
TECNO ने अपने बजट 5G स्मार्टफोन TECNO Spark 50 5G की कीमत बढ़ा दी है। कंपनी की तरफ से जारी नए प्राइस रिवीजन के अनुसार 12 मई 2026 से इस स्मार्टफोन के दोनों वेरिएंट्स महंगे किए गए हैं। खास बात यह है कि यह फोन भारत में 27 मार्च 2026 को लॉन्च किया गया था। यानी लॉन्च के करीब डेढ़ महीने बाद इसकी कीमत बढ़ा दी गई है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
नई कीमतों की बात करें तो TECNO Spark 50 5G के 4GB RAM + 128GB स्टोरेज वैरियंट की कीमत 18,999 रुपये हो गई है, जबकि लॉन्च के समय इसकी कीमत 16,999 रुपये थी। यानी इस मॉडल पर 2,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 6GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल 21,499 रुपये में मिलेगा, जबकि लॉन्च के वक्त इसकी कीमत 18,999 रुपये रखी गई थी। इस तरह कीमत में 2,500 रुपये का इजाफा देखने की मिला है।
TECNO की तरफ से फिलहाल इस प्राइस हाइक के पीछे की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि बढ़ती कॉम्पोनेंट कॉस्ट, सप्लाई चेन खर्च या डिमांड को देखते हुए कंपनी ने ऐसा किया है। खास बात यह है कि फोन इस सेगमेंट में बड़ी बैटरी और Dimensity 6400 प्रोसेसर जैसे फीचर्स के चलते अच्छा ऑप्शन है।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो TECNO Spark 50 5G में 6.78-इंच का HD+ IPS डिस्प्ले मिलता है। जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट करता है। इस स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 560 निट्स तक जाती है। फोन MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर से लैस है, जिसके साथ Mali G57 GPU मिलता है। इसमें LPDDR4x RAM और UFS 2.2 स्टोरेज का सपोर्ट है। स्टोरेज को माइक्रोSD कार्ड के जरिए 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए TECNO Spark 50 5G स्मार्टफोन में 50MP का रियर कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6500mAh बैटरी है, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है।
TECNO Spark 50 5G फोन 8.18mm पतला और 210 ग्राम वजन के साथ आता है। यह Ink Black, Champagne Gold, Fantasy Purple और Mint Green कलर ऑप्शन में लिया जा सकता है। साथ ही इसमें IP64 रेटिंग भी दी गई है, जो इसे धूल और पानी के छींटों से बचाने में मदद करती है।
बताते चलें कि कीमत बढ़ने के बाद TECNO Spark 50 5G का मुकाबला भारतीय बाजार में Realme, Redmi, iQOO और Lava जैसे ब्रांड्स के कई मिड-बजट 5G स्मार्टफोंस से और कड़ा हो सकता है। हम आगे भी प्राइस कम या ज्यादा होने पर आपको अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।










