Nokia 2360 Flip फीचर फोन लॉन्च, मिलेगा SOS बटन और 15 दिन की बैटरी

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/10/nokia-2360-flip-launched-sos-button-15-day-battery.jpg

HMD ने अपना नया फीचर फोन Nokia 2360 Flip ग्लोबली लॉन्च कर दिया है। यह बच्चों और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर लाया गया है। इसमें Family Assist फीचर दिया गया है। जिसकी मदद से परिवार का कोई मेंबर अपने स्मार्टफोन से दूर बैठे ही फोन की सेटिंग और कॉन्टैक्ट्स मैनेज कर सकता है। फोन में SOS बटन, School Mode और 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार, इसकी बैटरी 15 दिन तक का स्टैंडबाय टाइम दे सकती है। आइए, आगे पूरी डिटेल्स जानते हैं।

Nokia 2360 Flip के फीचर्स

Nokia 2360 Flip में 2.8-इंच का QVGA मेन डिस्प्ले दिया गया है। इसमें बड़े मेन्यू आइकन मिलते हैं। जिससे फोन उपयोग करना आसान हो जाता है। वहीं, फोन के बाहरी हिस्से में 1.77-इंच का QQVGA डिस्प्ले दिया गया है। इसमें बिल्ट-इन लाउडस्पीकर और हियरिंग एड सपोर्ट (HAC2011) भी मिलता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में LED फ्लैश के साथ QVGA रियर कैमरा दिया गया है। यह S30+ सॉफ्टवेयर पर काम करता है। इसमें 4MB RAM और 4MB इंटरनल स्टोरेज मिलता है। जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें डुअल मिनी SIM, USB Type-C पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक और FM रेडियो दिया गया है।

Nokia 2360 Flip का सबसे खास फीचर Family Assist है। इसकी मदद से परिवार का कोई सदस्य अपने Android या iPhone पर ऐप इंस्टॉल करके दूसरे फोन को दूर से सेटअप और मैनेज कर सकता है। यह ऐप Google Play Store और Apple App Store पर मुफ्त उपलब्ध है।

Family Assist के जरिए कॉन्टैक्ट जोड़ने, रिमाइंडर सेट करने, वॉल्यूम बदलने और SOS बटन की सेटिंग करने की सुविधा मिलती है। खास बात यह है कि ऐप फोन से SMS के जरिए कम्युनिकेट करता है। ऐसे में Nokia 2360 Flip उपयोग करने वाले व्यक्ति को मोबाइल डेटा प्लान की जरूरत नहीं पड़ती है।

फोन में एक डेडिकेटेड SOS बटन भी दिया गया है। इसे तीन सेकंड तक दबाकर रखने पर फोन पहले से सेट किए गए नंबर पर कॉल करता है और एक साथ पांच इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को SMS भेज देता है। यूजर यह भी तय कर सकता है कि किन लोगों को अलर्ट भेजना है और मैसेज में क्या लिखना है।

HMD ने Nokia 2360 Flip को बच्चों के पहले फोन के तौर पर भी पेश किया है। इसमें School Mode दिया गया है, जो एक्टिव होने पर फोन को केवल घड़ी और इमरजेंसी कॉल तक सीमित कर देता है। इसके अलावा Family PIN की मदद से कॉन्टैक्ट्स की लिस्ट तय की जा सकती है, ताकि बच्चे केवल अप्रूव्ड नंबरों पर ही कॉल और SMS कर पाए। कैमरा और गेम्स जैसे फीचर्स को भी जरूरत के हिसाब से ब्लॉक किया जा सकता है।

Nokia 2360 Flip में 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह 15 दिन तक का स्टैंडबाय टाइम और 27.5 घंटे तक का टॉकटाइम दे सकती है। फोन का वजन 121 ग्राम है और इसकी मोटाई 18.95mm है। इसे Charcoal, Burgundy Red और Teal कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। यह फोन केवल 2G GSM (900/1800MHz) नेटवर्क सपोर्ट करता है। इसमें 4G कनेक्टिविटी नहीं मिलती है।

Nokia 2360 Flip की कीमत

HMD ने फिलहाल Nokia 2360 Flip की कीमत और उपलब्धता की जानकारी शेयर नहीं की है, लेकिन यह कंपनी की वेबसाइट पर लिस्टेड है और जल्द प्राइस भी सामने आ सकता है। ऐसे ही और टेक से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।