OPPO K14X रिव्यू: स्टाइल में खूबसूरत, परफॉर्मेंस भी बेहतर

Join Us icon

रेनो और फाइंड सीरीज में बड़े-बड़े फोन लॉन्च करने के बाद ओपो ने कम रेंज में के14एक्स (OPPO K14X) मॉडल को भारतीय बाजार में पेश किया है। यह फोन पिछले साल लॉन्च OPPO K13X का नया वर्जन है। हालांकि अब मोबाइल जगत पर मेमोरी की कीमत बढ़ने का असर दिखने लगा है और फोन महंगे होने लगे हैं। ऐसे में जब हमने OPPO K14X का रिव्यू किया तो यह बड़ा ही दिलचस्प था, क्योंकि कंपनी ने पुराने फोन के मुकाबले इसे सिर्फ 2,000 रुपये महंगा रखा है। अब सवाल यह था कि क्या यह फोन पहले से बेहतर हो गया है या फिर पुराने फोन को ही नए सांचे में ढालकर दे दिया गया है। तो चलिए इस बारे में विस्तार से बात करते हैं।

डिजाइन

oppo-k14x-review-in-hindi

डिजाइन की बात करें, तो यह फोन काफी खूबसूरत है और कम रेंज के बावजूद आपको प्रीमियम अहसास कराता है। फोन की बॉडी पॉलिकार्बोनेट से बनी है और ऊपर की तरफ प्लेन होने के साथ नीचे में आपको डायमंड कट डिजाइन दिखाई देगा, जो साधारण डिजाइन से हटकर थोड़ा अलग अहसास कराता है। हालांकि डायमंड डिजाइन सामने से देखने में पता नहीं चलता है, लेकिन जब उस पर रोशनी पड़ती है, तो दूर से ही दिखाई देता है।

डिजाइन में एक और बात जो हमें अच्छी लगी कि जहां आज कल स्लिम बनाने के चक्कर में ज्यादातर फोन का कैमरा ब्रैकेट ऊपर कर दिया जाता है, लेकिन इसमें आपको ऐसा नहीं मिलेगा। कैमरा ब्रैकेट बॉडी से बस थोड़ा-सा ऊपर है, ऐसे में आपको अच्छा लुक मिलता है। वहीं उसकी वजह से प्लेन सर्फेस पर रखने पर यह ज्यादा हिलता भी नहीं है।

रही बात वजन और आकार की तो बता दूं कि यह फोन 212 ग्राम वजनी है। ऐसे में भारी तो कहा जाएगा, लेकिन जिस तरह से भार को बैलेंस किया गया है उससे ज्यादा भारी होने का अहसास नहीं होता है। फिर भी यही कहूंगा कि यदि वजन 200 ग्राम से नीचे होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता। वजन के साथ फोन की चौड़ाई भी थोड़ी कम होती तो हाथों में और बेहतर तरीके से बैठता। फिलहाल तो एक हाथ से आप आधी स्क्रीन का भी उपयोग नहीं कर पाएंगे।

oppo-k14x-review-in-hindi

इन थोड़ी कमियों के बावजूद यही कहूंगा कि डिजाइन अच्छा है और जो बात आपको सबसे ज्यादा प्रभावित करेगी वह यह है कि इसमें 3.5 एमएम ऑडियो जैक का सपोर्ट मिल जाता है जो कि आज के स्मार्टफोन से लगभग गायब होते जा रहे हैं। वहीं फोन की सुरक्षा के लिए कंपनी ने इसे IP64 की रेटिंग के साथ पेश किया है, जो पिछले मॉडल ओपो K13x के IP65 के मुकाबले थोड़ा कम है। हालांकि एक बात जो डिजाइन में अच्छी लगी कि फोन का बैक पैनल थोड़ा शाइनी है लेकिन इसमें उंगलियों के निशान नहीं आ रहे थे।

डिस्प्ले

डिजाइन के बाद डिस्प्ले की बात करें, तो यहां आपको थोड़ा ज्यादा बदलाव देखने के मिलेगा। OPPO K14X में 6.75 इंच की पंच होल स्क्रीन दी गई है जो पुराने मॉडल के मुकाबले लगभग 2mm बड़ी है। वहीं इसका पीक डिस्प्ले भी ज्यादा है। 13एक्स में जहां 1000 नीट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है। वहीं ओपो के14एक्स में 1125 नीट्स की पीक ब्राइटनेस है। हालांकि दोनों ही फोन में एलसीडी डिस्प्ले है। ऐसे में बहुत ज्यादा बदलाव तो नहीं कह सकते, लेकिन जो छोटे अपडेट हैं वह अच्छे हैं।

