Vivo Y21s 5G की स्पेसिफिकेशन्स और रेंडर्स लीक, 6500mAh बैटरी के साथ जल्द हो सकता है इंडिया में लॉन्च

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/11/vivo-Y21s-5G-Leak-Image.jpg

वीवो अपनी Y-series के तहत नया स्मार्टफोन वीवो वाई21एस 5जी भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ब्रांड की ओर से अभी कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है लेकिन इसकी स्पेसिफिकेशन्स और रेंडर्स ऑनलाइन लीक हो गए हैं। टिपस्टर सुधांशु अंबोरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अपकमिंग 5जी स्मार्टफोन की जानकारी शेयर की है। लीक के मुताबिक vivo Y21s 5G फोन में 6,500mAh बैटरी, 50MP कैमरा और MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जा सकता है। लीक में सामने आई डिटेल्स आप आगे विस्तार से पढ़ सकते हैं।

vivo Y21s 5G डिजाइन (लीक)

टिपस्टर द्वारा शेयर की गई फोटो में वीवो वाई21एस 5जी फोन को Dark Blue और White कलर शेड्स में दिखाया गया है। लुक और डिजाइन की बात करें तो लीक हुए रेंडर्स में यह मोबाइल फ्लैट फ्रेम पर बना नजर आ रहा है। इसके बैक पैनल पर ऊपर की ओर दो बड़े कैमरा रिंग्स दिए गए हैं जिनके साथ एलइडी फ्लैश भी मौजूद है। वहीं फ्रंट पैनल पर वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली डिस्प्ले दी गई है, जिसके चारों ओर हल्के मोटे बेजल्स सहित चौड़ा चिन पार्ट देखने को मिल रहा है। फोन के राइट फ्रेम पर वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन लगा हुआ है। लीक रेंडर में फोन का डिजाइन सिंपल और क्लीन लग रहा है।

vivo Y21s 5G Leak Photo

vivo Y21s 5G स्पेसिफिकेशन्स (लीक)

लीक में सामने आई डिटेल्स के अनुसार वीवो वाई21एस 5जी फोन 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.74 इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। यह एलसीडी पैनल पर बनी वॉटरड्रॉप नॉच स्क्रीन है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट देखने को मिल सकता है। टिपस्टर के मुताबिक यह वीवो 5जी फोन IP65 रेटिंग के साथ लाया जा सकता है जो इसे हल्की पानी की बौछारों से बचाने में मदद करेगी।

vivo Y21s 5G फोन को MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट पर लाए जाने की बात लीक में सामने आई है। यह दो साल से भी पुराना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। लीक के मुताबिक इस अपकमिंग वीवो 5जी फोन को 4GB RAM + 64GB Storage, 4GB RAM + 128GB Storage और 6GB RAM + 128GB Storage के तीन वेरिएंट्स में भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है।

लीक के अनुसार फोटोग्राफी के लिए वीवो वाई21एस में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है जिसमें एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल का मेन सेंसर और 0.08 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर मिल सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस वीवो फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। टिपस्टर के मुताबिक पावर बैकअप के लिए vivo Y21s 5G फोन को 6,500mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है और मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया जा सकता है।

गौरतलब है कि वीवो वाई21एस 5जी फोन भारतीय सर्टिफिकेशन साइट BIS पर V2670 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हो चुका है। बीआईएस लिस्टिंग भी इस स्मार्टफोन के भारतीय बाजार में आने की संभावना को बढ़ाती है। हालांकि अभी फोन की लॉन्च डेट कन्फर्म नहीं हुई है। लेकिन अगर लीक हुई स्पेक्स सही साबित होती हैं तो vivo Y21s 5G उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकता है जो बड़ी बैटरी और बड़ी स्क्रीन वाला 5G स्मार्टफोन चाहते हैं। हालांकि फोन में दिया जा सकने वाला पुराना प्रोसेसर कुछ यूजर्स को निराश कर सकता है, यह हैवी गेमिंग और ज्यादा पावरफुल परफॉर्मेंस के लिए भी नहीं बना है। वहीं 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी यूजर्स को थोड़ा कम लग सकता है। लेकिन अगर ग्राहक की जरूरत प्रोसेसर और कैमरा नहीं बल्कि बड़ी स्क्रीन और लंबी चलने वाली बैटरी है तो vivo Y21s 5G फोन का इंतजार किया जा सकता है।

फिलहाल वीवो वाई21एस 5जी फोन की कीमत सामने नहीं आई है, इसलिए इसकी मार्केट पोजिशनिंग और प्रतिस्पर्धी फोन्स का अंदाजा लगाना थोड़ा मुश्किल है। स्पेसिफिकेशन्स देखते हुए हमारा अंदाजा है कि यह तकरीबन 20 हजार का 5जी फोन हो सकता है और 20,000 रुपये से कम के बड़ी बैटरी वाले सस्ते 5जी फोन वाले इं​डस्ट्री ट्रेंड का हिस्सा बन सकता है। यह मोबाइल मार्च महीने में लॉन्च हुए वीवो वाई सीरीज के vivo Y21 5G फोन को रिप्लेस कर सकता है जिसका स्टार्टिंग प्राइस अब ब्रांड वेबसाइट पर 20,999 रुपये (4GB+64GB) हो चुका है। दिलचस्प बात यह है कि वीवो वाई21 की स्पेसिफिकेशन्स काफी हद तक लीक हुए vivo Y21s 5G फोन से मिलती है। वाई21एस की स्पेसिफिकेशन्स देखते हुए हमारा अंदाजा है कि यह भी 20 हजार रुपये का 5जी फोन हो सकता है। अगर इसी रेंज के बड़ी बैटरी वाले 5जी फोन की बात करें तो 7,000mAh बैटरी और Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर वाला Moto G Max 5G स्मार्टफोन और बड़ी 7,900mAh बैटरी वाला POCO M8x 5G मोबाइल vivo Y21s 5G के कॉम्पिटिटर्स बन सकते हैं।