
इंडिया में पोको मोबाइल पंसद करने वाले लोगों के लिए मिलीजुली खबर सामने आई है। नई मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि यह शाओमी सब-ब्रांड भारत में POCO F5 स्मार्टफोन लेकर आने वाला है। वहीं दूसरी ओर यह बात भी सामने आ रही है कि वनिला मॉडल एफ5 तो आएगा लेकिन कंपनी POCO F5 Pro इंडिया में लॉन्च नहीं करेगी।
पोको एफ5 प्रो भारत में लॉन्च क्यों नहीं होगा
प्रसिद्ध टिपस्टर Kacper Skrzypek ने दावा किया है कि पोको एफ5 प्रो चाइना में उपलब्ध Redmi K60 का रिब्रांडिड वर्ज़न होगा। यह फोन ग्लोबल मार्केट में तो बिकेगा लेकिन इंडिया में नहीं लाया जाएगा। इसका कारण टिपस्टर ने MIUI builds बताया है। POCO F5 Pro ग्लोबल मॉडल को ‘mondrian’ कोडनेम दिया गया है लेकिन इस फोन के इंडियन मॉडल के लिए कोई सॉफ्टवेयर तैयार नहीं है।

गौरतलब है कि इंडिया में लॉन्च होने वाले पोको फोंस के लिए अलग सॉफ्टवेयर (मीयूआई) तैयार किया जाता है जो चीन व अन्य देशों में उपलब्ध फोन मॉडल्स से अलग होता है। टिपस्टर कैस्पर के मुताबिक फिलहाल पोको एफ5 प्रो के इंडियन मॉडल के लिए यह MIUI रेडी नहीं किया गया है। बहरहाल 91मोबाइल्स फिलहाल फोन लॉन्च को लेकर अभी कोई पुख्ता कमेंट नहीं कर रहा है तथा कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहा है। यह भी पढ़ें: OnePlus Nord CE 3 Lite की खूबी और खामी, 4 प्वाइंट्स में जानें यहां
पोको एफ5 इंडिया लॉन्च की स्थिति
POCO F5 को लेकर भी फिलहाल पोको इंडिया को कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन लीक्स की मानें तो आने वाले दिनों में इस मोबाइल फोन पर से पर्दा उठाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह फोन दो मैमोरी वेरिएंट्स में भारत में लॉन्च होगा जिनमें 8GB RAM + 256GB storage और 12GB RAM + 256GB storage शामिल होगी।

पोको एफ5 की स्पेसिफिकेशन्स
लीक के अनुसार POCO F5 स्मार्टफोन में 6.67 इंच की लार्ज फुलएचडी+ डिस्प्ले दी जा सकती है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करेगी। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 7+ जेन 2 चिपसेट दिया जा सकता है। यह फोन एंडरॉयड 13 पर लॉन्च होगा और मीयूआई 14 के साथ मिलकर काम करेगा।

फोटोग्राफी के लिए इस फोन में 64 मेगापिक्सल ट्रिपल रियर कैमरा दिया जा सकता है जिसमें 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल मैक्रो सेंसर शामिल रहेगा। यह फोन ओआईएस फीचर से लैस हो सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए पोको एफ5 में 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
पावर बैकअप के लिए पोको एफ5 में 5,000एमएएच बैटरी दिए जाने की बात कही गई है जिसके साथ ही यह स्मार्टफोन 67वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया जा सकता है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साईड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिल सकता है।












