Samsung Galaxy Z Fold8 पर स्विच करना हुआ आसान, जानें क्या है तरीका

नया स्मार्टफोन खरीदते समय सबसे ज्यादा उत्साह उसके नए फीचर्स और डिजाइन को लेकर होता है, लेकिन जैसे ही पुराने फोन से नए फोन पर शिफ्ट होने की बारी आती है, यह उत्साह थोड़ी देर के लिए परेशानी में बदल सकता है। खासकर तब, जब आप iPhone से Samsung Galaxy पर जाने की तैयारी कर रहे हों। कॉन्टैक्ट, फोटो, वीडियो, मैसेज, ऐप्स, पासवर्ड, कॉल हिस्ट्री और दूसरी जरूरी सेटिंग्स को नए फोन में लाना अक्सर लंबी प्रक्रिया लगती है। ऊपर से नए फोन को पुराने फोन की तरह इस्तेमाल करने में भी कुछ समय लगता है।
Samsung अब इसी अनुभव को आसान बनाने की कोशिश कर रहा है। कंपनी ने One UI 9 के साथ Smart Switch में कई बदलाव किए हैं, जिससे iPhone या पुराने Android फोन से नए Galaxy डिवाइस पर स्विच करना पहले के मुकाबले आसान हो गया है। खास बात यह है कि iPhone यूजर्स को अब Smart Switch के लिए अलग से ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी। नए Galaxy फोन पर दिखने वाले QR कोड को स्कैन करके डाटा ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
QR कोड से करें शुरुआत
सोचिए, आपने नया Galaxy Z Fold8 खरीदा है और अब अपने पुराने iPhone से जरूरी डाटा इसमें ट्रांसफर करना है। पहले इस प्रक्रिया में ऐप, केबल और अलग-अलग सेटिंग्स को लेकर थोड़ा अतिरिक्त काम करना पड़ सकता था, लेकिन One UI 9 के साथ Samsung ने शुरुआती प्रक्रिया को काफी आसान बनाने की कोशिश की है।
नए Galaxy फोन पर दिखाई देने वाले QR कोड को iPhone से स्कैन किया जा सकता है। इसके बाद Smart Switch के जरिए डाटा ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। सबसे अच्छी बात यह है कि iPhone पर Smart Switch ऐप को अलग से डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है यानी नया फोन सेटअप करते समय ही यूजर अपने पुराने फोन को नए Galaxy से जोड़ सकते हैं और जरूरी डाटा को ट्रांसफर करना शुरू कर सकते हैं।
सही केबल खोजने की भी जरूरत नहीं
नया फोन सेटअप करते समय कई बार सबसे छोटी चीज ही सबसे बड़ी परेशानी बन जाती है। कौन-सी केबल चाहिए, क्या एडॉप्टर उपलब्ध है और दोनों फोन आपस में कैसे कनेक्ट होंगे, इन सवालों में काफी समय निकल जाता है। Smart Switch में वायरलेस कनेक्शन को ज्यादा आसान बनाया गया है। यूजर्स बिना सही केबल या एडॉप्टर ढूंढे दोनों डिवाइस को कनेक्ट करके डाटा ट्रांसफर कर सकते हैं। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए सुविधाजनक है, जो iPhone से Galaxy पर पहली बार स्विच कर रहे हैं और नए फोन को जल्द से जल्द इस्तेमाल करना चाहते हैं।
अब सिर्फ फोटो और कॉन्टैक्ट नहीं आएंगे साथ
नए फोन पर शिफ्ट होने के दौरान फोटो और कॉन्टैक्ट सबसे जरूरी डाटा में शामिल होते हैं। लेकिन स्मार्टफोन में सिर्फ यही चीजें महत्वपूर्ण नहीं होतीं। कई छोटी-छोटी जानकारियां ऐसी होती हैं, जिन्हें दोबारा सेट करने में काफी समय लग सकता है। Samsung ने One UI 9 में Smart Switch के जरिए iPhone से Galaxy पर ट्रांसफर किए जा सकने वाले डाटा का दायरा बढ़ाया है। अब फोटो, वीडियो, मैसेज, कॉन्टैक्ट, कैलेंडर और ऐप्स के साथ पासवर्ड और Passkeys, कॉल हिस्ट्री, Accessibility Settings और eSIM की जानकारी भी ट्रांसफर की जा सकती है। यही बदलाव नए फोन को ज्यादा जल्दी तैयार करने में मदद कर सकता है।
पासवर्ड ट्रांसफर होने से बचेगा काफी समय
नए स्मार्टफोन पर जाने के बाद सबसे ज्यादा परेशान करने वाली चीजों में से एक है अलग-अलग अकाउंट में दोबारा लॉगइन करना। सोशल मीडिया से लेकर ईमेल और दूसरी सेवाओं तक, हर जगह पासवर्ड डालना पड़ सकता है। अगर जरूरी पासवर्ड और Passkeys ट्रांसफर हो जाते हैं, तो नए Galaxy को इस्तेमाल के लिए तैयार करना काफी आसान हो सकता है यानी फोन बदलने के बाद आपका डिजिटल सेटअप पूरी तरह नए सिरे से शुरू करने की जरूरत कम हो जाती है। हालांकि डाटा ट्रांसफर करते समय हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि आपका पुराना और नया डिवाइस सुरक्षित हो और किसी अनजान व्यक्ति को ट्रांसफर प्रक्रिया तक पहुंच न मिले।
