
मोटोरोला ने तीन दिन पहले ही अपने आॅफिशियल इंडियन ट्वीटर हैंडल के जरिये सार्वजनिक किया था कि कंपनी जल्द ही भारत में अपनी मोटो जी6 सीरीज़ शुरू करने जा रही है। मोटोरोला ने बताया था कि कंपनी मोटो जी6 और मोटो जी6 प्ले स्मार्टफोन जल्द ही भारतीय बाजार में पेश कर देगी। मोटोरोला ने हालांकि अब तक इन स्मार्टफोंस की लॉन्च डेट से पर्दा नहीं उठाया है, लेकिन एक ताजा लीक में जानकारी मिली है कि कंंपनी आने वाली 21 मई को मोटो जी6 सीरीज़ को भारतीय बाजार में उतार देगी।
टेक वेबसाइट बीजीआर इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में पब्लिश किया है कि मोटोरोला आने वाली 21 मई को भारत में अपना नया स्मार्टफोन मोटो जी6 प्ले लॉन्च करने वाली है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि यह स्मार्टफोन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर एक्सक्लूसिव सेल के लिए उपलब्ध होगा। गौरतलब है कि इस रिपोर्ट में सिर्फ मोटो जी6 प्ले का ही जिक्र किया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि शायद कंपनी मोटो जी6 प्ले को इंडिया में लॉन्च करने के कुछ दिनों बाद मोटो जी6 का पेश करें।

मोटो जी6 प्ले स्मार्टफोन की बात करें तो यह स्मार्टफोन कंपनी की जी6 सीरीज़ का सबसे सस्ता फोन है। यह फोन भी 18:9 आसपेक्ट रेशियो के साथ उपलब्ध है। मोटो जी6 प्ले में 5.7—इंच की एचडी+ डिसप्ले दी गई है। यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर उपलब्ध है और इसमें 1.4गीगाहट्र्ज का आॅक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 3जीबी रैम और 32जीबी की मैमोरी दी गई है। फोन में मैमोरी कार्ड सपोर्ट है और आप माइक्रोएसडी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं।
मोटो जी6 प्ले में फोटोग्राफी के लिए 13-मेगापिक्सल का रियर कैमरा है जबकि सेल्फी कैमरा 8-मेगापिक्सल का दिया गया है। दोनों कैमरे के साथ आपको फ्लैश मिलेंगे। मोटो जी6 प्ले में पिछले पैनल में आपको फिंगरप्रिंट स्कैनर देखने को मिलेगा। पावर बैकअप के लिए कंपनी ने इसे 4,000 एमएएच की बैटरी से लैस किया है। बहरहाल मोटो जी6 प्ले के साथ ही मोटो जी6 की पुख्ता लॉन्च डेट के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।


















