vivo Y500s चीन में लॉन्च: 7,200mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और 50MP कैमरा के साथ आया नया फोन

Join Us icon

vivo ने बजट सेगमेंट में नया स्मार्टफोन vivo Y500s चीन में लॉन्च किया है, जो खासतौर पर बड़ी बैटरी और शानदार ड्यूरेबिलिटी फीचर्स के साथ आता है। यह फोन उन यूजर्स को टारगेट करता है जो लंबा बैटरी बैकअप और मजबूत बिल्ड क्वालिटी चाहते हैं। साथ ही मिड रेंज में फोन देख रहे हैं। आइए, आगे इसकी फुल डिटेल्स जानते हैं।

vivo Y500s के डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 6.75-इंच का LCD पैनल दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। हालांकि इसका रिजॉल्यूशन 720 x 1570 पिक्सल है, जो इस प्राइस रेंज में बेसिक माना जा सकता है।

परफॉरमेंस के लिए vivo Y500s में Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm प्रोसेस पर आधारित है और 5G सपोर्ट के साथ आता है। यह चिपसेट डेली यूज के लिए ठीक-ठाक अनुभव दे सकता है। हालांकि हाई-एंड गेमिंग के लिए  हल्का लग सकता है।

vivo Y500s की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,200mAh की बड़ी बैटरी है, जो सिंगल-सेल डिजाइन के साथ आती है और 44W Flash चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक फुल चार्ज पर यह फोन करीब 24 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग और लगभग 15.5 घंटे तक नेविगेशन उपयोग दे सकता है। खास बात यह है कि सिर्फ 20% बैटरी रहने पर भी पावर सेविंग मोड में करीब 3 घंटे तक नेविगेशन चलाया जा सकता है।

vivo Y500s में Blue Ocean 3 बैटरी टेक्नोलॉजी दी गई है, जो -20°C से लेकर 40°C तक के तापमान में सुरक्षित चार्जिंग की सुविधा देती है। vivo का दावा है कि यह बैटरी 1,600 चार्ज साइकिल तक 80% कैपेसिटी बनाए रख सकती है, जो लगभग 6 साल के इस्तेमाल के बराबर माना जा सकता है।

कैमरा सेक्शन में vivo Y500s फोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो f/1.8 अपर्चर के साथ आता है। यह बेहतर फोटोग्राफी एक्सपीरियंस दे सकता है। वहीं, फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा मिलता है।

vivo Y500s फोन को ड्यूरेबिलिटी के मामले में भी मजबूत बनाया गया है। इसमें IP68 और IP69 रेटिंग मिलती है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहता है। साथ ही इसमें स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जिनमें वॉटर क्लीनिंग मोड भी मिलता है। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।

स्टोरेज ऑप्शन की बात करें तो vivo Y500s फोन 8GB + 256GB, 12GB + 256GB और 8GB + 512GB वेरिएंट्स में उपलब्ध है। इसकी शुरुआती कीमत CNY 1,800 (लगभग 24,803 रुपये) रखी गई है, जबकि टॉप वैरियंट CNY 2,200 (करीब 30,315 रुपये) तक का है। फिलहाल चीन में कुछ वेरिएंट्स पर CNY 100 का प्रमोशनल डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। यह Obsidian Black, Galaxy Silver और Phoenix Gold रंगों में खरीदा जा सकता है।

आखिर में बताते चलें कि vivo Y500s उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प है जो बड़ी बैटरी, लंबा बैकअप और मजबूत डिजाइन चाहते हैं। हालांकि इसका डिस्प्ले रिजॉल्यूशन और प्रोसेसर आपको खटक सकता है। इसलिए आप फोन को चुनने से पहले realme या OnePlus के मिड रेंज विकल्प देख सकते हैं। 91मोबाइल्स के साथ हर टेक अपडेट के लिए बने रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here