फोन यूज के दौरान मैंने बिल्कुल तेज धूप में इसका उपयोग किया और कह सकता हूं कि स्पष्ट व्यू देने में सक्षम था। स्क्रीन प्रोटेक्शन के बारे में कंपनी ने नहीं बताया है, लेकिन हमें जो फोन मिला था उसमें पहले से स्क्रीनगार्ड था जो मेन स्क्रीन को सुरक्षित रखता है। कुल मिलाकर कर कहें तो डिस्प्ले अच्छा है और अपने प्राइस के हिसाब से अच्छा कहा जाएगा। मगर एमोलेड डिस्प्ले होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता। वहीं स्क्रीन के साइड में बेजल भी हैं और यही वजह है कि फोन की चौड़ाई थोड़ी बढ़ जाती है।

परफॉर्मेंस

OPPO K14X के डिजाइन और डिस्प्ले के बाद परफॉर्मेंस की बात करें तो वहां भी आपको अच्छा ही अनुभव मिलता है। यह फोन MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर पर काम करता है और इसमें आपको 2.4 GHz का ऑक्टाकोर प्रोसेसर मिलता है जो Cortex A76 आर्किटेक्चर पर आधारित है। यह प्रोसेसर 6 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना है और कंपनी ने Mali-G57 MC2 जीपीयू का उपयोग किया है।

टेस्ट के दौरान हमने इस पर ढेर सारे बेंचमार्क रन किए, गेमिंग की और कई ऐप्स का भी उपयोग किया। वैसे तो बेंचमार्क और गेमिंग यह फोन काफी अच्छा परफॉर्म कर रहा था, लेकिन कभी-कभी थोड़े लैग भी देखने को मिले। जैसे कभी-कभी ऐप ओपन होने में टाइम लेने लगता है या फिर टच के वक्त देर से रिस्पॉन्स करता है आदि। हालांकि यह कमी कभी-कभी ही मिली। ऐसे में बहुत पीछे नहीं कह सकते हैं। वहीं बेंचमार्क टेस्ट में फोन ने अच्छा परफॉर्म किया।

oppo-k14x-review-in-hindi

ओपो के14एक्स में अपने एनटूटू बेंचमार्क रन किया जहां यह डिवाइस 5,65,613 तक का स्कोर करने में सक्षम था। वहीं प्रोसेसर परफॉर्मेंस टेस्ट गीकबेंच के दौरान यह सिंगल कोर पर 772 और मल्टीकोर पर 1,869 तक का स्कोर करने में सक्षम रहा। प्राइस रेंज के हिसाब से इस फोन ने सबसे अच्छा स्कोर तो नहीं किया, लेकिन हमारे लिस्ट में टॉप 5 में जरूर था। सैमसंग गैलेक्सी एम17 और लावा जैसे कुछ फोन ही इससे आगे निकल पाए थे। हमने इस फोन में थ्रॉटलिंग टेस्ट भी किया जहां बर्नआउट बेंचमार्क पर यह फोन 61 प्रतिशत तक स्कोर कर पाया जो कि काफी अच्छा था। वहीं सीपीयू थ्रॉटलिंग में 88 प्रतिशत तक गया जो कि बहुत अच्छा कहा जा सकता है। ये बेंचमार्क सीपीयू पर अधिकतम भार देकर उसी क्षमता को मापते हैं और वहां यह फोन पास रहा।

oppo-k14x-review-in-hindi

इसी तरह गेमिंग टेस्ट की बात करें, तो हमने इस फोन पर दो टॉप गेम बीजीएमआई और कॉल ऑफ ड्यूटी खेली और वहां भी यह फोन संतोषजनक परफॉर्मेंस दे रहा था। 30 मिनट के कॉल ऑफड्यूटी गेम के दौरान यह फोन 57.8 एफपीएस तक गया। वहीं में इसमें 30 मिनट के बीजीएमआई गेम भी खेला जहां यह फोन 38 एफपीएस तक सपोर्ट कर पाया। वहीं अच्छी बात यह है कि इस दौरान हीटिंग 3 से 5 डिग्री तक ही बढ़ रहा था। वहीं दोनों गेम में बैटरी ड्रॉप 6 पर्सेंट का था। कुल मिलाकर, यही कहूंगा कि थोड़े बहुत कमियों को छोड़ दें तो यह फोन अच्छा परफॉर्म कर रहा था और आपको डेली उपयोग में कोई परेशानी नहीं होगी।

