
अगर आप Vivo X300 FE खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको इसके लिए पहले से ज्यादा रुपये खर्च करने होंगे। क्योंकि कंपनी ने इस प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमत में 7,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें ब्रांड की वेबसाइट और सभी प्लेटफॉर्म पर लागू हो चुकी हैं। जिससे फोन के दोनों स्टोरेज वैरियंट पहले की तुलना में महंगे मिलेंगे। हालांकि, कंपनी ने फिलहाल इस प्राइस हाइक की वजह नहीं बताई है। आइए, आगे नई कीमत और प्राइस बढ़ने का संभावित कारण जानते हैं।
Vivo X300 FE की नई कीमत
Vivo X300 FE के 12GB + 256GB वैरियंट की लॉन्च कीमत 79,999 रुपये थी। जिसे बढ़ाकर 86,999 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 12GB + 512GB मॉडल की लॉन्च कीमत 89,999 रुपये थी। जो अब 96,999 रुपये में उपलब्ध है। यानी दोनों मॉडल्स की कीमत में कुल 7,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

कीमत बढ़ने की क्या हो सकती है वजह?
Vivo ने अचानक हुए इस प्राइस हाइक को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा समय में कई स्मार्टफोंस की कीमत बढ़ीं हैं। इसके पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं। इनमें आयात लागत (Import Cost) में बदलाव, विदेशी मुद्रा विनिमय दर (Exchange Rate) में उतार-चढ़ाव, सप्लाई चेन की लागत, टैक्स या ड्यूटी में बदलाव और बाजार की कंडीशंस जैसे कारण शामिल हो सकते हैं।
Vivo X300 FE के स्पेसिफिकेशंस
Vivo X300 FE में 6.31-इंच का 1.5K LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलता है। जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 5,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। परफॉरमेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है।
फोटोग्राफी के लिए Vivo X300 FE फोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है। फोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 40W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है।
क्या अब भी खरीदना सही रहेगा?
यदि आप Vivo X300 FE को लॉन्च प्राइस पर खरीदने की सोच रहे थे तो 7,000 रुपये की बढ़ी हुई कीमत आपको फोन लेने से रोक सकती है। क्योंकि इस कीमत में बाजार में कई फ्लैगशिप विकल्प मौजूद हैं। आप Motorola, realme, Oppo या OnePlus के मॉडल्स पर नजर डाल सकते हैं। वहीं, अगर आपको यही वीवो डिवाइस चाहिए तो बैंक ऑफर, फेस्टिव सेल या कीमत में कटौती का इंतजार करना बेहतर होगा।

अगर आपकी पसंद कॉम्पैक्ट डिजाइन, दमदार कैमरा और फ्लैगशिप परफॉरमेंस है और आपको यही फोन पसंद है, तो Vivo X300 FE प्राइस बढ़ने के बावजूद प्रीमियम विकल्प माना जा सकता है। हालांकि आप अपनी पसंद और बजट के अनुसार निर्णय ले सकते हैं। हम आपको कीमत बढ़ने या कम होने पर आगे भी अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।









