मार्केट में आ रहा है एक और नया मोबाइल ब्रांड! 19 नवंबर को इंडिया में लॉन्च होगा इसका पहला स्मार्टफोन

इंडियन मोबाइल इंडस्ट्री के लिए बीते कुछ साल बड़े रोचक साबित हुए हैं। एक ओर जहां Nothing और CMF जैसे नए ब्रांड मार्केट में आए वहीं दूसरी ओर लोगों ने Xiaomi Redmi का डाउनफॉल भी देखा। Honor और Alcatel जैसे ब्रांड्स ने भारत में रि-एंट्री भी ली। वहीं अब एक और नया मोबाइल ब्रांड इंडिया में लॉन्च होने जा रहा है। बिल्कुल लेटेस्ट Wobble Smartphone भारत में दस्तक दे रहा है।
टेक कंपनी Indkal Technologies अपना खुद का मोबाइल फोन लेकर आ रही है। कंपनी ने ऑफिशियली अनाउंस कर दिया है कि वह 19 नवंबर को अपना नया स्मार्टफोन इंडिया में लॉन्च करेगी। इस नए फोन का नाम Wobble 1 5G हो सकता है। ब्रांड का दावा है कि वोबल Made in India स्मार्टफोन होगा। यह मोबाइल सबसे पहले इंडिया में लॉन्च हो रहा है जो बाद में अन्य ग्लोबल मार्केट्स में एंट्री लेगा।
वोबल 1 5जी फोन का नाम कंपनी की ओर अभी आधिकारिक तौर घोषित नहीं किया गया है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स ने इस नाम के साथ ही फोन की स्पेसिफिकेशन्स भी शेयर की जा रही है। लीक्स की मानें तो यह मोबाइल MediaTek Dimensity 7400 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0GHz से लेकर 2.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।
मोबाइल चिपसेट के आधार पर माना जा सकता है कि कथित Wobble 1 5G फोन मिडरेंज सेगमेंट में लाया जाएगा जिसकी कीमत 18,000 रुपये के करीब रखी जा सकती है। इस वक्त मार्केट में realme P4, Infinix GT 3, Moto G86 Power, Vivo T4R और iQOO Z10R ऐसे स्मार्टफोन हैं जो इसी डाइमेंसिटी 7400 प्रोसेसर पर काम करते हैं। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में यह चिपसेट 7,75,973 तक का एनटूटू स्कोर प्राप्त कर चुका है।
हमारा अनुमान है कि वोबल 1 5जी फोन को कंपनी 8GB RAM पर लॉन्च करेगी जिसे 128GB और 256GB Storage पर खरीदा जा सकेगा। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50MP OIS सेंसर वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। वहीं फ्रंट पर 16 मेगापिक्सल तक का सेल्फी कैमरा रखे जाने की उम्मीद है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए अंदाजा है कि यह Wobble Smartphone 6,000mAh तक की बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है।
गौरतलब है कि उपरोक्त स्पेसिफिकेशन्स फिलहाल सिर्फ अनुमान के आधार पर बताई गई है जिनमें बदलाव मिलने की संभावना है। इस स्मार्टफोन का असली नाम, प्राइस और पुख्ता स्पेसिफिकेशन्स के लिए अभी 19 नवंबर का इंतजार करना होगा। बहरहाल यह तो साफ है कि वोबल स्मार्टफोन के रूप में भारतीय मोबाइल यूजर्स को एक नया विकल्प मिलने वाला है जिससे चुनिंदा फोन ब्रांड्स पर लोगों की निर्भरता में कुछ असर जरूर पड़ेगा।
बताते चलें कि Wobble एक बेंगलुरु बेस्ड Indkal Technologies का इन-हाउस ब्रांड है। यह कंपनी फिलहाल देश में स्मार्ट टीवी और डिस्प्ले बनाती है। यानी वोबल LAVA और पहले बिकने वाले Micromax की ही तरह देशी इंडियन मोबाइल कंपनी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि मार्केट में पहले से मौजूद चीनी कंपनियों को यह भारतीय कंपनी कैसे टक्कर दे पाती है।