Android फोन को हैकिंग से कैसे बचाएं? जानें Advanced Protection फीचर ऑन करने के तरीके

Join Us icon

आज के समय में हम अपने स्मार्टफोन में बैंकिंग ऐप्स, निजी फोटो, ऑफिस डॉक्यूमेंट, पासवर्ड, सोशल मीडिया और निजी बातचीत जैसी बेहद संवेदनशील जानकारी रखते हैं। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि फिंगरप्रिंट लॉक, फेस अनलॉक या एक मजबूत पासकोड ही सुरक्षा के लिए काफी है, लेकिन सच्चाई यह है कि आधुनिक साइबर खतरे केवल पासवर्ड तोड़ने की ही कोशिश नहीं करते है, बल्कि वे सिस्टम की कमजोरियों, असुरक्षित नेटवर्क, फर्जी ऐप्स और छिपी हुई तकनीकी खामियों का फायदा उठाते हैं। Android 16 के साथ Google ने एक ऐसा फीचर दिया है, जो आपके फोन की सुरक्षा को एक नए लेवल पर ले जाता है। इस फीचर का नाम Advanced Protection है। हालांकि यह फीचर डिफॉल्ट रूप से ऑन नहीं होता है और सेटिंग्स में अंदर छिपा रहता है। लेकिन एक बार इसे चालू कर दिया जाए, तो आपका फोन पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो जाता है। आइए जानते हैं एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Advanced Protection फीचर क्या है और इसे कैसे ऑन किया जा सकता है।

Advanced Protection क्या है?

Advanced Protection फीचर Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम में जोड़ा गया एक सिस्टम-लेवल सिक्योरिटी मोड है। इसका काम आपके फोन को ऑनलाइन खतरों, खतरनाक ऐप्स, अनधिकृत एक्सेस और साइबर हमलों से बचाना है। आसान शब्दों में कहें तो यह आपके स्मार्टफोन को डिजिटल और फिजिकल दोनों तरह के हमलों के खिलाफ और ज्यादा मजबूत बना देता है।

यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो अपने फोन में ज्यादा संवेदनशील जानकारियां सेव कर रखते हैं, ज्यादा यात्रा करते हैं या सार्वजनिक नेटवर्क का उपयोग करते हैं। पत्रकार, एक्टिविस्ट, बिजनेस प्रोफेशनल या सरकारी पदों पर काम करने वाले लोगों के लिए यह बेहद फायदेमंद है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि सामान्य यूजर को इसकी जरूरत नहीं है। आज के समय में हर स्मार्टफोन में बैंकिंग ऐप्स, निजी फोटो, डॉक्यूमेंट और निजी बातचीत होती है। ऐसे में मजबूत सुरक्षा सभी के लिए जरूरी है। Advanced Protection कई महत्वपूर्ण सिक्योरिटी सेटिंग्स को एक साथ लागू कर देता है, जैसे:

  • अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने पर रोक
  • Google अकाउंट में सख्त साइन-इन नियम
  • सिस्टम लेवल पर कड़े डिफॉल्ट सिक्योरिटी सेटिंग्स
  • ऐप्स की सख्त जांच और वेरिफिकेशन

इससे आपके फोन के हैक या संक्रमित होने की संभावनाएं काफी कम हो जाती हैं।

Advanced Protection कैसे ऑन करें?

आपको बता दें कि एंड्रॉयड फोन में यह फीचर डिफॉल्ट रूप से ऑन नहीं होता है, इसलिए आपको इसे खुद एक्टिव करना होगा। अच्छी बात यह है कि इसे ऑन करना बहुत आसान है। मगर आपको सबसे पहले चेक करना होगा कि आपका फोन एंड्रॉयड 16 पर चल रहा है या नहीं। इसे चेक करने के लिए सबसे पहले अपने फोन की सेटिंग्स में जाएं और System सेक्शन में जाकर Software Update चेक करें। अगर फोन एंड्रॉयड 16 पर चल रहा हैं, तो फिर नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करेंः

  • स्टेप-1: सबसे पहले अपने एंड्रॉयड फोन की Settings ऐप को ओपन करें।
  • स्टेप-2: इसके बाद आपको Security and Privacy सेक्शन में जाना होगा।

Advanced Protection

  • स्टेप-3: यहां पर आपको Advanced Protection का विकल्प दिखाई देगा। उस पर टैप करें।

Advanced Protection

  • स्टेप-4: फिर Device Protection टॉगल को ऑन कर दें।

Advanced Protection

  • स्टेप-5: Turn On पर टैप करके कन्फर्म करें।

Advanced Protection

  • स्टेप-6: अगर कहा जाए तो फोन को रीस्टार्ट कर दें।

बस इतना करने के बाद आपका फोन Google की सबसे मजबूत सुरक्षा सेटिंग्स के साथ काम करना शुरू कर देगा। आप इसे Apple के Lockdown Mode जैसा समझ सकते हैं यानी एक ऐसा मोड जो सिक्योरिटी को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

Advanced Protection ऑन करने के बाद क्या होगा?

