
भारतीय मोबाईल निर्माता कंपनी ज़ेन मोबाईल ने आज एक साथ दो फोन को लॉन्च किया है। एडमायर ड्रैगन और एडमायर थ्रिल नाम से पेश किए गए इन फोंस की कीमत क्रमश: 5,290 तथा 4,690 रुपये है। खास बात यह कही जा सकती है कि दोनों फोन में 4जी वीओएलटीई सपोर्ट है और आप जियो सिम का उपयोग कर सकते हैं।
फोन लॉन्च् के दौरान ज़ेन मोबाईल के सीईओ संजय कालीरोना ने कहा कि कंपनी द्वारा एडमायर ड्रैगन और एडमायर थ्रिल भारतीयों के जीवन को डिजिटल बनाने में मदद करेंगे। ये फोन देश की डिजिटल क्रांति में सहायक होंगे तथा लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
ज़ेन द्वारा दोनों फोन 1.3 गीगाहट्र्ज़ क्वॉड-कोर प्रोसेसर के साथ एंडरॉयड मार्शमेलो ऑपरेटिंग सिस्टम पर पेश किए गए है। एडमायर ड्रैगन में जहां 5 इंच की 2.5डी आईपीएस डिस्प्ले दी गई है वहीं एडमायर थ्रिल 4.5 इंच की एफडब्ल्यूवीजीए डिस्प्ले पर पेश किया गया है।
दोनों ही फोन्स में स्मार्टफोन में 1 जीबी रैम के साथ 8 जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है जिसे कार्ड के जरिये 32 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। ज़ेन के दोनों फोन 5 मेगापिक्सल के रियर कैमरा से लैस है।
बात की जाए बैटरी की तो एडमायर ड्रैगन में जहां 2,500 एमएएच की बैटरी दी गई है वहीं एडमायर थ्रिल की बैटरी क्षमता 1,750 एमएएच है। कुल मिला कर कहा जा सकता है कि दोनों फोन अपने बजट के अनुसार एक अच्छा अनुभव देने में सक्षम है।























