
यह पहली बार है जब ओपो ने अपनी फाइंड एक्स सीरीज में 4 फोन पेश किए हैं। सबसे पहले दिसम्बर में कंपनी ने OPPO Find X9 और OPPO Find X9 Pro को पेश किया था। वहीं अब OPPO Find X9s और Find X9 Ultra को लेकर आई है। सबसे खास बात कही जा सकती है कि ये दोनों मॉडल भी “Hasselblad Travel Companion” के तौर पर पेश किए गए हैं। हालांकि इस लेख में मैंने Find X9s का रिव्यू किया है। बाकी फाइंड सीरीज की तरह इस फोन के कैमरे को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। ऐसे में हमने रिव्यू की शुरुआत कैमरा फीचर्स से ही की है।
शानदार कैमरा

OPPO Find X9s में Hasselblad-ट्यून्ड ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है और इसका मेन सेंसर 50MP का है, जो f/1.8 अपर्चर के साथ आता है। कंपनी ने Sony LYT700 सेंसर का उपयोग किया है। मेन कैमरे के साथ आपको OIS का सपोर्ट मिल जाता है। वहीं दूसरा सेंसर 50MP का ही अल्ट्रावाइड लेंस है, जो f/2.0 अपर्चर के साथ 120-डिग्री फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करता है। फोन का तीसरा सेंसर 50MP पेरिस्कोप लेंस वाला 3x पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा है। कंपनी ने Sony LYT600 लेंस का उपयोग किया है, जो 120x Super Zoom सपोर्ट करता है। कुल मिलाकर कहें तो कैमरा सेगमेंट काफी शानदार है। रियर के बाद जब फ्रंट कैमरे की ओर आते हैं तो 32MP सेल्फी कैमरा मिलता है।
रिव्यू के दौरान हमने इस फोन से हर तरह की फोटोग्राफी की और हमारा अनुभव काफी शानदार था। सबसे पहले डेलाइट फोटोग्राफी की बात करें तो OPPO Find X9s में आपको बिल्कुल नेचुरल कलर मिलता है। इसके साथ ही फोटो शार्प भी थे। वहीं फोन का डायनेमिक रेंज भी बेहतर मिला। हां! कहीं-कहीं फोटोज थोड़े ब्राइट जरूर थे। हालांकि इसकी तुलना जब हमने वीवो X300 FE से की तो वह फोन भी कम नहीं था, लेकिन कलर के मामले में थोड़ा बनावटी लग रहा था।
डेलाइट के बाद जब अल्ट्रावाइड फोटो की बात करें तो OPPO Find X9s का 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा अपने प्रतियोगियों की तुलना में बेहतर डिटेल कैप्चर कर रहा था।
डेलाइट और अल्ट्रावाइड के बाद हमने इसमें पोर्ट्रेट इमेज भी कैप्चर किए और वहां भी यह अच्छा काम कर रहा था, लेकिन एक चीज देखने को मिली कि आफ्टर प्रोसेसिंग में थोड़ा समय ले रहा था। हालांकि एज डिटेक्शन अच्छे थे और बैकग्राउंड को नेचुरल ब्लर भी कर रहा था, लेकिन स्किन टोन को थोड़ा सॉफ्ट कर रहा था। वहीं इंडोर में यह कभी-कभी कलर को थोड़ा अलग कैप्चर कर रहा था। वहीं हमने इससे लो-लाइट यानी कि कम रोशनी में भी कुछ पिक्चर क्लिक किए, जहां यह फोन अच्छा तो कर रहा था लेकिन इसे बेस्ट नहीं कह सकते।

रही बात सेल्फी की तो OPPO Find X9s यहां भी आपको इम्प्रेस करेगा। हालांकि फोन स्किन टोन और कलर को थोड़ा शार्प बना देता है, लेकिन डायनेमिक रेंज काफी अच्छा था।
कुल मिलाकर कैमरे के बारे में कहें तो OPPO Find X9s काफी अच्छा परफॉर्म करता है। इसका प्राइमरी और अल्ट्रावाइड लेंस काफी बेहतर है और डिटेलिंग के साथ रंगों को भी अच्छे से कैप्चर करता है। सबसे बड़ी खूबी है कि आप जो देखते हैं, वैसे ही रंग यह कैप्चर कर सकता है। टेलीफोटो लेंस भी अच्छा है और आउटडोर में कोई कमी नहीं मिलेगी, लेकिन इंडोर में रंग थोड़ा बदल देता है।
परफॉर्मेंस में भी अच्छा है

कैमरे के बाद फोन के परफॉर्मेंस की बात करते हैं तो बता दूं कि यह डिवाइस MediaTek Dimensity 9500s चिपसेट पर काम करता है। यह एक फ्लैगशिप ग्रेड प्रोसेसर है, जो अपने शानदार परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही 12GB LPDDR5X RAM दी गई है। स्टोरेज के लिए OPPO Find X9s में 256GB और 512GB सहित दो ऑप्शन हैं। यह फोन UFS 4.1 स्टोरेज तकनीक को सपोर्ट करता है, जो कि बहुत ही अच्छी बात कही जा सकती है।

