वॉच को कनेक्ट करने के लिए थर्ड पार्टी ऐप्स का सहारा लेना पड़ता है और यही समस्या हमे भी झेलनी पड़ी। जाहिर सी बात है 40 हजार रुपये की स्मार्टवॉच खरीदकर अगर ग्राहक अपने मोबाइल से ही कनेक्ट ना कर पाए, तो झल्लाहट जरूर होगी। यहां सैमसंग को जरूर ध्यान देना होगा। वहीं कनेक्टिविटी के लिए इसमें यूजर्स को Bluetooth 6.0 का विकल्प मिलता है जो किसी भी स्मार्टफोन के साथ आसानी से पेयर हो जाती है।
सैमसंग गैलेक्सी वॉच9 की लुक और डिजाइन के लिए इसे 10 में से 10 नंबर दिए जा सकते हैं। आप कोई भी कलर वेरिएंट खरीद सकते हैं, सभी क्लासी और प्रीमियम लगते हैं। स्टाइलिश होने के साथ ही यह स्मार्टवॉच स्ट्रांग और स्टर्डी भी है। यूजर बिना किसी चिंता के, किसी भी परिस्थिति में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आउटडोर विजिबिलिटी कमाल की है और धूप में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। स्मार्टवॉच के ओएस से भी हमें कोई समस्या नहीं हुई है। Galaxy Watch9 की बैटरी को यकिनन सुधार की जरूरत है। फिटनेस को ट्रैक करने में बेस्ट SmartWatch में भी अगर लो बैटरी की एंजाइटी होने लगे तो सारी मेहनत व्यर्थ जा सकती है।
One UI Watch 9 इसकी बड़ी खूबियों में से एक है। यह स्लीमलेस काम करता है और यूजर्स के तकरीबन सभी स्मार्टफोन वाले कार्यों को स्मार्टवॉच पर ही पूरा कर सकता है। वॉच फेस से लेकर इंटरफेस तक सभी अटरेक्टिव लगते हैं। वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इसे और भी बेहतर बना देती है। हेल्थ ट्रैकिंग के मामले में सैमसंग स्मार्टवॉच का कोई मुकाबला नहीं है। फिटनेस फ्रीक लोगों को Samsung Galaxy Watch9 वाकई में पसंद आएगी।























