
यूं तो इंडियन टेलीकॉम कंपनियां मोबाइल यूजर्स को लुभाने के लिए तथा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को अपने नेटवर्क से जोड़े रखने के लिए नए नए व आर्कषक प्लान्स लेकर आती है, लेकिन फिर भी भारत में मोबाइल नंबर पोर्टेबलिटी सर्विस का यूज़ बेहद ज्यादा किया जाता है। कुछ भारतीय यूजर अपने सर्विस प्रोवाइडर से नाखुश हैं तो कुछ उपभोक्ता दूसरी कंपनी के लुभावने प्लान्स के लिए अपने नेटवर्क पर तब्दिली चाहते हैं। इंडिया में Mobile Number Portability यानि MNP जल्द ही नया रूप लेने वाली है। MNP का यह नया खांचा तैयार तो हो चुका है लेकिन इसका लाभ उठाने से पहले यूजर्स को थोड़ा सब्र करना होगा। थोड़ा कड़े शब्दों में बोले तो आज यानि 4 नवंबर से लेकर 11 नवंबर तक पूरे देश में MNP सर्विस को बंद किया जा रहा है।
टेलीकॉम रेग्यूलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानि TRAI ने देश में मोबाइल नंबर पोर्टेबलिटी सर्विस को बदलने का ऐलान किया है। TRAI द्वारा उठाए जा रहे इस बड़े कदम का पालन देश की सभी टेलीकॉम कंपनियों को करना होगा। ट्राई के इस फैसले के बाद भारत में MNP सर्विस की सूरत तो जरूर बदलेगी लेकिन उससे पहले Reliance Jio, Bharti Airtel तथा Vodafone Idea सहित BSNL के उपभोक्ता कुछ समय के लिए अपना नंबर पोर्ट नहीं करा पाएंगे।
आज शाम 6 बजे से ही सर्विस बंद
TRAI के आदेशानुसार आज यानि 4 नंवबर की शाम 6 बजे से ही देश में मोबाइल नंबर पोर्टेबलिटी को बंद कर दिया गया है। हालांकि यह बैन स्थाई समय के लिए लगा है जो 11 नवंबर को फिर से कार्यप्रणाली में शामिल हो जाएगा। 4 नवंबर से लेकर 11 नवंबर तक कोई भी यूजर MNP के तहत अपना नंबर दूसरे नेटवर्क पर पोर्ट नहीं करा पाएगा। ध्यान रहे कि जो यूजर 4 नवंबर शाम 6 बजे से पहले अपने फोन से पोर्ट का मैसेज भेज पर UPC कोड जेनरेट कर चुके हैं, उसके लिए MNP सर्विस चालू रहेगी।
पोर्ट प्रक्रिया की बात करें तो अपना नंबर दूसरी कपंनी में पोर्ट कराने के लिए 1900 पर अपने नंबर के साथ पोर्ट रिक्वेट PORT 91xxxxx भेजनी होती थी। यह मैसेज किए जाने के बाद ऑपरेटर की ओर से UPC कोड भेजा जाता था, जो कुछ दिनों के लिए वैध रहता था और फिर एक्सपायर होता था। इसी UPC कोड को दूसरे नेटवर्क ऑपरेटर को दिखाकर उस कंपनी में नंबर पोर्ट होता था। लेकिन अब 11 नवंबर तक कोई भी यूजर PORT रिक्वेस्ट भेज कर UPC कोड नहीं पा सकेगा। यह सर्विस 11 नंवबर के बाद फिर से शुरू हो जाएगी।
सिर्फ 2 दिन में होगा नंबर पोर्ट
अभी तक अपना नंबर पोर्ट कराने के लिए यूजर को आमतौर पर एक हफ्ते तक का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब TRAI के नए नियम के तहत सभी कंपनियों को यह आदेश दिया जा रहा है कि नंबर पोर्ट करने की प्रक्रिया का समय 7 दिन से घटा कर सिर्फ 2 दिन किया जाए। TRAI आने वाली 11 नवंबर को ही अपने नए दिशानिर्देश और नियम सार्वजनिक करने वाली है। और इस दिन के बाद से ही इंडिया में MNP सर्विस में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
रिंग टाईम की तय सीमा हुई 30 सेकेंड
लगे हाथ आपको यह भी बता दें कि TRAI की ओर से सभी ऑपरेटर्स के लिए 30 सेकंड के रिंग टाइम को तय कर दिया है। पिछले दिनों टेलीकॉम जगत में हुई उठापठक के बाद ट्राई ने नया नियम जारी कर सभी कंपनियों को रिंग टाईम 30 सेकेंड रखने के निर्देश दे दिए गए हैं। ट्राई का यह फैसला Reliance Jio, Bharti Airtel, Vodafone Idea और BSNL सभी को मानना होगा तथा यह नियम इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों कॉल्स पर लागू होगा।



