अपने रिव्यू के दौरान हमने इस पर कई बेंचमार्क रन किए और हर जगह यह बेहतर परफॉर्म कर रहा था। परफॉर्मेंस बेंचमार्क AnTuTu पर यह डिवाइस 30 लाख तक का स्कोर कर पाया। वहीं Geekbench पर सिंगल-कोर में 2,231 और मल्टी-कोर टेस्ट में 7,331 तक का स्कोर करने में सफल रहा।

CPU Throttling के लिए हमने इसमें Burnout Test और CPU Throttling जैसे दो टेस्ट किए, जहां Burnout Test में यह डिवाइस अपनी पीक परफॉर्मेंस का 58 प्रतिशत बनाए रखता है और अपने सेगमेंट के दूसरे डिवाइस से बेहतर रहा। वहीं CPU Throttling के दौरान यह सिर्फ 21 प्रतिशत तक थ्रॉटल हुआ, जो कि बहुत ही अच्छा कहा जा सकता है।

वहीं डेली यूसेज की बात करें तो OPPO Find X9s में हमें किसी तरह की कोई समस्या नहीं मिली। फोन अच्छी तरह से काम कर रहा था। रिव्यू के दौरान हमने इसमें वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग, मल्टीटास्किंग सहित कई हैवी ऐप ओपन किए, लेकिन कभी भी कोई लैग नहीं मिला। हालांकि सबसे अच्छी बात थी कि हर टेस्ट में यह अपने प्रतियोगियों से काफी कम हीट हो रहा था। फोन में हमें गर्म होने की शिकायत नहीं मिली। हां! लॉन्ग वीडियो शूट या ज्यादा देर तक कैमरा ऐप ओपन होने पर थोड़ा गर्म हो रहा था, लेकिन वहां सभी फोन गर्म होते ही हैं।

यहीं पर आपको फोन के सॉफ्टवेयर की थोड़ी जानकारी भी दे ही देते हैं। यह फोन Android 16 पर आधारित ColorOS 16 पर काम करता है। ओपो का यह नया ओएस पहले से कहीं बेहतर हो गया है और काफी नए फीचर्स भी इसमें देखने को मिलते हैं।
फोन में आपको ऐप ड्रॉअर पर सर्च टैब के पास एक गोल आइकन दिखाई देगा, जो ऐप्स को उनके कलर के हिसाब से अलग करता है। ऐसे में ऐप्स ढूंढ़ना काफी आसान हो जाता है।

ColorOS में एक और फीचर हमें अच्छा लगा, जहां आप नोटिफिकेशन्स को नीचे स्वाइप करके पिन कर सकते हैं। इन नोटिफिकेशन्स को आप तब तक एक्सेस कर सकते हैं, जब तक कि उन्हें मैनुअली हटा न दें।
ColorOS के साथ आपको कुल 61 प्रीइंस्टॉल ऐप्स मिलते हैं, जिनमें 7 थर्ड-पार्टी ऐप्स हैं। हालांकि आप इनमें से कुछ को हटा सकते हैं। परंतु इन ऐप्स के साथ आपको बहुत सारे कस्टमाइजेशन ऑप्शन मिलते हैं, जिनमें लॉक स्क्रीन पर्सनलाइजेशन, रीसाइजेबल फोल्डर और कस्टम विजेट आदि शामिल हैं। वहीं इसमें भी गूगल का जेमिनाई इंटीग्रेशन है, जहां आपको ढेर सारे AI फीचर्स मिल जाते हैं, जिनका उपयोग आप कैमरा और सर्च सहित डेली यूसेज में कर सकते हैं।

कंपनी ने OPPO Find X9s के साथ पांच साल तक OS अपग्रेड और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट का भरोसा दिया है।
बैटरी तो…

टास्क परफॉर्मेंस के बाद फोन के बैटरी परफॉर्मेंस पर बात करें तो यह फोन 7,025mAh की बैटरी के साथ आता है। इसके साथ ही 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। हालांकि यहां एक कमी कही जा सकती है कि इसमें वायरलेस चार्जिंग नहीं है। फोन की कीमत देखकर कहा जा सकता है कि यदि इसमें वायरलेस चार्जिंग होती तो ज्यादा बेहतर कहा जाता।

रही बात बैटरी बैकअप की तो हमारे PCMark टेस्ट में यह फोन 15 घंटे और 12 मिनट तक का स्कोर कर पाया, जो कि अच्छा है, लेकिन बड़ी बैटरी को देखकर हम इससे ज्यादा की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि अच्छे-खासे उपयोग के बाद भी यह फोन एक पूरा दिन आराम से निकाल देता है, लेकिन फिर भी यही कहूंगा कि बैटरी को और अच्छे से ऑप्टिमाइज किया जा सकता था।
डिजाइन और डिस्प्ले

