4,000एमएएच बैटरी और डुअल कैमरे वाला सस्ता फोन Oppo A1s जल्द होगा लॉन्च, भारतीय वेबसाइट पर हुआ लिस्ट

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/08/OPPO-A1s.jpg

Oppo ने पिछले महीने ही भारत में अपनी ‘ए सीरीज़’ को बढ़ाते हुए Oppo A9 स्मार्टफोन लॉन्च किया था। इस स्मार्टफोन को इंडिया में 15,490 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है जो ऑनलाईन शॉपिंग साइट्स के साथ ही ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर भी सेल के लिए उपलब्ध है। वहीं अब खबर सामने आ रही है कि कंपनी इसी सीरीज़ में एक और नया डिवाईस जोड़ने की तैयारी में है जो एंट्री लेवल स्मार्टफोन होगा। Oppo द्वारा लॉन्च किए जाने वाले इस स्मार्टफोन का नाम Oppo A1s बताया गया है।

Oppo A1s को लेकर मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि इस स्मार्टफोन को ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) पर लिस्ट किया गया है। BIS पर इस स्मार्टफोन का मॉडल नंबर CPH1925 बताया गया है। गौरतलब है कि इसी मॉडल नंबर वाला Oppo का स्मार्टफोन पहले NBTC थाईलैंड पर भी देखा जा चुका है। आपको बता दें कि BIS की लिस्टिंग के बाद यह माना जा रहा है कि ओपो इसी महीने में Oppo A1s को भारतीय बाजार में पेश कर सकती है।

Oppo A1s

ओपो ए1एस की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो अभी त​क सामने आए लीक्स से पता चला है कि कंपनी इस डिवाईस को भी वॉटरड्रॉप नॉच डिजाईन पर पेश कर सकती है। फोन में 6.1-इंच की डिसप्ले दिए जाने की बात कही गई है जो एचडी+ रेज्ल्यूशन सपोर्ट करेगी। Oppo A1s को एंडरॉयड 9.0 पाई आधारित कलर ओएस यूआई से लैस बताया गया है जिसके साथ फोन में प्रोसेसिंग के लिए 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर और मीडियाटेक हेलीयो पी22 चिपसेट देखने को मिल सकता है।

लीक में Oppo A1s के रैम व स्टोरेज वेरिएंट की जानकारी तो सामने नहीं आई है लेकिन बताया गया है कि यह डिवाईस पावरवीआर जीई8320 जीपीयू से लैस होगा। फोन के फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो यहां डुअल रियर कैमरा देखने को मिल सकता है। लीक्स के अनुसार Oppo A1s के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी रियर कैमरा दिया जा सकता है। यह भी पढ़ें : 40-मेगापिक्सल के दो कैमरा सेंसर्स से लैस होगा Huawei Mate 30 Pro

इसी तरह Oppo A1s में 8 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिए जाने की बात लीक्स में सामने आई है। Oppo A1s को लेकर बताया गया है कि इस फोन को कोई भी फिजिकल फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया जाएगा तथा सिक्योरिटी व फोन अनलॉकिंग के लिए Oppo A1s सिर्फ फेस अनलॉक फीचर ही सपोर्ट करेगा। Oppo A1s को डुअल सिम, 4जी वोएलटीई जैसे फीचर्स से लैस बताया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,000एमएएच की बैटरी दी जा सकती है। बहरहाल ओपो द्वारा Oppo A1s से जुड़ी घोषणा किए जाने का इंतजार है।