
Apple हर साल अपने Pro मॉडल्स को बाकी iPhone लाइनअप से अलग करने के लिए कुछ एक्सक्लूसिव और बेहतर फीचर्स पेश करता है। ऐसा ही एक फीचर है ProMotion, जो iPhone की डिस्प्ले को स्क्रीन पर कंटेंट को 120 बार प्रति सेकंड डायनामिक रूप से रिफ्रेश करने की क्षमता देता है। वहीं, अब चीनी टिप्स्टर Fixed Focal Digital ने Weibo पर दावा किया है कि iPhone 17 और iPhone 17 Air में 120Hz स्क्रीन तो होगी, लेकिन उसमें ProMotion फीचर नहीं दिया जाएगा। यह बात उन संभावित iPhone 17 सीरीज ग्राहकों के लिए मायने रखती है जो स्मूद और एफिशिएंट डिस्प्ले अनुभव की उम्मीद कर रहे हैं। अगर आप भी ऐसे यूजर्स में से हैं, तो आगे डिटेल्स पढ़ सकते हैं।
iPhone 17, 17 Air बिना प्रोमोशन डिस्प्ले के (लीक)
टिप्स्टर का कहना है कि iPhone 17 और उसका Air मॉडल “साधारण 120Hz स्क्रीन” के साथ आएगा, लेकिन उसमें ProMotion का अडैप्टिव रिफ्रेश रेट नहीं होगा।
यह अफवाह इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि अब तक Apple की जितनी भी 120Hz स्क्रीन आई हैं, वे सभी ProMotion रही हैं। iPhone 17 के Pro मॉडल्स में ProMotion डिस्प्ले जारी रहने की उम्मीद है।
ProMotion डिस्प्ले हाल के iPhone Pro मॉडल्स में 1Hz से 120Hz और iPhone 13 Pro मॉडल्स में 10Hz से 120Hz के बीच रिफ्रेश रेट को स्विच कर सकता है। ये डिस्प्ले LTPO (Low-Temperature Polycrystalline Oxide) नामक एडवांस्ड टेक्नोलॉजी पर आधारित होते हैं, जो कि एक हार्डवेयर-आधारित फीचर है।

जब आप कोई गेम खेल रहे होते हैं, कंटेंट देख रहे होते हैं या बस स्क्रीन पर स्क्रॉल कर रहे होते हैं, तो स्क्रीन उच्च रिफ्रेश रेट पर काम करती है और जब स्क्रीन को बिना इस्तेमाल के छोड़ दिया जाता है या आप AoD (Always on Display) का उपयोग कर रहे होते हैं, तो रिफ्रेश रेट अपने आप कम हो जाता है। यह स्मूद और पावर-एफिशिएंट स्विचिंग न केवल बैटरी की बचत करता है, बल्कि बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस भी देता है।
आगामी iPhone 17 और iPhone 17 Air की डिस्प्ले लगातार और स्मूद तरीके से GPU या सिस्टम द्वारा आउटपुट किए जा रहे फ्रेम्स से मेल खाते हुए रिफ्रेश नहीं होगी।
इनमें रिफ्रेश रेट 60Hz, 90Hz और 120Hz जैसे फिक्स स्टेप्स पर स्विच हो सकता है, लेकिन यह बदलाव ProMotion की तरह पूरी तरह से सीमलेस और डायनामिक नहीं होगा।
इससे उन मॉडलों की तुलना में कम स्मूद मूवमेंट देखने को मिल सकता है, जिनमें ProMotion फीचर मौजूद है।
क्या आपको iPhone 17 और iPhone 17 Air का इंतजार करना चाहिए
अगर आप नॉन-प्रो iPhone खरीदने का सोच रहे हैं और आपके लिए स्मूद डिस्प्ले मायने रखता है, तो इंतजार करना फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि आने वाले iPhone 17 और iPhone 17 Air में 120Hz रिफ्रेश रेट दिए जाने की अफवाहें हैं। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि इनके डिस्प्ले की स्मूदनेस शायद iPhone 17 Pro मॉडल्स की ProMotion स्क्रीन जितनी न हो।
यह भी देखना होगा की क्या ब्रांड Apple iPhone 17 और iPhone 17 Air में Always-on Display (AoD) फीचर देगा, क्योंकि इससे पहले के नॉन-प्रो iPhones में यह सुविधा नहीं दी गई थी। AoD एक फिक्स रिफ्रेश रेट पर काम कर सकता है, लेकिन यह फीचर सबसे एफिशिएंट तरीके से LTPO पैनल पर काम करता है। अब देखना होगा कि Apple इस बार क्या पेश करता है।