सब कुछ देखने के बाद अंततः बात करते हैं OPPO Find X9s के डिजाइन और डिस्प्ले की। यदि आपने पहले से ओपो की फाइंड सीरीज देख रखी है तो दूर से भी इसे पहचान जाएंगे कि यह ओपो का फोन है। हां! यह Find X9 के समान लगता है। फोन के बैक पैनल में आपको एक चौकोर कैमरा मॉड्यूल मिलता है, जिसके किनारे फ्लैट हैं। कंपनी ने एल्युमिनियम फ्रेम और ग्लास बैक का उपयोग किया है, जिसकी वजह से यह हाथ में प्रीमियम लगता है और पकड़ने में भी आरामदायक है। इसका डिजाइन कॉम्पैक्ट है, ऐसे में आसानी से हथेली में आ जाता है। इसका साइज 157mm x 74mm x 8mm और वजन मात्र 203 ग्राम है।
हालांकि आप पूरी स्क्रीन का उपयोग अब भी एक हाथ से नहीं कर पाएंगे, लेकिन लगभग 80 प्रतिशत स्क्रीन का उपयोग किया जा सकता है, जो कि अच्छी बात है।

अच्छी डिजाइन के साथ ही फोन की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा गया है। यह फोन IP66, IP68 और IP69 सर्टिफाइड है, जो बहुत हद तक इसे पानी और धूल से सुरक्षित रखता है।
भारतीय बाजार में OPPO Find X9s तीन रंगों में उपलब्ध है— मिडनाइट ग्रे, लैवेंडर स्काई और सनसेट ऑरेंज। हमें सबसे अच्छा सनसेट ऑरेंज लगा।

डिजाइन से आगे बढ़कर डिस्प्ले की बात करें तो फोन में आपको 6.59-इंच AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz स्क्रीन रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन में 1,800 निट्स की पीक ब्राइटनेस है और यह Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन के साथ आता है, जो इसे मजबूती प्रदान करता है और कुछ हद तक स्क्रैच से सुरक्षित भी रखता है।
रही बात डिस्प्ले क्वालिटी की तो आपको कहीं से कोई कमी नहीं मिलेगी। रंग काफी उभर कर आते हैं और हर व्यूइंग एंगल से आपको अच्छा दिखता है। हालांकि फ्लैट डिस्प्ले है, लेकिन अच्छा है और मुझे कोई कमी नहीं लगी।
आप इसमें OTT स्ट्रीम करें या फिर गेमिंग, कहीं से कोई कमी नहीं मिलेगी। वहीं फोन के स्टीरियो स्पीकर भी दमदार साउंड देने में सक्षम हैं। इसमें ऑन-स्क्रीन अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट स्कैनर है, जो काफी फास्ट है।
AI की बढ़ती डिमांड को देखकर OPPO Find X9s में भी डेडिकेटेड AI माइंड बटन दिया गया है, जो डेली यूज में काफी उपयोगी भी है।
निष्कर्ष

फोन के बारे में अंतिम निर्णय देने से पहले इसकी कीमत जान लेते हैं। भारतीय बाजार में OPPO Find X9s की शुरुआती कीमत 79,999 रुपये है। वहीं दूसरा मॉडल, जो 512GB स्टोरेज के साथ आता है, उसकी कीमत 89,999 रुपये है। यह फोन OPPO Find X9 से थोड़ा ऊपर है। इसमें आपको पावरफुल प्रोसेसर, बेहतर मेन कैमरा और एक स्मूथ एक्सपीरियंस मिलता है।
इसके साथ ही डिस्प्ले अच्छा है और परफॉर्मेंस में भी कोई बड़ी कमी नहीं मिली। कैमरा आपको जरूर इम्प्रेस करता है। Hasselblad-ट्यून्ड कैमरा आपको हर कंडिशन में बेहतर रिजल्ट देने का दम रखता है। सबसे अच्छी बात जो हमें लगी, वह यह कि यह कलर को बहुत नैचुरल रखता है, जो दूसरे ब्रांड के साथ हमें देखने को नहीं मिला।

बैटरी बैकअप अच्छा है, लेकिन हम और बेहतर की आशा कर रहे थे। वहीं लो-लाइट में यदि कैमरा थोड़ा और बेहतर परफॉर्म करता तो ज्यादा अच्छा कहा जाता। इसके साथ ही फोन में वायरलेस चार्जिंग का न होना भी कमी कही जा सकती है।
बावजूद इसके यही कहेंगे कि यदि आप एक प्रीमियम फोन की तलाश में हैं और बजट एक लाख रुपये से कम है, तो OPPO Find X9s को देख सकते हैं।

















