
टेक ब्रांड ऑनर ने ग्लोबल मार्केट में अपना नया टैबलेट डिवाइस पेश किया है। कंपनी की ओर से Honor Pad X8b ग्लोबली लॉन्च कर दिया गया है जो बड़ी 11-इंच स्क्रीन और पावरफुल 10100mAh battery के साथ आया है। ऑनर पैड एक्स8बी को कंपनी ने सऊदी अरब में 649 SAR में लॉन्च किया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 15,600 रुपये के करीब है।
Honor Pad X8b के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेश्यो 16:10 का है। यह नया टैबलेट 1920 x 1200 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 11-इंच की 2K डिस्प्ले पर लॉन्च हुआ है जो टीएफटी एलसीडी पैनल पर बनी है। इस टैब की स्क्रीन 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 500निट्स ब्राइटनेस के साथ ही 207ppi पिक्सल डेंसिटी और 16.7m कलर्स सपोर्ट करती है।

गौरतलब है कि बेहतर आई-कम्फर्ट के लिए इसे TÜV Rheinland सर्टिफाइड बनाया गया है। यानी इसपर ब्लू लाइट कम होती है और फ्लिकर-फ्री व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलता है। इससे लंबे समय तक टैबलेट पर काम करने पर भी आंखों को कम नुकसान होता है। बताते चलें कि ऑनर पैड एक्स8बी की थिकनेस 7.25mm और वजन तकरीबन 496 ग्राम है।
यह टैबलेट एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च हुआ है जो MagicOS 10 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस टैबलेट को 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बने Qualcomm Snapdragon 680 प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। ग्राफिक्स के लिए इसमें Adreno 610 जीपीयू लगाया गया है।
पावर बैकअप के लिए Honor Pad X8b टैबलेट को तगड़ी 10,100एमएएच बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। कंपनी की मानें तो फुल चार्ज के बाद इसपर लगातार 22 घंटे तक Online video चलाई जा सकती है। वहीं फुल बैटरी के बाद यह टैबलेट 97 दिन यानी तकरीबन 3 महीने का स्टैंडबाय टाइम देने की क्षमता रखता है। टैबलेट चार्ज करने के लिए इसमें यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है।
फोटोग्राफी के लिए ऑनर पैड एक्स8बी के बैक पैनल पर 5 मेगापिक्सल रियर कैमरा सेंसर लगाया गया है। वहीं सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इस टैबलेट में 4GB RAM और 128GB Storage लगाई गई है। अन्य फीचर्स की बात करें तो इस टैबलेट में 4 स्पीकर लगाए गए हैं। कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 5 और Bluetooth 5.0 दिया गया है और सॉफ्टवेयर में पैरेंटल कंट्रोल फीचर भी मौजूद है।












