Samsung Galaxy Tab S12 Ultra रिव्यू : बड़ी स्क्रीन और बड़ी बैटरी के साथ परफॉर्मेंस भी शानदार

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/10/Samsung-Galaxy-Tab-S12-Ultra-6.jpg

हाई-एंड एंड्रॉयड टैबलेट की बात करते हैं, तो आपके पास बहुत कम ही ऑप्शन बचते हैं। या यूं कहें कि सिर्फ सैमसंग ही है। कंपनी हर साल S सीरीज में बेहद ही ताकतवर टैबलेट पेश करती है, जिसकी चर्चा पूरे साल होती है। इस बार भी कंपनी ने Samsung Galaxy Tab S12 Ultra मॉडल को पेश किया, जो बड़ी स्क्रीन और दमदार प्रोसेसर के साथ आया है। हमारे पास यह टैबलेट रिव्यू के लिए आया और लगभग 15 दिनों के उपयोग के बाद हमने इसका रिव्यू किया, जो आपके सामने है।

डिजाइन और डिस्प्ले

रिव्यू की शुरुआत डिजाइन से करते हैं। सबसे पहले बता दूं कि Samsung Galaxy Tab S12 Ultra जब आपके हाथों में आएगा, तो इसकी पतली बॉडी देखकर आप वॉव कहेंगे। टैबलेट की बॉडी एल्यूमिनियम की बनी है, जिसकी क्वालिटी अच्छी है और यह काफी मजबूत भी है। वहीं, इसकी मोटाई मात्र 5.1mm है, जो इसे देखने पर मजबूर कर देती है।

खास बात है कि बड़ी बैटरी और बड़ी स्क्रीन के बाद भी टैबलेट का वजन ज्यादा नहीं है। यह डिवाइस मात्र 692 ग्राम का है। ऐसे में कह सकते हैं कि यह काफी हल्का है। हालांकि, हल्का और पतला होने के बावजूद भी यह कमजोर नहीं लगा। हमने अच्छी ताकत के साथ इसे मोड़ने की कोशिश की, लेकिन यह मुड़ा नहीं।

इन सबके साथ अच्छी बात कही जा सकती है कि यह डिवाइस IP68 रेटिंग के साथ आता है, जहां एक मीटर पानी में भी यह डिवाइस आधे घंटे तक सुरक्षित रह सकता है। वहीं, धूल से भी यह काफी हद तक सुरक्षित रहेगा।

रही बात डिस्प्ले की, तो टैबलेट में कंपनी ने 14.6 इंच की Dynamic AMOLED 2X स्क्रीन दी है और इसका स्क्रीन रेजल्यूशन 2960 x 1848 पिक्सल है। डिस्प्ले बहुत ही शानदार है और काफी चमकदार भी। इसमें 1,600 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ 120Hz का वेरिएबल स्क्रीन रिफ्रेश रेट भी मिलता है। टैबलेट में आपको 1,000 निट्स की हाई ब्राइटनेस भी मिलती है।

हमें सबसे अच्छी बात लगी कि इसमें बेजल बेहद ही पतले हैं और सामने डिस्प्ले के अलावा कुछ नहीं दिखाई देता है। बेजल की मोटाई का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि टैबलेट पर दिया गया सेल्फी कैमरा भी उस पर पूरा नहीं आता है, जिसकी वजह से थोड़ा वॉटर ड्रॉप नॉच का अहसास कराता है। हालांकि, पतले बेजल के बाद भी डिवाइस को पकड़ने में उंगलियां स्क्रीन पर नहीं लगती हैं और अनचाहे टच से बच जाती हैं।

सैमसंग के इस टैब में बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के लिए एक अंडर-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर मिलता है, जो बेहद फास्ट है।

कुल मिलाकर, डिस्प्ले की बात करें, तो यह बहुत ही शानदार है और ब्राउजिंग हो या वीडियो स्ट्रीमिंग या फिर क्रिएटिविटी के लिए पेन का उपयोग, कहीं भी कोई कमी नहीं मिलेगी। हां! स्क्रीन बहुत बड़ी है और लैपटॉप के समान अहसास कराती है। ऐसे में कनेक्टिविटी के लिए सिर्फ एक USB-C पोर्ट होना थोड़ी कमी कही जाएगी। माइक्रोएसडी कार्ड रिडर सहित कुछ दूसरे पोर्ट होते, तो और बेहतर कहा जाता। वहीं डिस्प्ले काफी चमकदार है लेकिन रिफ्लैक्टिव है। ऐसे में यदि आप कोई डार्क मूवी या डार्क बैकग्राउंड के साथ कंटेंट पर काम कर रहे हैं तो थोड़ी परेशानी हो सकती है।

