
Vivo ने चीन में अपनी Y-series का विस्तार कर दिया है। इसके तहत Vivo Y50s 5G और Vivo Y50e 5G स्मार्टफोंस आधिकारिक तौर पर लॉन्च हुए हैं। कंपनी ने इन दोनों डिवाइस को उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बाजार में उतारा है, जो लंबी बैटरी लाइफ, अच्छा परफॉरमेंस और 5G कनेक्टिविटी चाहते हैं। इनमें एक जैसे डिजाइन और प्रमुख फीचर्स हैं। हालांकि चार्जिंग स्पीड और स्टोरेज ऑप्शंस के मामले में ये अलग हैं। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
कीमत और उपलब्धता की बात करें तो चीन में Vivo Y50e 5G के 6GB+128GB मेमोरी वैरियंट की कीमत 1,499 युआन रखी गई है, जो भारतीय करेंसी में करीब 19,330 रुपये है। वहीं, Vivo Y50s 5G की शुरुआती कीमत 1,799 युआन यानी करीब 23,199 रुपये है, जो इसके 6GB+256GB स्टोरेज के लिए रखी गई है। यह फोन 8GB+256GB और 12GB+256GB ऑप्शन में भी उपलब्ध है। दोनों ही स्मार्टफोन Diamond, Sky Blue और Platinum कलर ऑप्शन में Vivo के ऑफिशियल चैनल्स के जरिए सेल होंगे।
डिस्प्ले की बात करें तो Vivo Y50s 5G और Vivo Y50e 5G में 6.74-इंच का फ्लैट LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो HD+ रिजॉल्यूशन, 20:9 आस्पेक्ट रेशियो और 90Hz रिफ्रेश रेट दे सकता है। दोनों ही स्मार्टफोन IP64 रेटिंग के साथ आते हैं, जिससे ये डस्ट और हल्के पानी के छींटों से सुरक्षित रह सकते हैं। फोन का साइज और वजन भी एक जैसा रखा गया है।
परफॉरमेंस के लिए Vivo ने दोनों फोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर का उपयोग किया है। जो रोज के इस्तेमाल, सोशल मीडिया और हल्की गेमिंग के लिए अच्छा लग सकता है। इनमें Vivo Y50e 5G को 6GB रैम और 128GB eMMC 5.1 स्टोरेज के साथ लॉन्च किया गया है। जबकि Vivo Y50s 5G प्रीमियम ऑप्शन के तौर पर आया है, जिसमें 6GB, 8GB और 12GB रैम के साथ 256GB तक का UFS 2.2 स्टोरेज दिया गया है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो ये दोनों स्मार्टफोन Android 15 पर आधारित OriginOS 5 पर काम करते हैं। कैमरा सेटअप में फ्रंट में 5MP का सेल्फी कैमरा और रियर में 13MP का ऑटोफोकस कैमरा दिया गया है, जो 1080p वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर भी है।
बैटरी दोनों मोबाइल्स की बड़ी ताकत है। क्योंकि Vivo Y50s 5G और Vivo Y50e 5G में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो लंबे समय तक चल सकती है। हालांकि चार्जिंग स्पीड में फर्क देखने को मिलता है, जहां Y50e 5G 15W चार्जिंग सपोर्ट है, वहीं Y50s 5G में 44W फास्ट चार्जिंग दी गई है। यही नहीं दोनों ही फोन OTG रिवर्स चार्जिंग को भी सपोर्ट करते हैं।
कनेक्टिविटी और अन्य फीचर्स की बात करें तो इन वीवो मोबाइल्स में डुअल सिम सपोर्ट, 5G, Wi-Fi, Bluetooth 5.4, मल्टी-सिस्टम GPS, USB Type-C पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक और इंफ्रारेड रिमोट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए है।
Vivo Y50e 5G उन यूजर्स के लिए बेहतर ऑप्शन है, जिन्हें बेसिक 5G स्मार्टफोन चाहिए है। जिसमें बड़ी बैटरी और स्टेबल परफॉरमेंस मिले, लेकिन फास्ट चार्जिंग उनकी प्राथमिकता न हो। वहीं, Vivo Y50s 5G उन ग्राहकों को टारगेट कर सकता है जो ज्यादा स्टोरेज, फास्ट चार्जिंग के साथ बढ़िया परफॉरमेंस वाला फोन लेना चाहते हैं।
Vivo Y50s 5G और Y50e 5G का मुकाबला Redmi Note 14 5G, Realme 15T और Moto G85 जैसे मोबाइल्स से हो सकता है यदि आपकी पसंद लंबी बैटरी लाइफ और सामान्य 5G है, तो Vivo Y50e 5G अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। वहीं, अगर आप फास्ट चार्जिंग, ज्यादा स्टोरेज और थोड़ा ज्यादा पावरफुल अनुभव चाहते हैं, तो Vivo Y50s 5G ले सकते हैं। ऐसी ही और टेक जानकारी के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।











