
घरेलू स्मार्टफोन निर्माता Lava ने अपनी Prowatch सीरीज के अंदर दूसरी स्मार्टवॉच को हाल ही में पेश किया था। इस वॉच को कंपनी ने Prowatch X नाम दिया। Lava Prowatch X की बात करें, तो यह एल्युमिनियम डिजाइन डायल, Corning Gorilla Glass 3 प्रोटेक्शन, बॉडी एनर्जी मॉनिटर, VO2 मैक्स, हार्ट रेट वेरिएबिलिटी (HRV) जैसी सुविधाओं से लैस है। इसके अलावा, यह स्मार्ट वॉच अलग-अलग वॉच फेस, ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले, ब्लूटूथ कॉलिंग और 10 दिनों तक की बैटरी लाइफ के साथ आती है। इसकी कीमत मात्र Rs. 4,499 रखी गई है, जिससे यह किफायती सेगमेंट में एक मजबूत ऑप्शन बन सकती है। लॉन्च होने से पहले ही यह स्मार्टवॉच हमारे पास सिलिकॉन ब्लैक कलर स्ट्रैप में आई थी और आते ही हमने इस स्मार्टवॉच को परखा, ताकि इसके प्रदर्शन और उपयोगिता का सही आकलन किया जा सके। आगे आप Lava Prowatch X का रिव्यू पढ़ सकते हैं।
डिजाइन और डिस्प्ले
Lava Prowatch X का डिजाइन प्रीमियम और मॉडर्न लुक देता है। यह एक मिनिमलिस्टिक और स्लीक डिजाइन के साथ आता है, जो इसे स्टाइलिश बनाता है। वॉच का एल्युमिनियम अलॉय डायल इसे प्रीमियम फील देता है, जबकि सॉफ्ट सिलिकॉन स्ट्रैप और इसका हल्का वजन इसे लंबे समय तक पहनने के लिए आरामदायक बनाता है। कुल मिलाकर, Lava Prowatch X का डिजाइन स्टाइल और कम्फर्ट का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है। यह इसे वर्कआउट और कैजुअल लुक दोनों के लिए परफेक्ट बनाता है।
डिस्प्ले की बात करें, तो Lava Prowatch X में 1.43-इंच ऑलवेज-ऑन AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जिसके साथ 500 निट्स पीक ब्राइटनेस, 60Hz रिफ्रेश रेट, 466 x 466p रिजॉल्यूशन और 326 ppi डेंसिटी मिलती है। इसके अलावा, डिस्प्ले को कर्व्ड कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 द्वारा प्रोटेक्टेड किया गया है, जो स्लीक फिनिश प्रदान करता है। वहीं, वॉच के किनारों पर थोड़ा बेजल भी है, जो बजट स्मार्ट वॉच के लिए आम बात है। हालांकि डिस्प्ले टच काफी रिस्पॉन्सिव है और घर के अंदर और बाहर दोनों जगह डिस्प्ले पर कुछ भी देखने में कोई समस्या नहीं होती है। इसके अलावा, वॉच की डिस्प्ले के कलर वाइब्रेंट दिखाई देते हैं और कीमत को देखते हुए टेक्स्ट शार्प दिखाई देते हैं।
Prowatch X को सिलिकॉन, नायलॉन और मेटल दोनों स्ट्रैप के साथ पेश किया है। हालांकि हमारे पास जो रिव्यू के लिए वॉच आई थी, वह सिलिकॉन स्ट्रैप वाली स्मार्टवॉच थी। यह शुरू से ही मेरी कलाई पर अच्छी तरह फिट हो गई। वहीं, इसकी स्ट्रैप और लुक इतना अच्छा था कि यह लगभग किसी भी कपड़ों के साथ मेल खा सकती है और लंबे समय तक उपयोग के लिए अच्छी कही जा सकती है। वहीं, मुझे रात भर अपने स्लीप साइकिल को ट्रैक करने के लिए घड़ी पहनने पर भी कोई असुविधा महसूस नहीं हुई।