हार्डवेयर के बाद सॉफ्टवेयर की बात करें, तो यह फोन थोड़ा पीछे कहा जाएगा। कंपनी ने इसे ColorOS 15 पर पेश किया है जो Android 15 आधारित है। वहीं इसमें आपको 2 साल का सॉफ्टवेयर अपडेट और 3 साल का सिक्योरिटी अपडेट मिलता है जो कि थोड़ा कम कहा जा सकता है।

कैमरा

OPPO K14X में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है और इसका मेन कैमरा 50 मेगापिक्सल का है, जबकि दूसरा सेंसर 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम लेंस है। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि मेन कैमरे के साथ एफ/1.8 अपर्चर सपोर्ट करता है, जो कम रोशनी के दौरान भी आपको बेहतर तस्वीर देने में सक्षम है। वहीं इसका मोनोक्रोम लेंस का फायदा आपको पोर्ट्रेट इमेज और लो लाइट इमेज के दौरान मिलता है।

कैमरा क्वालिटी की बात करें, तो डेलाइट में यह फोन अच्छी इमेज क्लिक कर रहा था जिसमें डिटेलिंग भी थी। परंतु तेज रोशनी के दौरान कलर थोड़ा अलग ले रहा था। लाल को थोड़ा ज्यादा लाल या पीले कलर को थोड़ा ज्यादा पीला कर दे रहा था। वहीं अच्छी रोशनी के दौरान इसने कुछ अच्छे फोटो भी क्लिक किए जो नेचुरल दिख रहे थे। लो लाइट इमेज भी अच्छे थे लेकिन बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है।

रही बात सेल्फी की तो इस फोन में 5 MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो f/2.2 अपर्चर के साथ आता है। 5 मेगापिक्सल के लिहाज से पिक्चर क्वालिटी हमें काफी अच्छी लगी।

बैटरी

ओपो के14एक्स को कंपनी ने 6500 एमएएच की बड़ी बैटरी के साथ पेश किया है। इसके साथ ही आपको 45W का फास्ट चार्जिंग मिल जाता है। फोन में हमने जब चार्जिंग टेस्ट की तो इस फोन को 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 1 घंटा 28 मिनट का समय लगा। हालांकि बैटरी परफॉर्मेंस टेस्ट पीसीमार्क इसमें नहीं चल पाया जिससे बैटरी बैकअप का सही अंदाजा हमें नहीं मिल पाया। परंतु 30 मिनट के यूट्यूब में 5 प्रतिशत और 30 मिनट के गेमिंग में 6 प्रतिशत का ड्रॉप था। इन रिजल्टस को देख कर कह सकते हैं कि बैटरी बैकअप अच्छा है और कंपनी ने इसे अच्छे ऑप्टिमाइज किया है।

कीमत

भारतीय बाजार में ओपो के14एक्स की शुरुआती कीमत 13,999 रुपये है। इसमें आपको 4GB की रैम मैमोरी के साथ 128GB की स्टोरेज मिलती है।

निष्कर्ष

प्राइस के लिहाज से स्पेसिफिकेशन देखें तो कह सकते हैं कि डिजाइन, डिस्प्ले और प्रोसेसर अच्छा है, लेकिन रैम थोड़ा कम है। यहां पर वैश्विक स्तर पर रैम के बढ़ते प्राइस का असर दिखने लगा है। रैम अगर 6GB होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता। वहीं कैमरा भी साधारण है और बेहतर की आशा कर रहे थे। हां! परफॉर्मेंस में हमें कोई शिकायत नहीं मिली और हर जगह बेहतर रिजल्ट था। इसके साथ ही बैटरी बैकअप भी अच्छा है। कुल मिलाकर कहें, तो आज फोन के प्राइस जहां लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे में OPPO K14X अच्छा विकल्प है। परंतु आप यदि इसका 6GB रैम वाला मॉडल लें तो ज्यादा अच्छा कहा जाएगा यह मॉडल 15,999 रुपये में उपलब्ध है। इस प्राइस रेंज में आप यदि कोई दूसरा फोन देखना चाहते हैं, तो Tecno Pova 7 और Moto G57 Power जैसे मॉडल देख सकते हैं। ये दोनों फोन स्पेक्स में काफी मजबूत नजर आते हैं।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here