
Redmi ने भारतीय बाजार में अपनी Note 17 सीरीज का विस्तार कर दिया है। इसके तहत Redmi Note 17 Pro 5G और Redmi Note 17 Pro Max 5G लॉन्च हुए हैं। हम इस पोस्ट में प्रो मॉडल की बात करेंगे। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। इसमें 1.5K AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon चिपसेट, OIS कैमरा और मजबूत बिल्ड दी गई है। यदि आप बड़ी बैटरी, तगड़ी बिल्ड क्वालिटी और शानदार परफॉरमेंस वाला नया मिड रेंज फोन देख रहे हैं तो यह बढ़िया ऑप्शन है। आइए, आगे फुल स्पेसिफिकेशंस और प्राइस डिटेल्स जानते हैं।
Redmi Note 17 Pro 5G की कीमत और उपलब्धता
भारत में Redmi Note 17 Pro 5G को दो स्टोरेज वेरिएंट्स में पेश किया गया है। इसके 8GB रैम + 128GB स्टोरेज की कीमत 36,999 रखी गई है। जबकि इसका 8GB रैम + 256GB स्टोरेज 39,999 की कीमत पर उपलब्ध होगा। फोन Cloud Blue, Purple Vibe और Stealth Black कलर्स में मिलेगा।
लॉन्च ऑफर्स की बात करें तो ग्राहकों को SBI Card, Axis Bank, Kotak और IDFC FIRST Bank कार्ड्स पर 3,000 रुपये तक का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट मिलेगा। कंपनी इस स्मार्टफोन के साथ 7,499 की वैल्यू वाला No.1 Care Plan पूरी तरह फ्री दे रही है। वहीं, डिवाइस की आधिकारिक सेल 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी। यह फोन mi.com, Amazon.in और Xiaomi रिटेल पर खरीदने के लिए उपलब्ध होगा।

Redmi Note 17 Pro 5G की खास बैटरी
Redmi Note 17 Pro 5G में 9,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन (Si/C) बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी सिंगल चार्ज पर 3.5 दिनों से ज्यादा का बैकअप दे सकती है। फोन में 67W TurboCharge सपोर्ट मिलता है। जिससे इसे 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 80 मिनट लगते हैं। इसका चार्जर बॉक्स में ही दिया जा रहा है।
Redmi Note 17 Pro 5G फोन में 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का फीचर भी है। जिसकी मदद से दूसरे गैजेट्स को चार्ज किया जा सकता है। बैटरी की लंबी लाइफ के लिए इसे TUV SUD 5-Star बैटरी सर्टिफिकेशन मिला है। कंपनी के मुताबिक, 1,600 चार्जिंग साइकिल के बाद भी बैटरी 80 प्रतिशत से ज्यादा क्षमता बनाए रख सकती है।
Redmi Note 17 Pro 5G के स्पेसिफिकेशंस
Redmi Note 17 Pro 5G स्मार्टफोन में 6.83 इंच का 1.5K फ्लैट AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। यह स्क्रीन 12-bit TrueColour सपोर्ट करती है। इस डिस्प्ले में 120Hz AdaptiveSync रिफ्रेश रेट, 3500 निट्स की पीक ब्राइटनेस, Dolby Vision और HDR10+ का सपोर्ट मिलता है। आंखों की सुरक्षा के लिए इसमें 3840Hz PWM डिमिंग, DC डिमिंग और Rhythm Eye-Care 2.0 जैसे फीचर्स दिए गए हैं। साथ ही, डिस्प्ले को ट्रिपल TUV Rheinland सर्टिफिकेशन भी मिला है।
परफॉरमेंस के लिए Redmi Note 17 Pro 5G में 4nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट दिया गया है। फोन दो स्टोरेज वैरियंट में आता है। जिसमें 8GB + 128GB और 8GB + 256GB शामिल हैं।
128GB मॉडल में LPDDR4X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज है। जबकि 256GB वैरियंट में LPDDR4X रैम के साथ तेज UFS 3.1 स्टोरेज मिलता है। इसमें 8GB वर्चुअल रैम का सपोर्ट भी है। जिससे जरूरत पड़ने पर कुल रैम 16GB तक हो जाती है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो Redmi Note 17 Pro 5G Android 16 आधारित HyperOS 3 पर रन करता है। कंपनी फोन के लिए 4 साल के प्रमुख OS और 6 साल के सुरक्षा पैच अपडेट दे रही है।
फोटोग्राफी के लिए Redmi Note 17 Pro 5G फोन के रियर पैनल पर OIS सपोर्ट वाला 50MP AI प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसके साथ ग्रुप शॉट्स और ज्यादा एरिया कैप्चर करने के लिए 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16MP कैमरा दिया गया है।
Redmi Note 17 Pro 5G के कैमरा सेटअप में हाई डायनामिक पोर्ट्रेट, नाइट पोर्ट्रेट और 4K 30fps वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट है। वीडियो रिकॉर्डिंग में OIS और EIS दोनों का इस्तेमाल किया जा सकता है। यही नहीं AI Erase Pro और AI Expansion जैसे फीचर्स के साथ AI Creativity Suite भी दिया गया है। फोन में डेडिकेटेड Underwater Mode भी मिलता है।
Redmi Note 17 Pro 5G को मजबूती के मामले में भी खास बनाया गया है। फोन को स्मूथ ग्रेनाइट पर 3 मीटर तक ड्रॉप रेजिस्टेंस के लिए SGS Premium 5-Star सर्टिफिकेशन मिला है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए इसमें Corning Gorilla Glass Victus 2 लगा है।
वाटर और डस्ट रेसिस्टेंस के लिए Redmi Note 17 Pro 5G फोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग्स दी गई हैं। कंपनी के अनुसार, इसे 2 मीटर गहरे पानी में 72 घंटे तक सुरक्षित रहने के लिए टेस्ट किया गया है। गीले हाथों से फोन उपयोग करने के लिए इसमें HydroTouch 2.0 तकनीक भी मिलती है।
फोन में Xiaomi Offline Communication फीचर भी है, जिसकी मदद से बिना मोबाइल नेटवर्क के 1 किलोमीटर तक मैसेजिंग की जा सकती है। इसके अलावा HyperIsland, Google Gemini, Circle to Search, इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और IR रिमोट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

Redmi Note 17 Pro 5G के साथ कंपनी 2 साल का No.1 Care Plan मुफ्त दे रही है। इसके तहत फोन पर 2 साल की कॉम्प्रिहेंसिव वारंटी मिलती है। जिसमें 1 साल की स्टैंडर्ड और 1 साल की एक्सटेंडेड वारंटी शामिल है। इसके अलावा, 2 साल के अंदर एक बार स्क्रीन का मुफ्त रिप्लेसमेंट और बैटरी हेल्थ 80 प्रतिशत से नीचे आने पर मुफ्त बैटरी रिप्लेसमेंट की सुविधा भी मिलेगी। उम्मीद करते हैं यह जानकारी आपके काम आएगी। ऐसी ही और खबरों के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।