हालांकि, डिवाइस काफी मजबूत है, लेकिन बड़ी स्क्रीन होने की वजह से इसे काफी संभालकर उपयोग करना होता है। ऐसे में यही कहेंगे कि बड़ी स्क्रीन इसकी ताकत है तो थोड़ी कमजोरी भी। क्योंकि बड़ी स्क्रीन में कंटेंट को तो आप अच्छे से एन्जॉय कर पाएंगे लेकिन कहीं लेकर जाने के दौरान थोड़ी समस्या भी होती है।

इस डिवाइस की एक और बात अच्छी है कि इसमें आपको चार स्पीकर मिलते हैं। ऐसे में वॉल्यूम की कोई कमी नहीं होगी। आप मीटिंग कर रहे हैं या मूवी देख रहे हैं। ऑडियो की शिकायत नहीं करेंगे।

परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस की बात करें, तो Samsung Galaxy Tab S12 Ultra को कंपनी ने मीडियाटेक डायमेंसिटी 9500 चिपसेट के साथ पेश किया है। टैबलेट में आपको 12GB RAM के साथ 256GB की स्टोरेज मिलती है। हार्डवेयर के मामले में इसे कहीं से पीछे नहीं कहा जा सकता और अच्छे स्पेसिफिकेशन का फायदा परफॉर्मेंस में भी दिखता है।

इस टैबलेट में हमने कई बेंचमार्क टेस्ट रन किए, जहां यह डिवाइस काफी अच्छा स्कोर कर रहा था। हमारे टेस्ट में परफॉर्मेंस बेंचमार्क AnTuTu पर यह टैबलेट 34,54,581 पॉइंट का स्कोर करने में सफल रहा, जबकि प्रोसेसर बेंचमार्क Geekbench पर यह डिवाइस सिंगल कोर में 3,282 और मल्टीकोर में 10,032 तक का स्कोर करने में सफल रहा। प्रोसेसर स्कोर को देखकर कहा जा सकता है कि टैबलेट के लिहाज से यह फिलहाल सबसे बेस्ट है।

हमने इस पर ग्राफिक्स टेस्ट भी किया, जहां 3DMark के Steel Nomad ग्राफिक्स टेस्ट में यह 3,145 तक का ग्राफिक्स स्कोर हासिल कर पाया, जबकि Wild Life Extreme में यह 7,204 तक का ग्राफिक्स स्कोर करने में सफल रहा। यह स्कोर भी काफी अच्छा है।

सैमसंग का यह टैब S Pen के साथ दूसरे फीचर्स भी सपोर्ट करता है और उपयोग में काफी बेहतर भी है। S पेन लगभग कागज़ पर रेगुलर पेंसिल इस्तेमाल करने जैसा लगता है। इसका नेचुरल फील और रिस्पॉन्सिव इंटरैक्शन इसे हाथ से लिखे नोट्स, स्केचिंग और डॉक्यूमेंट्स पर कमेंट करने के लिए उपयोगी बनाता है। स्टूडेंट्स और क्रिएटिव यूजर्स के लिए बेहद खास कहा जाएगा।

हालांकि, मुझे सबसे बेहतर सैमसंग का DeX मोड लगा। पहले भी मैं इसका उपयोग कर चुका हूं, इसलिए मुझे समझने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। आप चाहें, तो इस टैबलेट को साधारण एंड्रॉयड टैब की तरह उपयोग कर सकते हैं या फिर DeX मोड के माध्यम से विंडोज लैपटॉप के समान उपयोग कर सकते हैं।

वहीं, DeX फीचर का फायदा यह है कि आप इसे किसी भी बड़ी स्क्रीन, जैसे कि मॉनिटर या टीवी, से कनेक्ट कर बड़े व्यू के साथ कंप्यूटर की तरह उपयोग कर सकते हैं। वैसे तो आप इसे साधारण टैबलेट कह सकते हैं, लेकिन DeX की वजह से यह दूसरे एंड्रॉयड टैब से आगे निकल जाता है।

हार्डवेयर सेक्शन में ही कैमरे की बात भी कर लेते हैं। Galaxy Tab S12 Ultra के रियर पैनल में 13MP के मेन कैमरे के साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा उपलब्ध है। वहीं, सेल्फी के लिए 12MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरे से आप बहुत ज्यादा आशा नहीं कर सकते, लेकिन 13MP रेजल्यूशन पर जो भी फोटो क्लिक होती है, वह अच्छी होती है। दिन की रोशनी में तो लेंस के हिसाब से इसे काफी अच्छा कहा जाएगा। वहीं, फ्रंट कैमरा मीटिंग आदि के लिए काफी अच्छा है।

