POCO भारत में ला रहा है कम कीमत वाला स्मार्टफोन, हो सकता है Redmi 9C की कॉपी, देखें स्पेसिफिकेशन्स

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2020/06/Redmi-9C.jpg

POCO ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपना नया व लो बजट स्मार्टफोन POCO M2 Pro लॉन्च किया है। यह फोन इंडिया में 3 वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है जिसकी शुरूआती कीमत 13,999 रुपये है। एम2 प्रो लॉन्च होने के बाद अब खबर आ रही है कि टेक ब्रांड पोको जल्द ही एक और नया फोन भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है। इस फोन के नाम इत्यादि की जानकारी तो सामने नहीं आई है लेकिन मीडिया में यह बात जरूर वायरल हो गई है कि POCO का यह आगामी फोन कोई नया डिवाईस नहीं बल्कि Xiaomi का रिब्रांडिड Redmi 9C स्मार्टफोन होगा।

पोकोफोन से जुड़ी यह चौंकाने वाली खबर टिपस्टर द्वारा ट्वीटर पर शेयर की गई है। Xiaomi के साथ सफल होने के बाद अब POCO अलग इंडिपेंडेंट ब्रांड बन गया है। लेकिन अलग ब्रांड बनने के बाद भी पोको पर सवाल उठ रहे हैं कि यह यह रेडमी फोंस को ही नए नाम के साथ बाजार में उतार रहा है। हाल ही में लॉन्च हुए POCO M2 Pro को भी Redmi Note 9 Pro की डुप्लीकेट कॉपी बताया गया था। वहीं अब इंडियन सर्टिफिकेशन्स साइट BIS पर एक और पोको फोन लिस्ट हुआ है जिसका मॉडल नंबर Redmi 9C के ग्लोबल वर्ज़न जैसा ही है।

POCO के इस आगामी स्मार्टफोन को M2006C3MI मॉडल नंबर के साथ ब्यूरो आफ इंडियन स्टेंडर्ड वेबसाइट पर लिस्ट किया गया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों यूरोप में लॉन्च हुए Redmi 9C का मॉडल नंबर भी यही था। सिर्फ इतना ही नहीं आने वाले पोको फोन को इसी मॉडल नंबर के साथ TÜV Rheinland पर भी सर्टिफाइड किया गया है। POCO का यह फोन बाजार में किस नाम के साथ आएगा यह जानकारी तो अभी सामने नही आई है लेकिन इतना जरूर माना जा रहा है कि यह पोको फोन शाओमी रेडमी 9सी का ही दूसरा वर्ज़न होगा।

Redmi 9C

रेडमी 9सी की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह फोन 1600 × 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.53 इंच की एचडी+ एलसीडी डिसप्ले सपोर्ट करता है। कंपनी की ओर से इस फोन को एंडरॉयड 10 पर पेश किया गया है जो मीयूआई 11 पर काम करता है। इसके साथ ही प्रोसेसिंग के लिए फोन में 2.3गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक हीलियो जी35 चिपसेट दिया गया है। वहीं ग्राफिक्स के लिए यह फोन IMG PowerVR GE8320 जीपीयू सपोर्ट करता है।

यह भी पढ़ें : KBC के नाम पर हो रही है ठगी, बच कर रहे इस नंबर से, एक WhatsApp कॉल कर देगी पूरा अकाउंट खाली

मलेशिया में यह फोन 2जीबी रैम + 32जीबी स्टोरेज पर तथा यूरोप में 3जीबी रैम + 64जीबी स्टोरेज पर लॉन्च हुआ है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Redmi 9C ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी के लिए इस फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

Redmi 9C डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर सपोर्ट करता है। वहीं पावर बैकअप के लिए रेडमी 9सी में 5,000एमएएच की बैटरी मौजूद है। अंर्तराष्ट्रीय बाजार में यह फोन Midnight Gray, Twilight Blue और Peacock Green कलर में लॉन्च किया गया है।