
5G नेटवर्क की चर्चा के बीच हाल ही में देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और एमटीएनएल को 5G ट्रायल की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, इंडिया में 5G आने में अभी काफी समय लग सकता है। वहीं, दूसरी ओर दूरसंचार नियामक ट्राई ने हर महीने के तरह ही इस बार भी 4G डाउनलोड स्पीड और अपलोड स्पीड के आकंड़े जारी किए हैं। इन आकड़ों में बताया गया है कि साल 2021 के मई महीने में किस कंपनी की डाउनलोड/अपलोड स्पीड कितनी रही। आइए आगे जानते हैं कि आप जिस नेटवर्क का इस्तेमाल करते हैं उसके आंकड़े क्या कहते हैं।
4G डाउनलोड स्पीड में अव्वल जियो
रिलायंस जियो के यूजर्स के लिए एक बार फिर अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, ट्राई के आंकड़ों के अनुसार जियो एक बार फिर औसत 4G डाउनलोड स्पीड में अव्वल साबित हुई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के मई माह के आंकड़ों के मुताबिक जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 20.7 एमबीपीएस दर्ज की गई। पिछले माह यानी अप्रैल में रिलायंस जियो की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड 20.1 एमबीपीएस थी। पिछले कई वर्षों से रिलायंस जियो डाउनलोड स्पीड के मामले में लगातार नंबर वन 4जी ऑपरेटर की पोजिशन पर बना हुआ है। इसे भी पढ़ें: Jio 5G का इंतजार हुआ खत्म!, अंबानी ने शुरू किया सबसे फास्ट 5G का ट्रायल
इस मामले में Vi ने मारी बाजी
मई में 6.3 एमबीपीएस के साथ वीआई इंडिया औसत 4 जी अपलोड स्पीड चार्ट में सबसे ऊपर रहा। दूसरे नंबर पर रिलायंस जियो ने बाजी मारी उसकी अपलोड स्पीड 4.2 एमबीपीएस रही। एयरटेल औसत 4जी अपलोड स्पीड के मामले में भी तीसरे नंबर पर रहा। कंपनी की मई माह की औसत अपलोड स्पीड 3.6 एमबीपीएस नापी गई।
एयरटेल का प्रदर्शन रहा खराब
ट्राई के अनुसार मई में भारती एयरटेल के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई । एयरटेल की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड अप्रैल के 5.0 एमबीपीएस के मुकाबले मई में 4.7 एमबीपीएस रही। एयरटेल के मुकाबले रिलायंस जियो की डाउनलोड स्पीड चार गुना से भी आधिक रही। भारती एयरटेल के लिए यह परेशानी का सबब है क्योंकि डाउनलोड स्पीड के मामले में वह तीसरे नंबर पर खिसक गया है।
वोडाफोन और आइडिया सेल्युलर ने अपने कारोबार का विलय कर लिया था और अब वे वोडाफोन-आइडिया के रूप में काम कर रहे हैं पर अप्रैल 2021 तक ट्राई दोनों के आकंड़े अलग अलग दिखाता था। यह पहला मौका है जब ट्राई ने दोनों कंपनियों के आंकड़े वीआई इंडिया के नाम से प्रकाशित किए हैं। इसे भी पढ़ें: 5G नहीं, भारत में आएगा 5Gi, जानें क्यों खास है यह तकनीक
वीआई इंडिया के पहली बार प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार मई माह में कंपनी की औसत डाउनलोड स्पीड 6.3 एमबीपीएस रिकॉर्ड की गई। वहीं अप्रैल माह में जब दोनों कंपनियों के आंकड़े अलग अलग प्रकाशित होते थे तब वोडाफोन की औसत डाउनलोड स्पीड 7.0 एमबीपीएस और आइडिया की 5.8 एमबीपीएस दर्ज की गई थी। रिलायंस जियो की डाउनलोड स्पीड वीआई इंडिया से 3 गुना से भी अधिक है।
नोट: ट्राई द्वारा औसत स्पीड की जानकारी माईस्पीड एप्लिकेशन या ट्राई की वेबसाइट की सहायता से एकत्र रियल टाइम आंकड़ों के आधार पर की जाती है।





