बैटरी लाइफ

सैमसंग Galaxy Tab S12 Ultra को कंपनी ने 11,600mAh की बड़ी बैटरी के साथ पेश किया है जो 45 वॉट के पावर डिलिवरी फास्ट चार्जिंग के साथ आता है। हमारे चार्जिंग टेस्ट में इस डिवाइस को 20 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में एक घंटा 20 मिनट का समय लगा था। बड़ी बैटरी के लिहाज से इसे एक अच्छा कहेंगे।

हमने इस टैबलेट में बैटरी परफॉर्मेंस टेस्ट भी किया, जहां हमारे PCMark टेस्ट में यह डिवाइस 12 घंटे से ज्यादा का बैकअप देने में सफल रहा। एक टैबलेट के लिहाज से PCMark टेस्ट में 12 घंटे का बैकअप बहुत अच्छा कहा जाएगा। यानी कि हैवी टास्क के बाद भी यह एक पूरा दिन आसानी से निकाल देगा। कंपनी ने 23 घंटे के वीडियो प्ले बैक का टाइम दिया है और हमने अपने टेस्ट में पाया कि लगभग 18 से 20 घंटे तक यह चल जाता है। क्योंकि हम हाई रेजल्यूशन में प्ले कर रहे थे। कुल मिलाकर कहें तो बैटरी बैकअप अच्छा है।

सॉफ्टवेयर

Samsung Galaxy Tab S12 Ultra को कंपनी ने गूगल के सबसे नए ऑपरेटिंग सिस्टम Android 17 के साथ पेश किया है, जो One UI 9 लेयरिंग के साथ उपलब्ध है। टैबलेट उपयोग में काफी आसान है। सबसे अच्छी बात कही जा सकती है कि कंपनी ने पॉप-आउट साइडबार और लॉन्ग प्रेस करके मेन्यू शॉर्टकट सहित कई अच्छे फीचर्स इस टैबलेट के साथ पेश किए हैं, जिससे उपयोग में काफी मजा आता है। आपको बार-बार पूरा ऐप ट्रे खोलने की जरूरत नहीं होती है।

जैसा कि हम जानते हैं, इस टैबलेट में स्टायलस का सपोर्ट है और कंपनी ने इसे लॉन्च भी किया है। हालांकि, पेन के लिए आपको अलग से कीमत चुकानी होती है, लेकिन एडिटिंग टूल में उसका उपयोग काफी अच्छा है।

इसमें आप Photoshop के मोबाइल वर्जन सहित दूसरे ऐप्स को काफी अच्छे से रन कर सकते हैं। टैबलेट के साथ Adobe Photoshop का सब्सक्रिप्शन 4 महीने के लिए, Google AI Pro छह महीने के लिए, Lightroom दो महीने के लिए और एक साल का Goodnotes सब्सक्रिप्शन मिलता है, जो काफी अच्छा कहा जा सकता है।

बड़ी स्क्रीन में मल्टी-विंडो फीचर भी काफी अच्छा लगता है और आप एक साथ कई ऐप्स ओपन कर सकते हैं। टैबलेट में फ्लोटिंग विंडोज का भी विकल्प है। इसमें एक ऐप को आप फ्लोटिंग विंडो में रख सकते हैं और जरूरत के हिसाब से उसका प्लेसमेंट बदल सकते हैं।

वहीं, सैमसंग के इस टैबलेट के साथ आपको Galaxy AI टूल्स का बंडल भी मिलता है, जिनमें नोट्स और ट्रांसक्रिप्शन आदि शामिल हैं। वहीं, AI इमेज टूल भी बड़े काम का है।

निष्कर्ष

Samsung Galaxy Tab S12 Ultra की भारतीय बाजार में शुरुआती कीमत 1,49,999 रुपये है। कीमत के लिहाज से यह थोड़ा महंगा तो लगता है, लेकिन इसमें 14.6 इंच की Dynamic AMOLED 2X स्क्रीन मिलती है और मीडियाटेक का फ्लैगशिप प्रोसेसर है, जो टॉप परफॉर्मेंस का भरोसा देता है।

इन सबके बाद जो सबसे अच्छी बात कही जा सकती है, वह यह है कि सॉफ्टवेयर शानदार है और बड़ी स्क्रीन पर क्रिएटिविटी दिखाने के लिए आपको कई ऐप्स मिलते हैं। वहीं, मल्टीटास्किंग भी कमाल की है और DeX मोड इसे दूसरे टैबलेट से आगे रखता है। कुल मिलाकर कहें, तो प्रोडक्टिविटी के लिए यह सबसे बेस्ट टैबलेट में से एक है। हां! रही बात लैपटॉप को रिप्लेस करने की, तो कुछ मामलों में यह अच्छा काम करता है, लेकिन कई जगह लैपटॉप की बराबरी नहीं कर सकता।