
251 रुपए वाले Freedom 251 के नाम पर लोगों को ठगी करने वाली कंपनी रिंगिंग बेल्स के प्रबंध निदेशक मोहित गोयल को उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। मोहित गोयल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद इंदिरापुरम पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। मोहित की गिरफ्तारी साढ़ू विकास मित्तल ने उसके खिलाफ इंदिरापुरम थाने में हत्या की कोशिश, धोखाधड़ी सहित आठ धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
विकास मित्तल का आरोप है कि मोहित ने अपनी महिला दोस्त के सहयोग से उन पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया है और उसी को खत्म करने के नाम पर 41 लाख रुपये ले चुका है। इतने पैसे लेने के बाद भी मोहित 1.10 लाख रुपए और मांग रहा था। पैसे न देने के चलते उसकी हत्या की कोशिश की गई।

पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
नोएडा की कंपनी रिंगिंग बेल्स के प्रमुख अधिकारी मोहित गोयल इससे पहले भी पुलिस हिरासत में जा चुके हैं। कुछ वर्षों पहले गाजियाबाद स्थित कंपनी अयाम इंटरप्राइजेज़ ने रिंगिंग बेल्स द्वारा उनके साथ 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मोहित गोयल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी जिसके लिए मोहित को पुलिस हिरासत में लिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 40 साल का गोयल 2017 के 251 रुपये फोन का मास्टरमाइंड है। मोहित ने लोगों को 251 रुपये में स्मार्टफोन की पेशकश की थी और उसे फरवरी 2017 में गिरफ्तार किया गया थ। मोहित के खिलाफ एक कंपनी ने शिकायत दर्ज कराई थी।
इतना ही नहीं पिछले साल दिसंबर में सेक्टर 58 पुलिस स्टेशन में गोयल और जांगिड़ समेत 14 संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। ये मामला लोगों को ड्राई फ्रूट और मसालों के लिए भुगतान करने से संबंधित था। इसी मामले में मोहित को इस साल जनवरी में गिरफ्तार किया गया था।





