दिलचस्प बात यह है कि आपको तुरंत कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देगा। फोन का लुक और आपकी कस्टमाइजेशन वैसी ही रहेगी, लेकिन बैकग्राउंड में कई कड़े नियम लागू हो जाएंगे।

  • डिवाइस सेफ्टी मजबूत हो जाएगीः फोन में Theft Detection और Offline Device Lock जैसे फीचर एक्टिव हो जाएंगे। यदि आपका फोन 72 घंटे तक इस्तेमाल नहीं होता है, तो वह अपने आप रीस्टार्ट हो सकता है।
  • Sideloading पर रोक: आप अनजान स्रोतों से ऐप डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। अगर पहले से ऐसा कोई ऐप इंस्टॉल है, तो उसके अपडेट भी ब्लॉक हो सकते हैं। Google Play Protect अपने आप ऑन रहेगा।
  • USB डाटा ट्रांसफर सीमित: जब फोन लॉक होगा, तब USB के जरिए डाटा ट्रांसफर की अनुमति नहीं मिलेगी। इससे कोई भी व्यक्ति आपके लॉक फोन से डाटा नहीं निकाल पाएगा।
  • 2G नेटवर्क से कनेक्शन बंद: 2G नेटवर्क को असुरक्षित माना जाता है। Advanced Protection ऑन होने पर आपका फोन 2G नेटवर्क से कनेक्ट नहीं करेगा।
  • असुरक्षित वेबसाइट से सुरक्षा: Android Safe Browsing अपने आप एक्टिव रहेगा। Chrome ब्राउजर उपलब्ध होने पर HTTPS कनेक्शन को प्राथमिकता देगा, जिससे फिशिंग और खतरनाक वेबसाइट्स से बचाव होगा।

हां, इसके साथ थोड़ी लचीलापन कम हो सकती है। आप Play Store के बाहर से ऐप इंस्टॉल नहीं कर पाएंगे और कुछ सिस्टम सेटिंग्स बदलना मुश्किल हो सकता है। लेकिन बदले में जो सुरक्षा मिलती है, वह कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।

Google Account को कैसे प्रोटेक्ट करें

डिवाइस-लेवल सुरक्षा के अलावा आप अपने Google अकाउंट के लिए भी Advanced Protection Program जॉइन कर सकते हैं। यह फीचर आपके Gmail, Google Docs और अन्य क्लाउड डाटा की सुरक्षा बढ़ाता है। जहां Advanced Protection आपके फोन को सुरक्षित करता है, वहीं Google का Advanced Protection Program आपके अकाउंट और क्लाउड डाटा की रक्षा करता है। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैंः

  • स्टेप-1: Google के Advanced Protection पेज पर जाएं।
  • स्टेप-2: फिर Get Started पर क्लिक करें।
  • स्टेप-3: अब आपको अपने Google यानी जीमेल अकाउंट से साइन इन करने के लिए कहा जाएगा।
  • स्टेप-4: Enroll in Advanced Protection पर टैप करें।
  • स्टेप-5: फिर आपको ऑन-स्क्रीन निर्देशों का पालन करना होगा।

यदि भविष्य में आप इसे बंद करना चाहें, तो अपने Google अकाउंट की Security सेटिंग्स में जाकर unenroll कर सकते हैं।

क्यों जरूरी है यह फीचर?

आज डिजिटल सुरक्षा केवल स्क्रीन लॉक तक सीमित नहीं है। हैकर्स पासवर्ड गेस करने की बजाय सिस्टम की कमजोरियों, पुराने नेटवर्क, असुरक्षित ऐप्स और छिपी खामियों को निशाना बनाते हैं। Advanced Protection इन्हीं कमजोरियों को बंद करने का काम करता है। समस्या यह है कि यह फीचर न तो डिफॉल्ट रूप से ऑन होता है और न ही इसे ज्यादा प्रचारित किया जाता है। इसलिए ज्यादातर यूजर इसके बारे में जानते ही नहीं हैं। अगर आपके फोन में बैंकिंग ऐप्स, निजी डॉक्यूमेंट, फोटो और निजी बातचीत है, तो Advanced Protection आपके लिए सबसे जरूरी सेटिंग हो सकती है। आपके Android फोन में पहले से ही सबसे मजबूत सुरक्षा मौजूद है। बस वह सेटिंग्स के अंदर छिपी हुई है। आज ही कुछ मिनट निकालिए, Advanced Protection ऑन कीजिए और अपने डाटा को एक अतिरिक्त मजबूत सुरक्षा कवच दीजिए, क्योंकि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहना अब विकल्प नहीं, जरूरत है।

सवाल- जवाब (FAQs)

क्या Advanced Protection ऑन करने से फोन स्लो हो जाएगा?

नहीं, आमतौर पर यह फीचर परफॉर्मेंस को प्रभावित नहीं करता है। यह केवल बैकग्राउंड में सुरक्षा से संबंधित नियमों को सख्त करता है।

क्या मैं बाद में इस फीचर को बंद कर सकता हूं?

हां, आप Settings में जाकर Advanced Protection को ऑफ कर सकते हैं।

क्या इससे मेरे इंस्टॉल किए हुए ऐप्स हट जाएंगे?

नहीं, पहले से इंस्टॉल ऐप्स हटेंगे नहीं, लेकिन अनजान स्रोतों से डाउनलोड किए गए ऐप्स के अपडेट पर रोक लग सकती है।

क्या यह फीचर सभी Android फोन में उपलब्ध है?

यह मुख्य रूप से Android 16 या उसके बाद के वर्जन में उपलब्ध है। पुराने वर्जन में यह फीचर नहीं मिलेगा।

क्या यह Apple के किसी फीचर जैसा है?

हां, इसे iPhone के Lockdown Mode जैसा समझा जा सकता है, जो हाई-लेवल सिक्योरिटी प्रदान करता है।

क्या सामान्य यूजर को भी इसे ऑन करना चाहिए?

अगर आपके फोन में बैंकिंग ऐप्स, निजी डाटा या संवेदनशील जानकारी है, तो इसे ऑन करना समझदारी भरा कदम हो सकता है।

क्या इससे बैटरी पर असर पड़ेगा?

सामान्य उपयोग में बैटरी पर कोई खास असर नहीं पड़ता है, क्योंकि यह फीचर मुख्य रूप से सुरक्षा नियमों को सख्त करता है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here