
HMD का नया बजट स्मार्टफोन Geekbench पर नजर आया है, जिसे HMD Pulse 2 Pro कहा जा रहा है। यह डिवाइस “Pearl” कोडनेम के साथ स्पॉट हुआ है। इस प्लेटफार्म से फोन के स्पेसिफिकेशंस को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह जल्द आ सकता है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Geekbench लिस्टिंग के अनुसार फोन में “ums9230_6h10” मदरबोर्ड की जानकारी मिली है। इसमें दो परफॉरमेंस कोर 1.82GHz की क्लॉक स्पीड पर और छह एफिशिएंसी कोर 1.61GHz पर रन करते दिख रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह कॉन्फिगरेशन Unisoc T7250 चिपसेट से काफी हद तक मैच हो सकता है। इससे पहले भी Pulse 2 Pro को लेकर लीक सामने आया था जिसमें T615 प्रोसेसर का जिक्र था लेकिन अब माना जा रहा है कि Unisoc T7250 चिपसेट मिल सकता है। हालांकि देखना होगा कि लॉन्च के वक्त ब्रांड कौनसा चिपसेट उपयोग करता है।
Geekbench लिस्टिंग से यह भी सामने आया है कि HMD Pulse 2 Pro में 4GB RAM दी जा सकती है। यह फोन Android 15 पर रन कर सकता है। हालांकि, अगर Android 16 के साथ RAM की न्यूनतम जरूरत बढ़ती है, तो लंबे समय तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिए इस फोन को Android Go वर्जन पर निर्भर रहना पड़ सकता है। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि मेमोरी प्राइसेज बढ़ने की वजह से अगले साल 4GB RAM वाले और भी स्मार्टफोंस बाजार में आ सकते हैं।
पिछले साल लॉन्च हुए HMD Pulse Pro को 4GB, 6GB और 8GB RAM वेरिएंट्स में पेश किया गया था। ऐसे में यह देखना होगा कि Pulse 2 Pro में कंपनी 8GB RAM का ऑप्शन देती है या नहीं। हालांकि अब तक आई जानकारी से लगता है कि HMD इस बार ज्यादा फोकस बेसिक उपयोग और किफायती कीमत पर कर रहा है।
इस बेंचमार्क डिटेल्स से लगता है कि HMD Pulse 2 Pro से हाई-एंड परफॉरमेंस की उम्मीद नहीं की जा सकती है। यह फोन रोजमर्रा के काम जैसे कॉलिंग, मैसेजिंग, सोशल मीडिया और हल्के ऐप यूसेज के लिए आ सकता है।
HMD Pulse 2 Pro उन लोगों के लिए हो सकता है जो सिंपल, क्लीन Android एक्सपीरियंस वाला एंट्री लेवल फोन देख रहे हैं। इसका मुकाबला संभावित तौर पर Redmi A5, Samsung Galaxy A06 और Lava Bold N1 जैसे फोंस से हो सकता है।
अगर HMD Pulse 2 Pro को कम कीमत पर लॉन्च किया जाता है और इसमें अच्छा Android अनुभव मिलता है तो यह बेसिक यूजर्स के लिए सही विकल्प बन सकता है। इसलिए आप इसका इंतजार कर सकते हैं। हम आपको आगे भी इसका अपडेट देंगे। हमारे साथ बने रहें।











