
वीवो ने कल ही अनाउंस किया है कि वह आने वाली 2 अप्रैल को इंडिया में अपना नया स्मार्टफोन vivo V70 FE 5G लॉन्च करेगी। यह मोबाइल vivo V70 और vivo V70 Elite के बाद इस सीरीज में शामिल होने वाली तीसरा मॉडल होगा। वीवो वी70 एफई के बाजार में आने से पहले ही इसकी कीमत इंटरनेट पर लीक हो गई है। फोन की फोटो, स्पेसिफिकेशन्स और प्राइस की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सामने आ गई है।
vivo V70 FE इंडिया प्राइस डिटेल अनंत रावत नाम के टिपस्टर ने एक्स पर शेयर की है। लीक के अनुसार वीवो वी70 एफई भारत में 37,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा। यह मोबाइल के 8GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट का प्राइस बताया गया है। यह स्मार्टफोन का बेस वेरिएंट हो सकता है और टॉप वेरिएंट का रेट 42 हजार रुपये के करीब जा सकता है। हालांकि यह वास्तविक सेलिंग प्राइस होगा या फिर इफेक्टिव ऑफर प्राइस, यह जानकारी तो 2 अप्रैल को फोन लॉन्च के बाद ही साफ हो पाएगी।
वीवो वी70 एफई के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसे 200 मेगापिक्सल कैमरा के साथ लॉन्च किया जाएगा। यह सीरीज का पहला 200MP कैमरा वाला फोन बनेगा जिसके बैक पैनल पर 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस भी मौजूद रहेगा। फोन कैमरा डिटेल्स कंपनी द्वारा शेयर की जा चुकी है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह वीवो 5जी फोन 92डिग्री एफओवी व एफ/2.2 अपर्चर की क्षमता वाला 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। इस मोबाइल से Underwater Photography की जा सकती है। इसे पानी से बचाने के लि IP68 + IP69 रेटिंग के साथ लाया जा रहा है।
Vivo V70 FE 5G फोन को MediaTek Dimensity 7360 Turbo ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ ग्लोबल मार्केट में लॉन्च हो चुका है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 2.5GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इंडियन मॉडल में भी यही मिलने की उम्मीद है। वीवो वी70 एफई एंड्रॉयड 16 आधारित OriginOS 6 पर काम करता है और इसमें LPDDR5 RAM और UFS 3.1 Storage तकनीक दी गई है।
इस नए वीवो 5जी फोन में 2800 × 1260 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.83-इंच की 1.5K स्क्रीन दी गई है। यह Q10+ AMOLED पैनल पर बनी पंच-होल डिस्प्ले है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट, 449PPI और 1900nits ब्राइटनेस सहित इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर का सपोर्ट मौजूद है। पावर बैकअप के लिए इस वीवो 5जी फोन को 7000एमएएच बैटरी से लैस कर इंडियन मार्केट में लॉन्च किया जाएगा। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 90W FlashCharge तकनीक दी गई है।
वीवो वी70 सीरीज के मौजूदा मॉडल की बात करें तो Vivo V70 Elite तीन वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके बेस वेरिएंट में 8GB RAM + 256GB storage दी गई है जिसका प्राइस 51,999 रुपये है। वहीं 12GB+256GB को 56,999 रुपये और 12GB RAM + 512GB storage वेरिएंट को 61,999 रुपये लाया गया है। इसी तरह Vivo V70 के 8GB RAM + 256GB storage वेरिएंट का प्राइस 45,999 रुपये और 12GB RAM + 256GB storage वेरिएंट का रेट 49,999 रुपये है।