Lava Prowatch X के दमदार फीचर्स
Lava Prowatch X हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग के साथ कई एडवांस फीचर्स से लैस है। यह आपकी बॉडी वाइटल्स जैसे स्टेप्स, हार्ट रेट, स्लीप क्वालिटी, ब्लड ऑक्सीजन लेवल (SpO2) को ट्रैक करने के साथ ही AQI का अपडेट भी देती है। इसके अलावा, इसमें 110+ स्पोर्ट्स मोड्स दिए गए हैं, जो लगभग हर तरह की एक्टिविटी जैसे आउटडोर वॉकिंग/रनिंग, माउंटेनियरिंग, साइकलिंग, एलिप्टिकल ट्रेनिंग, बास्केटबॉल आदि के लिए अच्छी है। इस स्मार्टवॉच में 110+ वॉच फेस का सपोर्ट है, जिनमें से 8 वॉच फेस सीधे वॉच में स्टोर किए जा सकते हैं, जबकि बाकी को कंपैटिबल ऐप के जरिए एक्सेस किया जा सकता है।
स्मार्ट फीचर्स की बात करें, तो इसमें स्पीकर ग्रिल और माइक्रोफोन दिया गया है, जिससे ब्लूटूथ वॉयस कॉलिंग संभव होती है। साथ ही, AI वॉयस असिस्टेंट, क्विक रिप्लाई फीचर, बिल्ट-इन गेम्स, स्मार्ट नोटिफिकेशन, कैलकुलेटर, म्यूजिक प्लेबैक कंट्रोल, स्टॉपवॉच और टाइमर जैसी सुविधाएं इसे और अधिक उपयोगी बनाती हैं।
IP68 रेटिंग के साथ यह वॉच पानी और धूल से सुरक्षित है। यह 1.5 मीटर गहरे पानी में 30 मिनट तक रहने में सक्षम है, जिससे इसे स्विमिंग और अन्य वॉटर-बेस्ड एक्टिविटी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, Prowatch X का उपयोग करके आप अपने खोए हुए डिवाइस को जल्दी से ढूंढ सकते हैं। यह फीचर आपके डिवाइस को रिंग करने में मदद करता है, जिससे आपको उसे ढूंढने में कोई परेशानी नहीं होगी और आपको बार-बार उसे तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
UI और ऐप कनेक्टिविटी
Lava Prowatch X में सिंपल और इंट्यूटिव स्वाइप यूजर इंटरफेस (UI) दिया गया है। इसमें राइट साइड के निचले बटन से आप स्पोर्ट्स मोड को आसानी से एक्टिवेट कर सकते हैं, साथ ही इसे पॉज भी कर सकते हैं। वहीं, राइट टॉप बटन का इस्तेमाल बैक करने के लिए किया जा सकता है। यह यूजर इंटरफेस इतना सिंपल और यूजर-फ्रेंडली है कि आपको वॉच के सारे फीचर्स का इस्तेमाल करना बेहद आसान और सुविधाजनक महसूस करता है।
Lava Prowatch X का सिस्टम एनीमेशन भी बेहद स्मूद हैं। स्वाइप-अप करने पर मैसेज पैनल खुलता है, जो आपके स्मार्टफोन से आने वाली नोटिफिकेशन की तरह काम करता है। वहीं, स्क्रीन को नीचे स्क्रॉल करते ही टॉप-डाउन क्विक सेटिंग्स मेनू खुलता है। Lava Prowatch X केवल Android स्मार्टफोन के साथ ProSport ऐप के जरिए यूज की जा सकती है, लेकिन कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में ऐप का सपोर्ट आईओएस डिवाइस के लिए भी लाया जाएगा। हालांकि इसकी टाइमलाइन फिक्स नहीं है। वहीं, ऐप के इस्तेमाल की बात करें, तो इसे डाउनलोड करने के लिए आपको पहले लॉग इन करना होगा और कुछ बेसिक जानकारी, जैसे पहनने वाले का नाम, वजन, ऊंचाई और गोल भरना होता है।
