
स्मार्टफोन बाजार में बड़ी बैटरी का ट्रेंड सर चढ़कर बोल रहा है। इससे पहले भी कुछ फ़ोन 10,000mAh या इससे ज्यादा बैटरी के साथ आ चुके है। इसी बीच लेटेस्ट लीक के मुताबिक, Vivo एक ऐसे नए स्मार्टफोन की टेस्टिंग कर रहा है, जिसमें 12,000mAh तक की बड़ी बैटरी दी जा सकती है। अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल प्रोडक्शन तक पहुंचता है, तो कंपनी बैटरी क्षमता के मामले में इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकती है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
माइक्रो ब्लॉग्गिंग साइट वीबो पर टिप्स्टर Digital Chat Station ने दावा किया है कि Vivo जिस डिवाइस पर काम कर रही है, उसमें 4.53V सिंगल-सेल सिलिकॉन बैटरी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी रेटेड क्षमता 10,000mAh बताई गई है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार इसकी टिपिकल क्षमता 11,000mAh से 12,000mAh के बीच हो सकती है। जिसका मतलब है की फोन में पावर बैंक से ज्यादा बैकअप मिल सकता है।
यदि ऐसा होता है तो यह बैटरी मौजूदा स्मार्टफोंस के मुकाबले कहीं ज्यादा लंबा बैकअप दे सकती है। सिलिकॉन बैटरी टेक्नोलॉजी की मदद से ज्यादा एनर्जी डेंसिटी हासिल की जा सकती है, जिससे बड़ी बैटरी के बावजूद फोन का डिजाइन बहुत मोटा नहीं होता है। हालांकि फिलहाल इसके डिजाइन या वजन को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पिछले कुछ वर्षों में बैटरी कैपेसिटी में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। जहां 5,000mAh अब लगभग स्टैंडर्ड बन चुका है, वहीं चीन में 7,000mAh से 8,000mAh तक की बैटरी वाले स्मार्टफोन भी आम होते जा रहे हैं। इससे पहले Honor और Realme 10,000mAh बैटरी वाले मॉडल बाजार में पेश कर चुके हैं। ऐसे में Vivo के बारे में आई इस जानकारी से लगता है कि इस रेस में ब्रांड आगे निकल सकता है।
लीक में अन्य कंपनियों का जिक्र भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि Xiaomi भी बड़ी बैटरी वाले डिवाइस पर विचार कर रही है, हालांकि अभी यह शुरुआती प्लान है। दूसरी ओर Vivo की फ्लैगशिप सीरीज के इस साल 9,000mAh तक पहुंचने की संभावना कम बताई गई है, लेकिन इसकी सब-ब्रांड iQOO के कुछ अपकमिंग मॉडल्स में 9,000mAh बैटरी मिलने की बात पर जोर दिया गया है।
फिलहाल यह पूरी जानकारी लीक पर आधारित है और आगामी Vivo डिवाइस अभी टेस्टिंग फेज में बताया गया है। इसका मतलब है कि स्पेसिफिकेशन बदल भी सकते हैं साथ ही लॉन्च में समय लग सकता है। आने वाले महीनों में इसको लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। हम आपको अपडेट करेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।












