
Redmi K90 सीरीज के अपग्रेड के तौर पर आने वाले के100 लाइनअप की जानकारी लीक में सामने आई है। XiaomiTime की नई रिपोर्ट के अनुसार, ब्रांड पहले से ही Redmi K100 सीरीज पर काम शुरू कर चुका है। इस अपकमिंग श्रृंखला में फिलहाल दो मॉडल डेवलपमेंट स्टेज में बताए जा रहे हैं। जिनका नाम Redmi K100 और Redmi K100 Pro Max हो सकता हैं। आइए, आगे इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
लीक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ही स्मार्टफोंस शुरुआती डेवलपमेंट फेज में हैं, लेकिन इसके बावजूद इनके इंटरनल कोडनेम और मॉडल नंबर सामने आ चुके हैं। Redmi K100 को कथित तौर पर “athens” कोडनेम दिया गया है, जिसका इंटरनल डेजिग्नेशन Q11 बताया जा रहा है। वहीं, ज्यादा प्रीमियम Redmi K100 Pro Max का कोडनेम “songyuan” और इंटरनल मॉडल नंबर Q11X सामने आया है।
Redmi K100 सीरीज को लेकर सबसे अहम जानकारी प्रोसेसर से जुड़ी है। लीक के मुताबिक, Redmi K100 में Qualcomm का फ्लैगशिप चिपसेट Snapdragon 8 Elite Gen 5 दिया जा सकता है। वहीं, ज्यादा प्रीमियम Redmi K100 Pro Max में आगामी चिप Snapdragon 8 Elite Gen 6 लगाया जा सकता है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो K100 सीरीज परफॉरमेंस के मामले में अल्ट्रा-फ्लैगशिप सेगमेंट को टारगेट कर सकती है।
यदि Xiaomi अपने पुराने पैटर्न को फॉलो करता है, तो Redmi K100 सीरीज सिर्फ चीन तक सीमित नहीं रहेगी। इससे पहले Redmi K-सीरीज़ के कई स्मार्टफोंस को ग्लोबल मार्केट में Poco ब्रांड के तहत रीब्रांड किया था। इसी पैटर्न को देखते हुए माना जा रहा है कि Redmi K100 को ग्लोबली Poco F9 Pro के नाम से लाया जा सकता है। जबकि Redmi K100 Pro Max, Poco F9 Ultra के तौर पर एंट्री ले सकता है। हालांकि फिलहाल कंपनी की ओर से आगामी लाइनअप की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में जानकारी शेयर की जा सकती है।

लीक हुई जानकारी के अनुसार Redmi K100 और K100 Pro Max उन ग्राहकों के लिए हो सकते हैं जो फ्लैगशिप-लेवल परफॉरमेंस पसंद करते हैं। हालांकि Redmi K100 सीरीज से जुड़ी सभी जानकारियां शुरुआती लीक पर आधारित हैं और आधिकारिक लॉन्च में अभी कई महीने का समय लग सकता है। ऐसे में यदि आप जल्दी फोन खरीदना चाहते हैं, तो Redmi K90 सीरीज ले सकते हैं। जबकि अगर जल्दी नहीं है तो आगामी लाइनअप का वेट कर सकते हैं। हम आगे भी आपको इसका अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।










