
टेक्नो अपनी Spark सीरीज में नया 5G स्मार्टफोन जोड़ने जा रहा है। जिसे Tecno Spark Go 5G नाम से इसी महीने लॉन्च किया जाएगा। बता दें कि ब्रांड ने इस साल की शुरुआत में Tecno Spark Go 2 को 6,999 रुपये की कीमत में लॉन्च किया था। जिसमें 4G कनेक्टिविटी, 6.67-इंच 120Hz डिस्प्ले, 5,000mAh बैटरी और IP64 रेटिंग जैसे फीचर्स दिए गए थे। वहीं, अब इसी का अपग्रेड Spark Go 5G आएगा। इसे लेकर ऑनलाइन शॉपिंग साइट Amazon पर माइक्रोसाइट लाइव है। जिसमें लॉन्च डेट, डिजाइन और प्रमुख स्पेसिफिकेशंस बताए गए हैं। जिसकी डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
आप नीचे दिए गए पोस्टर में देख सकते हैं कि Tecno Spark Go 5G भारत में 14 अगस्त को लॉन्च किया जाएगा। टीजर में इसे अपने सेगमेंट का सबसे स्लिम 5G फोन होने का दावा किया गया है। इसकी मोटाई सिर्फ 7.99mm देखी जा सकती है। जबकि वजन की बात करें तो यह 194 ग्राम होने की डिटेल्स दी गई है। खास बात यह है की कम वजन और थिकनेस के बावजूद इसमें 6,000mAh की बड़ी बैटरी होगी। जिससे बैकअप शानदार मिल सकता है।
आज कल ज्यादातर लोग 5जी स्मार्टफोन ले रहे हैं इसे देखते हुए ब्रांड द्वारा Tecno Spark Go 5G उन यूजर्स को टारगेट कर सकता है जो कम बजट में 5G कनेक्टिविटी और बड़ी बैटरी वाला स्लिम फोन लेने की इच्छा रखते हैं। यह मॉडल ब्रांड की Spark सीरीज में पहला ऐसा स्मार्टफोन बनने वाला है जिसमें 5G सपोर्ट दिया जाएगा। उम्मीद है कि यह बाजार में आने के बाद रियलमी, इंफिनिक्स और लावा जैसे ब्रांड्स के बजट 5G फोंस से मुकाबला कर सकता है।
कीमत को लेकर कंपनी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन अनुमान है कि Tecno Spark Go 5G को 10,000 रुपये से कम में लॉन्च किया जा सकता है। इस प्राइस रेंज में यह फोन उन ग्राहकों के लिए नया ऑप्शन बन सकता है जो 4G से 5G तकनीक पर स्विच करने का मन बना रहे हैं और जिनका बजट सीमित है।
यदि स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो फोन में ऑफलाइन कॉलिंग सपोर्ट मिलने की जानकारी शेयर की गई है। जिससे यूजर्स सीमित रेंज में ब्लूटूथ के जरिए कॉल कर सकते हैं। इसके साथ आगामी टेक्नो फोन में ब्रांड का Ella AI असिस्टेंट होगा। जो हिंदी, मराठी, गुजराती, तमिल और बांग्ला जैसी भारतीय भाषाओं का सपोर्ट करेगा। जबकि AI फीचर्स में Circle to Search और AI Writing Assistant भी शामिल किए जाएंगे।
बताते चलें कि पूर्व मॉडल Spark Go 2 मॉडल की तुलना में नया Spark Go 5G कई अपग्रेड से लैस लग रहा है। जहां पुराने मॉडल में 4G कनेक्टिविटी और 5,000mAh बैटरी मिली थी। वहीं, नए मॉडल में 5G सपोर्ट और 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी जा रही है। हालांकि डिस्प्ले, प्रोसेसर और कैमरा डिटेल्स अभी नहीं बताई गई हैं। इनके आने के बाद और भी अपग्रेड का पता चल सकेगा।
अगर आपका बजट 10,000 रुपये से कम है और आप 5G कनेक्टिविटी, बड़ी बैटरी और स्लिम डिजाइन की इच्छा रखते हैं हैं तो Tecno Spark Go 5G आपके लिए एक अच्छा विकल्प बन सकता है। हालांकि, जो ग्राहक हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग, हाई-रिफ्रेश रेट स्क्रीन या एडवांस कैमरा सेटअप की तलाश में हैं वे थोड़ा निराश हो सकते हैं।
कुल मिलाकर देखा जाए तो अपकमिंग Tecno Spark Go 5G एक बजट 5G फोन के तौर पर मार्केट में आने वाला है। वहीं, अब देखना होगा कि लॉन्च के दिन इसके बाकी फीचर्स और कीमत क्या रहती है। हम आपको 14 अगस्त के दिन डिवाइस की फुल डिटेल्स देंगे।











