
फोन कैमरा के लिए मशहूर वीवो की ‘एक्स सीरीज’ का सबसे ताकतवर मॉडल Vivo X300 Ultra आ गया है। कंपनी ने इसे सबसे पहले चाइना में पेश किया है जिसके साथ Vivo X300s मॉडल भी आया है। इन दोनों को मिलाकर पूरी दुनिया में ‘वीवो एक्स300’ सीरीज के कुल 5 फोन मॉडल लॉन्च हो चुके हैं। जिनमें से Vivo X300 और X300 Pro इंडियन मार्केट में भी सेल के लिए उपलब्ध है। आज रिलीज हुए विवो के सबसे लेटेस्ट और पावरफुल स्मार्टफोन एक्स300 अल्ट्रा की फुल डिटेल आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले कैमरा की ही बात करें तो वीवो एक्स300 अल्ट्रा ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.68 अपर्चर वाला 200 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है जिसके साथ एफ/2.0 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल wide-angle लेंस और एफ/2.57 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल periscope लेंस मौजूद है। वहीं मोबाइल के फ्रंट पैनल पर एफ/2.0 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरा दिया गया है।
Vivo X300 Ultra को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो OriginOS 6 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना Snapdragon 8 Elite Gen 5 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। यह सीपीयू 4.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए एक्स300 अल्ट्रा 5जी फोन में Adreno 840 जीपीयू लगाया गया है। बताते चलें कि सीरीज के अन्य फोन Vivo X300, X300 Pro और X300s में MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट लगा है जो 4.21GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।
वीवो एक्स300 अल्ट्रा स्मार्टफोन 2800 x 1260 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.78-इंच की 1.5K स्क्रीन पर लॉन्च हुआ है। यह 8T LTPO तकनीक वाली फ्लैट डिस्प्ले है जो AMOLED पैनल पर बनी है। इस फोन डिस्प्ले पर 144Hz रिफ्रेश रेट, 300Hz टच सैंपलिंग रेट, 2160Hz PWM डिमिंग और 452 PPI का सपोर्ट मिलता है। यह विवो 5जी फोन 3D ultrasonic इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर टेक्नोलॉजी सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए Vivo X300 Ultra 5G फोन को 7100mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। बताते चलें कि इंडिया में वीवो एक्स300 स्मार्टफोन 6040mAh बैटरी सपोर्ट करता है और एक्स300 प्रो में 6510mAh बैटरी दी गई है। यानी देखा जाए तो नए एक्स300 अल्ट्रा वीवो स्मार्टफोन की बैटरी सीरीज में सबसे अधिक बड़ी है। ग्लोबल मार्केट में वीवो एक्स300 एफई 6500mAh बैटरी पर आया था।
वीवो एक्स300 अल्ट्रा का लेकर कंपनी का दावा है कि फोन की बैटरी 6 साल तक अपनी हेल्थ 80 प्रतिशत से अधिक बनाए रख सकती है। इस मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए 90W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। वहीं साथ ही वीवो फोन 40W wireless चार्जिंग तकनीक से भी लैस है।
वीवो ने अपने ताकतवर स्मार्टफोन एक्स300 अल्ट्रा को चाइना में कुल पांच वेरिएंट्स में लॉन्च किया है जिसे Titanium Black, Silver, Film Green और Dream Core Purple कलर में बेचा जाएगा। 12GB RAM वाला फोन 256GB और 512GB स्टोरेज सपोर्ट करता है जिनकी कीमत 4999 yuan और 5499 yuan है। यह प्राइस इंडियन करंसी के अनुसार 68,500 रुपये और 73,300 रुपये के करीब है।
16GB RAM वाला vivo फोन 512GB और 1TB स्टोरेज पर लाया गया है। 512जीबी मेमोरी वाले फोन का प्राइस 5999 yuan है जो इंडियन करंसी अनुसार 82,100 रुपये के करीब है। वहीं 1टीबी स्टोरेज वाले एक्स300 अल्ट्रा को 6,999 yuan में लाया गया है जो 95,800 रुपये के करीब है। कंपनी टॉप वेरिएंट के साथ फोटोग्राफी किट भी दे रही है जिसके लिए 7999 yuan यानी तकरीबन 1,09,500 रुपये चुकाने होंगे।












