
साउथ कोरिया की इलेक्ट्रॉनिक कंपनी सैमसंग ने अपने Unpacked इवेंट के अंत में गैलेक्सी S25, S25+, और S25 Ultra को पेश करने के बाद गैलेक्सी S25 स्लिम को टीज किया। लेकिन कंपनी ने बताया कि इसका नाम सैमसंग गैलेक्सी S25 Edge होगा। आपको बता दें कि काफी समय पहले कंपनी ने “Edge” नाम का उपयोग अपने किसी फोन के साथ किया था, लेकिन अब यह वापस आ गया है।
बेहद स्लिम है Galaxy 25 Edge
गैलेक्सी S25 Edge को इवेंट के दौरान शो फ्लोर पर प्रदर्शित किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को इसके पतले और आकर्षक डिजाइन की झलक मिली। फोन में फ्लैट किनारे, फ्लैट डिस्प्ले और ड्यूल रियर कैमरे हैं, जो इसे बाकी लाइनअप से अलग बनाते हैं। हालांकि, सैमसंग ने इवेंट के दौरान इसके स्पेसिफिकेशन्स, कीमत या उपलब्धता के बारे में कोई विशेष जानकारी शेयर नहीं की है। लेकिन, तस्वीरों से साफ है कि Edge बेहद पतला होगा और इसमें केवल दो रियर कैमरे होंगे।
सैमसंग गैलेक्सी S25 Edge चुनिंदा बाजारों में होगा लॉन्च?
सैमसंग दक्षिण अफ्रीका के एक प्रतिनिधि ने हाल ही में गैलेक्सी S25 Edge की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। प्रतिनिधि ने Android Authority को बताया कि स्लिम मॉडल (जिसकी अब पुष्टि S25 Edge के रूप में हुई है) शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में उपलब्ध नहीं होगा। इसके बजाय, इसे चुनिंदा बाजारों में लॉन्च किया जाएगा, जिनमें अमेरिका और दक्षिण कोरिया शामिल हैं।
प्रतिनिधि ने कहा, “तो, हमारे पास Ultra, Plus और बेस मॉडल होगा। ये दक्षिण अफ्रीका के लिए होंगे। एक स्लिम मॉडल है, जो यहां शुरुआत में उपलब्ध नहीं होगा। यह चुनिंदा बाजारों में उपलब्ध होगा।”
हालांकि, क्षेत्रों की पूरी सूची अभी तय नहीं हुई है, प्रतिनिधि ने गैलेक्सी S25 Edge के लिए स्टेप-बाए-स्टेप रोलआउट की ओर इशारा किया। इसका मतलब है कि अन्य बाजारों में यह डिवाइस दूसरी रिलीज़ वेव के दौरान उपलब्ध हो सकता है, जिससे शुरुआती लॉन्च क्षेत्रों के बाहर के प्रशंसकों के लिए उम्मीद जगी है।
गैलेक्सी S25 Edge में क्या होगा खास?
हालांकि सैमसंग ने स्पेसिफिकेशन्स की पुष्टि नहीं की है, लीक के अनुसार गैलेक्सी S25 Edge केवल 6.4mm पतला हो सकता है, जो इसे गैलेक्सी लाइनअप के सबसे पतले फोन में से एक बनाता है। यह 3,000mAh से 4,000mAh के बीच की बैटरी क्षमता, 200MP का मुख्य कैमरा और पतला पेरिस्कोप कैमरा मॉड्यूल से लैस हो सकता है।









