
दूरसंचार नियामक TRAI द्वारा फरवरी के लिए औसत 4G डाउनलोड स्पीड के आंकड़ों को जारी किया गया है। इस रिपोर्ट में सामने आई जानकारी के अनुसार रिलायंस जियो एक बार फिर आगे निकलती हुई दिखाई दी है। रिपोर्ट के अनुसार फरवरी माह में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 21.5 एमबीपीएस दर्ज की गई है। वहीं, साल 2018 और 2019 में भी रिलायंस जियो स्पीड के मामले में सबसे तेज 4जी ऑपरेटर था।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार फरवरी में भारती एयरटेल के प्रदर्शन में सुधार देखा गया। एयरटेल की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड फरवरी में 8.0 एमबीपीएस रही जो कि इस साल जनवरी में 7.9 एमबीपीएस थी। हालांकि, एयरटेल की स्पीड में इजाफा काफी कम है। लेकिन, धीरे-धीरे कंपनी की 4जी डाउनलोड स्पीड बढ़ रही है।
दूसरी ओर अगर बात करें वोडाफोन-आइडिया की तो बेशक दोनों कंपनियों ने अपने कारोबार का विलय कर लिया है लेकिन, ट्राई ने वोडाफोन और आइडिया की स्पीड की आंकड़े अपनी रिपोर्ट में अलग-अलग दिखाए हैं। वोडाफोन नेटवर्क की औसत 4 जी डाउनलोड स्पीड में भी मामूली सुधार दर्ज की गई। वोडाफोन की स्पीड फरवरी माह में एयरटेल के बराबर 8.0 एमबीपीएस रही। जनवरी में वोडाफोन की 4जी डाउनलोड स्पीड 7.6 एमबीपीएस देखी गई थी। दूसरी ओर आइडिया ने फरवरी में गिरावट दर्ज की है, अब उसकी 4जी डाउनलोड स्पीड जनवरी के 6.5 एमबीपीएस से कम होकर 6.3 एमबीपीएस हो गई है।
लेकिन, अगर बात करें 4G अपलोड स्पीड की तो इस मामले में वोडाफोन फरवरी में 6.5 एमबीपीएस के साथ सबसे ऊपर रहा। आइडिया और एयरटेल की फरवरी माह में औसत अपलोड स्पीड क्रमशः 5.5 एमबीपीएस और 3.7 एमबीपीएस देखी गई। आइडिया और एयरटेल दोनों की औसत 4 जी अपलोड स्पीड में गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस जियो की 4जी अपलोड स्पीड एयरटेल से अधिक 3.9 एमबीपीएस दर्ज की गई है। बता दें कि ट्राई द्वारा औसत गति की गणना माईस्पीड एप्लिकेशन की सहायता से एकत्र रियल टाइम आंकड़ों के आधार पर की जाती है।
बता दें कि हाल ही में Netflix के स्पीड इंडेक्स में जियो फाइबर की औसत स्पीड 3.63 एमबीपीएस दर्ज की गई थी और इसी स्पीड के साथ कंपनी ने पहले स्थान पर अपनी पोजिशन बनाई थी। इस बार कंपनी ने आंकड़ों के मामले में एयरटेल और स्पेट्रा जैसी ब्रॉडबैंड प्रावइडर कंपनियों को पीछे छोड़ दिया था।
बता दें कि अमेरिका का विडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स हर महीने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स की स्पीड के आंकड़े जारी करता है। बता दें कि यह रिपोर्ट जनवरी 2020 की थी। वहीं, इस लिस्ट में जियो फाइबर और एयरटेल के अलावा और भी कई कंपनियां थी जो इस लिस्ट में शामिल थीं।




















