
दिवाली की धमक के बीच मोबाइल कंपनियां टेक मंच पर कई धमाकेदार स्मार्टफोन लेकर आ रही है। भारत तो रोशनी के जश्न में डूबा है और इसीलिए ये नए फोन इंडिया से बाहर चाइना में पेश किया जा रहा है। 20 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच हाईएंड स्पेसिफिकेशन्स से लैस कई फ्लैगशिप स्मार्टफोन चीन में लॉन्च होंगे। इस सप्ताह लॉन्च होने वाले मोबाइल की डिटेल्स और अपकमिंग फोन की लॉन्च डेट आप आगे पढ़ सकते हैं।
iQOO 15
लॉन्च डेट – 20 अक्टूबर
आइकू 15 20 अक्टूबर को चीन में लॉन्च होगा। यह मोबाइल क्वालकॉम के सबसे पावरफुल प्रोसेसर Snapdragon 8 Elite Gen 5 पर लाया जाएगा जिसके साथ मोबाइल गेमिंग के लिए खास Q3 गेमिंग चिप भी दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस स्मार्टफान में 8K VC डोम कूलिंग सिस्टम भी दिया जा सकता है। खबर उड़ रही है कि iQOO 15 का वीसी हीट सिंक iPhone 17 Pro Max के मुकाबले तीन गुना बड़ा हो सकता है।
आइकू 15 5जी फोन में 2K रिजॉल्यूशन पर 144fps गेमिंग का सपोर्ट मिल सकता है। इस स्मार्टफोन में 6.85-इंच 2K 8T LTPO Samsung “Everest” स्क्रीन दी जा सकती है जिसपर 144Hz रिफ्रेश रेट और 6000nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिल सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन को 7,000mAh से से भी बड़ी बैटरी पर लाया जा सकता है जिसके साथ वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी मिल सकता है।
iQOO Neo 11
लॉन्च डेट – 20 अक्टूबर
आइकू 15 के साथ ही आइकू नियो 11 भी 20 अक्टूबर को चाइना में पेश किया जा सकता है। इस स्मार्टफोन को क्वालकॉम के ही Snapdragon 8 Elite चिपसेट पर लाया जा सकता है जो पिछले साल पेश हुआ था। इसके साथ ही स्मार्टफोन में 16जीबी तक की रैम और 512जीबी स्टोरेज दी जा सकती है। यह आइकू मोबाइल एंड्रॉयड 16 आधारित लेटेस्ट OriginOS 6 पर लॉन्च हो सकता है।
iQOO Neo 11 में BOE Q10+ OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट वाली 2K स्क्रीन मिल सकता है जिसे AR एंटी-रिफ्लेक्शन और एंटी-ग्लेयर प्रोटेक्शन फिल्म से लैस किया जा सकता है। पावर बैकअप के नियो 11 5जी फोन को तगड़ी 7,500mAh बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है।
realme GT 8
लॉन्च डेट – 21 अक्टूबर
यह रियलमी फोन 21 अक्टूबर को चीन में लॉन्च होगा जिसमें क्वालकॉम Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर मिल सकता है। पावरफुल प्रोसेसर के साथ ही इसमें 16GB RAM + 1TB Storage मिल सकती है। लीक के अनुसार रियलमी जीटी 8 स्मार्टफोन 6.78-इंच की 2K स्क्रीन पर लॉन्च किया जाएगा। यह फ्लैट डिस्प्ले होगी जिसपर 144Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिल सकता है।
realme GT 8 के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल मेन ओआइएस सेंसर, 50 मेगापिक्सल पेरिस्कोप लेंस और 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस दिया जा सकता है। वहीं फ्रंट पर 50 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर मिल सकता है। पावर बैकअप के लिए इसे 7000mAh बैटरी से लैस किया जा सकता है। वहीं साथ ही स्मार्टफोन में 100W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी जा सकती है।
realme GT 8 Pro
लॉन्च डेट – 21 अक्टूबर
यह मोबाइल 21 अक्टूबर को चाइना में पेश होगा जो कंपनी की ‘जीटी’ सीरीज का सबसे पावरफुल फोन बनने जा रहा है। इसे क्वालकॉम के सबसे नए और पावरफुल मोबाइल चिपसेट Snapdragon 8 Elite Gen 5 पर लॉन्च किया जाएगा। साथ ही इसमें GT BOOST 3.0 टेक्नोलॉजी दी जाएगी। कंपनी के अनुसार इस रियलमी फोन में BGMI और Genshin Impact को एक साथ खेला जा सकेगा और दोनों में ही हाई फ्रेम रेट मिलेगी।
फोटोग्राफी के लिए इसमें Ricoh Imaging कैमरा मिलेगा। इसमें 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा के साथ दो अन्य 50 मेगापिक्सल के सेंसर मिलेंगे। इसमें 3x ऑप्टिकल जूम और 12x लॉसलेस जूम का सपोर्ट भी मिल सकता है। पावर बैकअप के लिए realme GT Pro 8 को 7000mAh बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं चार्जिंग के लिए इसमें 120W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग दी जा सकती है।
Redmi K90 Pro Max
लॉन्च डेट – 23 अक्टूबर
रेडमी के90 प्रो मैक्स 23 अक्टूबर को लॉन्च होगा। यह स्मार्टफोन सबसे पहले चीन में लाया जाएगा जो बाद में POCO ब्रांड के तहत इंडिया में लाया जा सकता है। परफॉर्मेंस के लिए इसे Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। गीकबेंच पर यह स्मार्टफोन 16GB RAM से लैस दिखाया जा चुका है। वहीं बेस वेरिएंट को 12GB RAM पर लॉन्च किया जा सकता है। बेस वेरिएंट में 256GB और टॉप वेरिएंट में 1TB मेमोरी मिल सकती है।
लीक्स के अनुसार इसे 7,500mAh बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 100W फास्ट चार्जिंग के साथ 50W वायरलेस चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी दी जा सकती है। फोटोग्राफी के लिए रेडमी के90 प्रो मैक्स में 50 मेगापिक्सल LYT950 OIS सेंसर के साथ 50 मेगापिक्सल अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस और 50 मेगापिक्सल Samsung JN5 पेरिस्कोप टेलीफोटो सेंसर देखने को मिल सकता है।
























