2025 के पहले 3 महीनों में हुआ इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में बड़ा उलटफेर, जानें किस ब्रांड का हुआ कैसा हाल

Join Us icon

प्रसिद्ध रिसर्च फर्म Counterpoint ने भारत के स्मार्टफोन मार्केट को लेकर 2025 की पहली तिमाही (Q1 2025) की विस्तृत रिपोर्ट जारी की है। इस ताजा डेटा में भारतीय बाजार की स्थिति बताते हुए देश में मौजूद मोबाइल ब्रांड्स का हाल बयान किया गया है। किसी कंपनी ने मुनाफा कमाया और किसने घाटा खाया जैसे कई दिलचस्प आंकड़े इस रिपोर्ट में सामने आए हैं। आइए ब्रांड दर ब्रांड विस्तार से समझते हैं कि किस कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहा।

Vivo नंबर 1 मोबाइल ब्रांड

काउंटरप्वाइंट्स के मुताबिक, Vivo ने 2025 की पहली तिमाही में भारतीय बाजार का 22% हिस्सा कब्जाया और बाजार में नंबर-1 स्थान फिर से हासिल किया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी की हिस्सेदारी 19% थी। यानी Vivo ने साल-दर-साल 3% मार्केटशेयर की बढ़त दर्ज की। कंपनी की ग्रोथ के पीछे Vivo V सीरीज और T सीरीज की लोकप्रियता को अहम माना जा रहा है।

Samsung ने पाया टॉप 2 का स्थान

Samsung ने इस तिमाही में 17% मार्केटशेयर के साथ दूसरा स्थान बरकरार रखा। पिछले साल इसी अवधि में Samsung का मार्केटशेयर 18% था, यानी मामूली गिरावट आई है। हालांकि, कंपनी की प्रीमियम S सीरीज और मजबूत ऑफलाइन नेटवर्क के चलते उसका बाजार प्रभाव मजबूत बना रहा।

OPPO तीसरे नंबर पर बरकरार

ओपो का भारतीय बाजार में 15% हिस्सा बना रहा, जो पिछले साल की तुलना में स्थिर है। Reno और F सीरीज की स्थिर बिक्री और ऑफलाइन चैनल्स में अच्छी पकड़ ने कंपनी को टॉप-3 में बनाए रखा है।

Xiaomi ने झेली बड़ी गिरावट

Xiaomi को तिमाही दर तिमाही सबसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा है। कंपनी का मार्केटशेयर 19% से गिरकर 13% पर आ गया। Counterpoint की रिपोर्ट के अनुसार, Redmi A और Note सीरीज की कमजोर मांग, साथ ही कड़ी प्रतिस्पर्धा, इस गिरावट की प्रमुख वजह रही।

Realme में मामूली सुधार

Realme ने 2025 की पहली तिमाही में 11% मार्केटशेयर हासिल किया, जो पिछले साल के 10% से थोड़ा बेहतर है। Narzo और Number सीरीज के बजट 5G फोन इस सुधार की वजह माने जा रहे हैं।

Nothing और Motorola सबसे तेज बढ़ते ब्रांड

Nothing ने भारत में लगातार पांचवीं तिमाही सबसे तेज़ ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी ने इस तिमाही 156% की सालाना वृद्धि दर्ज की है, जो हाल ही में लॉन्च हुई Nothing Phone 3a सीरीज़ की मजबूत बिक्री के चलते संभव हुई। वहीं Motorola ने इस तिमाही में जबरदस्त 59% सालाना ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी की ऑफलाइन बिक्री में जबरदस्त उछाल और G सीरीज तथा Edge सीरीज की डिमांड ने इसके पीछे बड़ी भूमिका निभाई है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here