
वीवो ने पिछले साल जून महीने में बड़ी बैटरी वाला सस्ता 5G फोन Vivo T4 Lite इंडिया में लॉन्च किया था। यह 10 हजार से कम का मोबाइल था जो 6000mAh बैटरी के साथ आया था। वहीं अब खबर आ रही है कि कंपनी टी4 लाइट के सक्सेसर Vivo T5 Lite 5G फोन पर काम शुरू कर चुकी है जिसे जल्द ही मार्केट में उतारा जा सकता है। वीवो टी5 लाइट से जुड़ी डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
वीवो टी5 लाइट 5जी फोन की जानकारी वेबसाइट पैश्नेटगीक्ज़ ने पब्लिश की है। इस मोबाइल को IMEI database में स्पॉट किया गया है जहां स्मार्टफोन का मॉडल नंबर V2557 बताया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं इस सर्टिफिकेशन में डिवाइस का मार्केटिंग नेम भी सामने आ गया है जो Vivo T5 Lite 5G है। यानी यह कंफर्म हो गया है कि वीवो नए फोन टी5 लाइट को ला रही है और इसका मॉडल नंबर वी2557 होगा। अब किसी भी लिस्टिंग में सर्टिफिकेशन में यह मॉडल नंबर मिलने पर अपकमिंग टी5 लाइट वीवो फोन की डिटेल्स भी प्राप्त की जा सकती है।
आईएमईआई डाटाबेस में फोन नेम और मॉडल नंबर के साथ ही डिवाइस की चार्जिंग कैपेसिटी भी बताई गई है। लिस्टिंग के अनुसार यह स्मार्टफोन 44W फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ लाया जाएगा। गौरतलब है कि पहले वाले Vivo T4 Lite में 15W चार्जिंग दी गई थी। यानी इस प्वाइंट पर अपकमिंग टी5 लाइट बड़ी अपग्रेड बनकर सामने आएगा। उम्मीद कर सकते हैं कि चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ ही कंपनी बैटरी में भी बड़ा बदलाव कर सकती है।
बताते चलें कि Vivo T4 Lite 5G में पावर बैकअप के लिए 6,000एमएएच बैटरी दी गई थी। यह ब्रांड के 10 हजार से कम रेट में सबसे बड़ी बैटरी वाले फोन के रूप में आया था। अनुमान है कि अपकमिंग वीवो टी5 लाइट 5जी फोन को कंपनी 7,000एमएएच से भी बड़ी बैटरी पर लॉन्च कर सकती है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए अगर कहा जाए कि यह वीवो का 8000mAh Battery वाला मोबाइल भी बन सकता है, तो शायद ज्यादा गलत नहीं होगा।

वीवो टी4 लाइट के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स पर नजर डालें तो यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड आधारित Funtouch OS 15 पर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस लो बजट 5जी फोन में 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।
इस स्मार्टफोन को कंपनी ने 8जीबी एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी से लैस कर रखा है। इस तकनीक के चलते मोबाइल की फिजिकल रैम में एक्स्ट्रा वचुर्अल रैम को जोड़कर फोन को 16GB RAM (8जीबी + 8जीबी) तक की ताकत दी जा सकती है। वीवो टी4 लाइट LPDDR4X RAM + UFS 2.2 Storage सपोर्ट करता है।
Vivo T4 Lite 5G फोन 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.74-इंच की एचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन है जो एलसीडी पैनल पर बनी है। इस फोन में 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 1000निट्स पीक ब्राइटनेस प्राप्त होती है। यह सस्ता 5जी फोन आई प्रोटेक्शन (TÜV Rheinland) सर्टिफाइड है।
फोटोग्राफी के लिए वीवो टी4 लाइट 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल सोनी सेंसर दिया गया है जो एफ/2.4 अपर्चर वाले 2 मेगापिक्सल बोका लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह वीवो का सस्ता 5जी फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।











