
मोटोरोला ने अनाउंस कर दिया है कि वह इंडिया में अपना नया स्मार्टफोन Moto G37 Power लेकर आ रही है। यह मोबाइल 19 मई को भारत में लॉन्च होगा और इसके Moto G37 भी आएगा। ये दोनों ही सस्ते 5जी फोन होंगे और जी37 पावर को कंपनी बड़ी बैटरी के साथ पेश करेगी। इस सीरीज के ‘पावर-फुल’ फोन Moto G37 Power में क्या-क्या खास मिलेगा, यह जानकारी हम फोन लॉन्च से पहले ही आपके लिए ले आए हैं। मोटोरोला के नए 5जी फोन जी37 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
परफॉर्मेंस
मोटो जी37 पावर 5जी फोन को इंडियन मार्केट में MediaTek Dimensity 6400 चिपसेट लाया जा रहा है। यह 6नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.5गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Arm Mali-G57 M2C जीपीयू दिया गया है। यह मोटोरोला फोन एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च किया जाएगा जो Hello UI के साथ मिलकर काम करेगा।
कंपनी इसे 1 जेनरेशन की एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और 3 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ लेकर आ रही है। Moto G37 Power भारतीय बाजार में 4GB RAM पर लॉन्च होगा। इस स्मार्टफोन में एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी दी गई है जिसे कंपनी ने AI RAM Boost का नाम दिया है। यह तकनीक फोन की फिजिकल 4जीबी रैम में 8जीबी वचुर्अल जोड़कर इसे 12GB RAM की ताकत (4जीबी+8जीबी) देगी।
बैटरी
Moto G37 Power की सबसे बड़ी यूएसपी इस फोन की बड़ी बैटरी है। पावर बैकअप के लिए मोटोरोला जी37 पावर को 7000mAh battery से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। कंपनी का कहना है कि फुल चार्ज करने के लिए यह स्मार्टफोन नॉर्मल यूज़ में लगातार 3 दिन तक काम कर सकता है।
मोटो जी37 पावर को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 30W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट दिया गया है। इस सस्ते 5जी फोन में रिवर्स चार्जिंग तकनीक भी दी गई है। इस टेक्नोलॉजी के चलते G37 Power से दूसरे मोबाइल, इयरबड्स और स्मार्टवॉच जैसे गैजेट भी चार्ज किए जा सकते हैं।
डिस्प्ले
Motorola G37 Power 5G फोन 20.05:9 आस्पेक्ट रेश्यो पर बना है जिसमें 1604 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.67-इंच की एचडी+ डिस्प्ले दी गई है। यह पंच-होल स्टाइल वाली स्क्रीन एलसीडी पैनल पर बनी है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 264पीपीआई और 1050निट्स हाई ब्राइटनेस आउटपुट प्राप्त होगा। फोन डिस्प्ले की प्रोटेक्शन के लिए इसपर कोर्निंग गोरिल्ला Glass 7i की लेयर भी चढ़ाई गई है।
यह मोटोरोला फोन स्मार्ट वॉटर टच फीचर से लैस किया गया है। इस तकनीक के चलते फोन स्क्रीन पर पानी पड़ा हो या फिर हाथ गीले हो, दोनों ही कंडीशन में डिस्प्ले टच बिना रूकावट काम करेगा और टच रिस्पांस में कमी नहीं आएगी।
कैमरा
फोटोग्राफी के लिए मोटो जी37 पावर 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी थर्ड 2-इन-1 लाइट सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस नए मोटोरोला 5जी स्मार्टफोन में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है।
खास फीचर्स
मोटोरोला जी37 पावर MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफाइड बॉडी पर बनाया गया है। यह फोन को मजबूती प्रदान करती है जिसके चलते मोबाइल जमीन पर गिर भी जाए तो टूटेगा नहीं। वहीं यह सस्ता 5जी फोन IP64 रेटिंग के साथ लाया जा रहा है जो इसे डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन प्रदान करेगा। मोटो जी37 पावर में VONR और smart connect जैसे फीचर्स दिए गए हैं। वहीं कनेक्टिविटी के लिए वाईफाई, ब्लूटूथ, एनएफसी, 3.5mm हेडफोन जैक और साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे विकल्प मौजूद हैं।
कीमत
मोटो जी33 पावर 19 मई को इंडिया में लॉन्च होगा। कंपनी इसे अग्रेसिव प्राइस में लेकर आ सकती है। अगर फोन की स्पेसिफिकेशन्स और मौजूदा स्मार्टफोन प्राइस ट्रेंड को देखें तो Moto G37 Power 5G फोन का स्टार्टिंग प्राइस 18,000 रुपये के करीब देखने को मिल सकता है। बताते चलें कि मार्च महीने में इंडिया में Dimensity 6400 वाला Tecno Spark 50 5G फोन लॉन्च हुआ था जिसकी शुरुआती कीमत 16,999 रुपये थी। मोटोरोला का नया 5जी फोन भी इसी प्राइस रेंज के आस-पास आ सकता है।