इसके बाद ऐप का होम स्क्रीन लोड होता है, जिसमें वॉच से कलेक्ट की गई सभी हेल्थ जानकारी कार्ड फॉर्मेट में दिखाई जाती है। आप इन कार्ड्स से इंटरैक्ट करके और अधिक डिटेल्स में जा सकते हैं। इसके अलावा, ऐप में अलग-अलग My Goal, Settings और Profile टैब्स हैं, जो ठीक से काम करते हैं। जहां तक यूजर इंटरफेस की बात है, तो यह साफ-सुथरा और यूज में आसान लगता है।
परफॉर्मेंस और बैटरी
Lava Prowatch X में परफॉर्मेंस को शानदार बनाने के लिए Dual Core Actions ATS3085C चिपसेट है और इसमें HX3690 PPG सेंसर का इस्तेमाल किया गया है। ये PPG सेंसर हार्ट रेट, स्लीप पैटर्न और फिटनेस लेवल्स को सटीक रूप से मापने के लिए अच्छा है। हालांकि वॉच के डाटा का यूज मेडिकल उद्देश्यों के लिए नहीं किया जा सकता है।
मेरे ट्रेडमिल रन के दौरान मुझे महसूस हुआ कि वॉच ट्रेडमिल पर दिखाए गए कदमों की तुलना में लगभग 150 कदम कम गिन रही थी। यह डिस्क्रिप्शन स्मार्ट वॉच में आमतौर पर पाई जाती है। वहीं, ब्लूटूथ कॉलिंग फीचर की बात करें, तो यह शांत वातावरण में सबसे अच्छा काम करता है। माइक्रोफोन की क्वालिटी अच्छी है, लेकिन शोर वाले एरिया जैसे मेट्रो आदि में वॉच से बात करना आसान नहीं है।
बैटरी लाइफ के बारे में बात करें, तो कंपनी का दावा है कि 300mAh की बैटरी के साथ Lava Prowatch X वॉच 10 दिनों तक चलती है। हालांकि वियरेबल ने मुझे सामान्य उपयोग पर लगभग 9 दिनों का बैटरी लाइफ मिली जो कि प्रभावशाली था। मैंने इसे कॉल्स के लिए अधिक उपयोग नहीं किया, लेकिन इसने पूरे दिन मेरी सभी गतिविधियों, जिसमें स्लीप, वॉकिंग और एक से दो घंटे का वर्कआउट शामिल था उसे ट्रैक किया।
जब बैटरी पूरी तरह खत्म हो जाती है, तो Lava Prowatch X को 0-100 चार्ज होने में लगभग एक घंटे का समय लगता है। हालांकि एक कंपेटिबल चार्जिंग केबल बॉक्स मिलती है, जो वॉच के पीछे मैग्नेटिक जुड़ जाती है। हालांकि USB Type-A पोर्ट वाला पावर एडाप्टर अलग से खरीदना होगा।
फैसला
Lava Prowatch X अपने प्रीमियम डिजाइन और डिस्प्ले के साथ हल्के वजन से प्रभावित करता है। वहीं, यह वॉच एक सम्मानजनक प्रदर्शन और बैटरी लाइफ प्रदान करती है। इसके अलावा, इसमें कई अच्छे स्पोर्ट्स मोड्स भी हैं। साथ ही ब्लूटूथ कॉलिंग को सपोर्ट अच्छा कहा जा सकता है। इसलिए यदि आप Rs. 4,499 के तहत एक बजट कैटेगरी में स्मार्ट वॉच ढूंढ रहे हैं, जिसमें अच्छे फीचर्स हों, तो Lava Prowatch X निश्चित रूप से विचार करने योग्य है।



















