Samsung ने शेयर किया अपकमिंग फोल्डेबल फोन का टीज़र, डिफरेंट डिजाइन के साथ आएगा Galaxy Z Fold 8 Wide

सैमसंग के नए फोल्डेबल फोन जल्द आने वाले हैं। कंपनी की ओर से हालांकि अभी कोई आधिकारिक डेट नहीं बताई गई है लेकिन आज ब्रांड द्वारा इस अपकमिंग स्मार्टफोन सीरीज से जुड़ी टीज़र जारी कर दिया गया है। सैमसंग ने हिंट दिया है कि उसका आने वाला फोल्डेबल फोन ‘स्कावयर’ शेप में लाया जाएगा जो पहले वाले बुक स्टाइल गैलेक्सी फोल्ड फोंस से अलग होगा। इस सीरीज के तहत Samsung Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Fold 8 Wide लॉन्च किए जाने की खबर है। कंपनी द्वारा जारी किए गए टीज़र और गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड की लीक स्पेसिफिकेशन्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide डिस्प्ले डिजाइन
गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड8 वाइड को कंपनी बुक स्टाइल डिजाइन पर नहीं लेकर आएगी। यह काफी हद तक चौकोर शेप में होगा। लीक्स की मानें तो फोन अनफोल्ड करने के बाद 4:3 आस्पेक्ट रेश्यो प्राप्त हो सकता है। लीक के अनुसार यह मेन स्क्रीन का आस्पेक्ट रेश्यो होगा जिसका डिस्प्ले साइज 7.6-इंच हो सकता है। यह QHD+ रेजोल्यूशन वाली डिस्प्ले बताई जा रही है जिसके लिए Dynamic AMOLED 2X पैनल का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं इस स्क्रीन 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट भी दिया जा सकता है।
फोल्डेबल स्मार्टफोंस का वजन अक्सर हैवी देखा जाता है। लेकिन इस अपकमिंग सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 फोन का वजन लीक में 201 ग्राम के करीब बताया गया है। डायमेंशन की बात करें तो लीक के अनुसार मोबाइल को फोल्ड करने के बाद इसकी मोटाई 9.7एमएम हो जाएगी और वहीं फोन अनफोल्ड करने के बाद इसकी थिकनेस केवल 4.5एमएम ही रह जाएगी। बताते चलें कि अनफोल्ड करने के बाद Galaxy Z Fold7 की थिकनेस सिर्फ 4.2mm रह जाती है।
Galaxy Z Fold 8 की कवर स्क्रीन का साइज 5.5-इंच बताया जा रहा है। जब फोन को बंद यानी फोल्ड किया जाएगा तो यह सेकेंडरी डिस्प्ले सामने आएगी। लीक की मानें तो यह भी Dynamic AMOLED 2X पैनल पर बनी होगी और इसपर भी 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जाएगा। इस सैमसंग फोल्ड फोन की कवर स्क्रीन का आस्पेक्ट रेश्यो 16:10 बताया जा रहा है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड को क्वालकॉम के 3नैनोमीटर प्रोसेस पर बने Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। यह ऑक्टा-कोर प्रोसेसर 3.63गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 4.61गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। गौरतलब है कि स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 क्वालकॉम द्वारा लाया गया अभी तक का सबसे पावरफुल मोबाइल प्रोसेसर है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide 12GB RAM वाला फोन होगा। यह LPDDR5X RAM हो सकती है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाए रखने में मदद करेगी। लीक के अनुसार यह सैमसंग फोन तीन मेमोरी वेरिएंट्स में मार्केट में लाया जा सकता है जिनमें 256GB, 512GB और 1TB स्टोरेज शामिल हो सकती है। हालांकि उम्मीद कर सकते हैं कि कुछ मार्केट्स में शायद गैलेक्सी ज़ेड फोल्ड 8 वाइड 16जीबी रैम पर भी लॉन्च कर दिया जाएगा।
कैमरा सेग्मेंट की बात करें तो Galaxy Z Fold 8 Wide के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें एफ/1.9 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन Ultra Wide एंगल लेंस और एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Wide लेंस शामिल हो सकता है। फोन की मेन डिस्प्ले और कवर डिस्प्ले दोनों पर 10 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर लगाए जाने की बात सामने आई है जिसका अपर्चर एफ/2.2 बताया गया है।
पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide स्मार्टफोन को 4800mAh बैटरी से लैस कर टेक मार्केट में उतारा जा सकता है। लीक्स में बताया जा रहा है कि यह सैमसंग 5जी फोन 45वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया जा सकता है और साथ ही मोबाइल में फास्ट वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया जा सकता है। बहरहाल ये सभी स्पेसिफिकेशन्स अभी सिर्फ लीक में ही सामने आई है लिहाजा इन्हें पुख्ता करार नहीं दिया जा सकता है।