eSIM की जानकारी भी आ सकती है नए फोन में
आजकल बहुत से यूजर्स फिजिकल SIM की जगह eSIM का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में नया फोन खरीदने के बाद मोबाइल कनेक्शन को दोबारा सेट करना भी एक अतिरिक्त काम बन सकता है। Smart Switch में eSIM की जानकारी ट्रांसफर करने की सुविधा इसी परेशानी को कम करने में मदद कर सकती है। इसका फायदा खासतौर पर उन यूजर्स को हो सकता है, जो अपना मौजूदा मोबाइल सेटअप नए Galaxy फोन पर जारी रखना चाहते हैं। हालांकि eSIM ट्रांसफर का अनुभव मोबाइल ऑपरेटर और क्षेत्र के अनुसार अलग हो सकता है, इसलिए इसे पूरी तरह स्वचालित मानने के बजाय अपने नेटवर्क ऑपरेटर की शर्तों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
नया Galaxy फोन भी लगेगा जाना-पहचाना
नए फोन पर डाटा आ जाने के बाद भी एक समस्या बाकी रहती है-नए इंटरफेस की आदत डालना। iPhone और Galaxy का इस्तेमाल करने का तरीका काफी अलग है, इसलिए iPhone से Galaxy पर आने वाले यूजर्स को शुरुआत में कुछ चीजें अनजान लग सकती हैं। Samsung इसमें भी यूजर्स को ज्यादा विकल्प दे रहा है। Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 जैसे डिवाइस पर यूजर्स Swipe Gestures और Home Screen Layout जैसी सेटिंग्स को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकते हैं यानी आप नए फोन को सिर्फ नया फोन बनाकर नहीं छोड़ते, बल्कि उसे अपने इस्तेमाल के तरीके के हिसाब से तैयार कर सकते हैं।
Good Lock से और ज्यादा कस्टमाइजेशन
अगर आपको फोन के इंटरफेस के साथ प्रयोग करना पसंद है, तो Samsung का Good Lock इसमें और ज्यादा विकल्प देता है। इसके जरिए Home Screen, ऐप स्विचिंग और इंटरफेस के दूसरे हिस्सों को अपनी पसंद के अनुसार बदला जा सकता है। iPhone से Galaxy पर आने वाले यूजर्स के लिए इसका फायदा यह है कि वे नए फोन के इस्तेमाल को अपनी पुरानी आदतों के ज्यादा करीब ला सकते हैं। शुरुआत में होने वाला बदलाव पूरी तरह खत्म तो नहीं होगा, लेकिन नए वातावरण में एडजस्ट करना थोड़ा आसान जरूर हो सकता है।
फाइल शेयर करना रहेगा आसान
नया स्मार्टफोन खरीदने के बाद यह जरूरी नहीं कि आपके आसपास के सभी लोग भी उसी प्लेटफॉर्म पर आ जाएं। आपके दोस्त iPhone इस्तेमाल कर सकते हैं, परिवार के सदस्य Android फोन चला सकते हैं और ऑफिस में अलग-अलग डिवाइस का इस्तेमाल हो सकता है। ऐसे में फोन बदलने के बाद भी Cross-Platform File Sharing महत्वपूर्ण रहती है।
Samsung ने Quick Share को भी इस दिशा में बेहतर किया है। One UI 9 और One UI 8.5 वाले डिवाइस के साथ क्रॉस-डिवाइस शेयरिंग अनुभव को बेहतर बनाया गया है। AirDrop Compatibility की मदद से Galaxy और iOS डिवाइस के बीच फाइल शेयरिंग को आसान बनाने की कोशिश की गई है। इसका मतलब है कि Galaxy फोन पर आने के बाद भी iPhone इस्तेमाल करने वाले दोस्तों या परिवार के सदस्यों को फोटो और दूसरी फाइलें शेयर करना पहले की तुलना में आसान हो सकता है।
Smart Switch को देखकर ऐसा लग सकता है कि इसका काम सिर्फ पुराने फोन से नए फोन में डाटा पहुंचाना है। लेकिन असल में इसका फायदा इससे थोड़ा बड़ा है। एक अच्छा फोन ट्रांसफर अनुभव वह होता है, जिसमें नया डिवाइस खोलने के कुछ ही समय बाद आपको ऐसा लगे कि आपका पुराना डिजिटल सेटअप आपके साथ आ गया है। आपकी फोटो मौजूद हों, कॉन्टैक्ट सुरक्षित हों, जरूरी मैसेज मिल जाएं, पासवर्ड और दूसरी सेटिंग्स उपलब्ध हों और फोन को अपनी पसंद के मुताबिक इस्तेमाल करना भी संभव हो। One UI 9 के साथ Smart Switch में किए गए बदलाव इसी अनुभव को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं।