
रिलायंस जियो एक बार फिर 4जी डाउनलोड स्पीड में अव्वल साबित हुई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ट्राई द्वारा जारी अक्टूबर माह के आंकड़ों के मुताबिक जियो की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड 21.9 एमबीपीएस दर्ज की गई। सितंबर माह के मुकाबले इसमें 1 एमबीपीएस का उछाल देखने को मिला। सितंबर माह में जियो की 4जी डाउनलोड स्पीड 20.9 एमबीपीएस थी।
टेलीकॉम क्षेत्र की प्रमुख तीनों कंपनियों की 4जी स्पीड में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। हालांकि, एक बार फिर रिलायंस जियो ने औसत 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में एयरटेल और वीआई (वोडाफोन-आइडिया) को एक बार फिर भारी अंतर से मात दी है। जियो की 4जी डाउनलोड स्पीड एयरटेल से 8.7MBPS तो वीआई इंडिया से 6.3MBPS अधिक रही। रिलायंस जियो औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में लगातार नंबर वन की पोजीशन पर काबिज है।
वहीं, एयरटेल ने 13.2 एमबीपीएस 4जी डाउनलोड स्पीड दर्ज की है। सितंबर के मुकाबले उसकी स्पीड में 1.3एमबीपीएस की बढ़ोत्तरी हुई। इसके अलावा वोडाफोन और आइडिया सेल्युलर ने अपने कारोबार का विलय कर लिया था और अब वे वोडाफोन-आइडिया के रूप में काम कर रहे हैं पर अप्रैल 2021 तक ट्राई दोनों के आकंड़े अलग अलग दिखाता था। लेकिन, ट्राई ने दोनों कंपनियों के आंकड़े वीआई इंडिया के नाम से प्रकाशित करने शुरू कर दिए हैं।

वोडाफोन-आइडिया यानी वीआई इंडिया के आंकड़ें बताते हैं कि अक्टूबर माह में कंपनी की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में 1.2 एमबीपीएस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अक्टूबर में वी-आई इंडिया की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड 15.6 एमबीपीएस दर्ज गई। लगता है वीआई इंडिया ने भारती एयरटेल को स्थाई तौर पर तीसरे नंबर पर ढकेल दिया है। कंपनी लगातार दूसरी पोजीशन पर बनी हुई है।
लेटेस्ट वीडियो
डाउनलोड की तरह औसत 4जी अपलोड स्पीड में भी भारती एयरटेल तीसरे नंबर पर है। अक्टूबर माह में कंपनी की औसत अपलोड स्पीड 5.2 एमबीपीएस दर्ज की गई। 7.6 एमबीपीएस के साथ वीआई इंडिया औसत 4 जी अपलोड स्पीड चार्ट में सबसे ऊपर रहा। दूसरे नंबर पर रिलायंस जियो ने बाजी मारी उसकी अपलोड स्पीड 6.4 एमबीपीएस रही।





















